हाथरस – मालिन गली ओसवाल चौक स्थित धर्म भवन पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव कल दिनांक 29 जुलाई दिन बुधवार को बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जायेगा । नगर के प्रकाण्ड विद्धान व धर्मगुरु धर्माचार्य प० सुरेश चन्द्र मिश्र के आवास पर शिष्य- शिष्याओं द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े ही भव्यता के साथ मनाया जायेगा । सुबह 09:00 बजे से धर्म भवन पर शिष्य- शिष्यओं द्वारा परम पूज्य गुरुदेव स्व० सुरेश चन्द मिश्र की भव्य व दिव्य छवि चित्र की पूजा अर्चना कर आर्शीवाद प्राप्त करेगें ।
हाथरस। मेरा युवा भारत केंद्र (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) हाथरस द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जनपद के युवाओं से 30 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में आठ विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें गायन एवं रैप, नृत्य, स्लैम पोएट्री, नुक्कड़ नाटक, शॉर्ट फिल्म/रील मेकिंग, पेंटिंग, वाद-विवाद तथा ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर नारा लेखन प्रतियोगिता शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के इच्छुक 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा MY BHARAT पोर्टल पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद हाथरस के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं।लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक रामवीर शर्मा ने बताया कि पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रतियोगिताओं का जिला स्तरीय आयोजन संबंधित विधाओं के अनुसार शीघ्र कराया जाएगा। जिला स्तरीय विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उन्हें लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में जनपद एवं प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।
विश्व हिन्दू परिषद की दो दिवसीय प्रान्त बैठक 25 एवं 26 जुलाई को सिकंदरा आगरा में स्थित डॉ. एम.पी.एस. इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज में सम्पन्न हुई। बैठक में विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय मंत्री आदरणीय दिनेश उपाध्याय एवं क्षेत्र संगठन मंत्री आदरणीय मुकेश खांडेकर सहित ब्रज प्रान्त के प्रान्त संगठन मंत्री आदरणीय राजेश जी का मार्गदर्शन एवं पाथेय प्राप्त हुआ। बैठक में संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती तथा श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी छह माह के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन विस्तार एवं समाज जागरण से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक में निर्णय लिया गया कि नवंबर-दिसंबर माह में ‘हिन्दू हित चिंतक अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से जिला, प्रखंड, खंड, उपखंड एवं ग्राम समिति स्तर तक पहुंचकर अधिक से अधिक हिन्दू हित चिंतकों को संगठन से जोड़ा जाएगा। इसी क्रम में हाथरस जनपद में 25,000 हिन्दू हित चिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला एवं समस्त प्रखंड कार्यकारिणियों ने इस लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक के दौरान संगठनात्मक दायित्वों में भी परिवर्तन किए गए। बहन श्रीमती कनक खंडेलवाल को जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। वहीं बहन महक रावत को विभाग सह संयोजिका, दुर्गा वाहिनी तथा बहन प्रियांशी को जिला संयोजिका, दुर्गा वाहिनी का दायित्व प्रदान किया गया। प्राप्त बैठक में हाथरस जनपद से जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल जिला उपाध्यक्ष डॉ अमित भार्गव जिला संयोजक बजरंग दल अनमोल अग्निहोत्री विभाग संयोजक बजरंग दल हर्षित गॉड गौरव प्रजापति जिला सह मंत्री अमरदीप एवं पवन वार्ष्णेय जिला सहसंयोजक बजरंग दल लकी शर्मा जिला सुरक्षा प्रमुख शिवम मुकेश सूर्यवंशी विद्या भूषण जी राय सिंह विभाग संगठन मंत्री उमाकांत जी जिला संगठन मंत्री देवराज जी विजय प्रताप शिवा राणा महक रावत प्रियांशी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को और अधिक सशक्त एवं समाजहित में सक्रिय बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
हाथरस-आर्य समाज मुरसान द्वार पर प्रति रविवार को होने वाले सीनियर सिटीजन एवं वृद्धजन एवं विधवा विधुर बन्धुओं का साप्ताहिक समागम सम्मान समारोह आज दिनांक 26 जुलाई 2026 को बड़े ही हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया,, प्रभु धाम गमन जीवनसाथी अब वह संग नहीं वृद्धावस्था में जीवन का अब वह रंग नहीं जवानी वापस नहीं आती बुढ़ापे की जिंदगी कट नहीं पाती काश हम कुछ कर पाते,, इसी प्रेरणा स्रोत के वाक्य के साथ उक्त कार्यक्रम आचार्य श्री दिनेश अग्निहोत्री पुरोहित जी के सानिध्य में वैदिक हवन प्रवचन भजन उपदेश के माध्यम से बहुत ही सुंदर भक्त ह्रदय स्पर्शी कार्यक्रम का शुभारंभ आर्य समाज मुरसान द्वार में प्रधान सी राजकुमार गुप्ता आर्य की अध्यक्षता में प्रारंभ हुआ जिसका संचालन मंत्री राजीव आर्य ने सुचारू पूर्वक किया कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रमुख समाजसेवी श्री पुरुषोत्तम राठी एवं फैम जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि अनिल अग्रवाल सेवा भारती थे आर्य पदम वर्मा आचार्य दिनेश अग्निहोत्री राजकुमार गुप्ता राजीव आर्य सुरेश अग्रवाल द्वारा द्वारा सामाजिक संदेश उपदेश एवं प्रवचन व्यक्त किये पुरोहित दिनेश जी अग्निहोत्री द्वारा सभी आर्य बन्धुओं सामान्यत: वृद्धजन एवंविधवा विधुर जन से अनुरोध किया
कार्यक्रम में प्रत्येक रविवार को आने का अनुरोध करते हुए कहा कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के प्रचार प्रसार बच्चों में संस्कार नियुक्त श्रेष्ठ भावनाओं का विकास हो सके एवं भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को बढ़ाने हेतु समाज में संगठित होना अति आवश्यक है क्योंकि पश्चिमी सभ्यता हमारे समाज पर बड़ी तेजी से हावी हो रही है अपने उद्बोधन में उन्होंने अपने पूर्वजों ऋषि मुनियों के बताएं मार्ग पर चलने का आह्वान किया कार्यक्रम में मुख्य व्यवस्थापक आर्य दिनेश कुलश्रेष्ठ आचार्य बनवारी लाल गोस्वामी श्रीमतीमंजू आर्य आर्य रवि कुलश्रेष्ठ आयुष आर्य भीकचंद वाष्णैय सुनील वाष्णैय गोपाल अग्निहोत्री वीरपाल कर्णावत संजीव अग्रवाल बॉबी लाला मनोज आर्या तुलाराम सुमन संजीव सिन्हा आदि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया प्रमुख उद्योगपति समाजसेवी श्री कृष्ण अरोड़ा (काका बाबूजी) ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया
हाथरस। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रज प्रांत प्रभारी तौकीर आलम के हाथरस आगमन पर रविवार को पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथरस सीमा पर भव्य काफिले के साथ उनका स्वागत किया। इसके उपरांत कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आगरा रोड स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु एवं चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर आयोजित संगठन समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रज प्रांत प्रभारी तौकीर आलम ने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का बलिदान भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव शहीदों के सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष करती रही है। संगठन की मजबूती ही जनता की आवाज को बुलंद करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जनता के बीच रहकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करना होगा।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व प्रदेश सचिव तथा पूर्व जिला प्रभारी प्रकाश निधि गर्ग ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण का इतिहास रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए। संगठन जितना मजबूत होगा, लोकतंत्र उतना ही सशक्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम एवं पूर्व प्रदेश सचिव प्रकाश निधि गर्ग का शॉल ओढ़ाकर तथा शहीदों के छवि-चित्र भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके सम्मान में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता शहीदों के आदर्शों एवं संविधान की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगा तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लेकर जनता के बीच निरंतर कार्य करेगा।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य बीना गुप्ता एडवोकेट, महिला शहर अध्यक्ष आमना बेगम, ब्लॉक अध्यक्ष मुरसान काजल चौधरी, पंडित भोले शंकर, सत्यम वशिष्ठ, यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष निखिल वर्ती पाठक, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश सचिव ठाकुर आकाश सिंह, जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह, शहर अध्यक्ष अजय चौधरी, शिक्षा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश महासचिव पंडित अविनाश चंद पचौरी, नावेद खान, हसीन खान, चौधरी उदल सिंह, मुन्नालाल शर्मा, श्यामसुंदर शर्मा, पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह, पौरुष, महाराज सिंह, चौधरी पुनीत पाठक, सारिक वारसी, पंडित संतोष शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा, पंडित ऋषि कुमार कौशिक, अब्दुल खान, मुन्ना, कैलाश कुमार, कपिल नरूला, विष्णु कुमार, मोहम्मद तौसीफ, अग्निहोत्री, संतोष उपाध्याय, पन्नालाल, संजय, कप्तान, आसिफ अली सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
हाथरस।उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में कार्यरत नियमित एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के शिक्षकों, स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों, राज्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत नियमित एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के शिक्षकों तथा उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को सरकारी चिकित्सालयों के साथ-साथ निजी चिकित्सालयों में भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल की है।
इसी क्रम में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, हाथरस में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के 20 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र ने शिक्षकों को कार्ड प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ हुए अनुबंध के संबंध में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, प्रधानाचार्यों तथा शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन एवं शिक्षा क्षेत्र में विगत नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों के कल्याण के लिए निरंतर जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनके माध्यम से समाज को संस्कार, ज्ञान एवं नैतिक मूल्यों से युक्त नई पीढ़ी मिलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हितों में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि कैशलेस स्वास्थ्य योजना शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों को बेहतर, सुलभ एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी आपात परिस्थितियों में कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक और मानसिक संबल प्रदान करेगी। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा एवं योजना की विस्तृत जानकारी कुरसंडा महाविद्यालय, सादाबाद की प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. मृदुला गौतम ने प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया है कि भारतीय डाक विभाग, अलीगढ़ मंडल द्वारा जनपद हाथरस में आधार संबंधी सेवाओं को सुगम एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से 27 से 29 जुलाई, 2026 तक विकास भवन परिसर, में विशेष आधार नामांकन एवं अपडेट शिविर का आयोजन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि उक्त विशेष शिविर में आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल, बायोमेट्रिक सहित अन्य आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन संबंधी कार्य किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि जिन व्यक्तियों को आधार नामांकन अथवा आधार अद्यतन कराना है, वे निर्धारित तिथियों में विकास भवन परिसर, पहुंचकर इस विशेष शिविर का लाभ उठाएं।
हाथरस। श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ हाथरस-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हतीसा बाईपास से आगरा जनपद की सीमा तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगला भुस चौराहा पर हाई मास्क लाइट स्थापित कराने तथा पार्क की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस को निर्देशित किया कि ढाबों के बाहर खड़े होने वाले वाहनों को सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा न होने दिया जाए, बल्कि उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सादाबाद तहसील क्षेत्र स्थित चौधरी चरण सिंह तिराहे पर हाई मास्क लाइट लगाने, कोटा-कपूरा चौराहा एवं कुरसंडा मोड़ पर प्रभावी बैरीकेटिंग कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट सहित सभी आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए पृथक लेन तैयार करते हुए सैंड बैग लगाए जाएं तथा उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई जाए, ताकि रात्रिकालीन यात्रा के दौरान भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगाए जाने वाले सभी शिविर निर्धारित दूरी पर ही स्थापित किए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रत्येक शिविर में पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत विद्युत पोलों को आवश्यकतानुसार पॉलिथीन से कवर कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक बिंदु पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, उप जिलाधिकारी हाथरस एवं सादाबाद, जिला पंचायत राज अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, एनएचएआई के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हाथरस। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा के साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्कूली वाहन का निरीक्षण कर वाहन की सुरक्षा व्यवस्थाओं, आवश्यक दस्तावेजों तथा बच्चों के सुरक्षित आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने वाहन के अंदर स्कूली बच्चों से संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों से कहा कि यात्रा के दौरान हमेशा बस की निर्धारित सीट पर बैठकर ही सफर करें तथा चलती बस में इधर-उधर न घूमें, थोड़ी-सी सावधानी किसी भी दुर्घटना से बचा सकती है। उन्होंने बस चालक एवं परिचालक को भी निर्देशित किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा वाहन का संचालन निर्धारित गति सीमा एवं सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किया जाए। उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क पर अनुशासन बनाए रखने, वाहन में चढ़ते-उतरते समय सावधानी बरतने तथा चालक के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
हाथरस। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर जनपद की 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंतिम नोटिस जारी किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 जुलाई तक पात्र गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित नहीं किया गया तो संबंधित कार्यकर्ताओं के मानदेय पर रोक लगाने तथा आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रथम बार गर्भवती महिला को दो किस्तों में ₹5,000 तथा दूसरी बार गर्भधारण पर बालिका के जन्म होने पर एकमुश्त ₹6,000 की सहायता राशि सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। जनपद स्तर पर समीक्षा के दौरान पाया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्र के किसी भी पात्र लाभार्थी का पंजीकरण नहीं कराया है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में इन सभी को अंतिम चेतावनी जारी की गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जनपद की सभी पात्र गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर योजना के तहत शीघ्र पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके। साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र के सभी पात्र लाभार्थियों का 31 जुलाई तक पंजीकरण सुनिश्चित करें। सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निर्धारित समय सीमा तक कार्य नहीं करती हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए 30 जुलाई तक पत्रावली प्रेषित की जाए।