Breaking News
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण

हाथरस। श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ हाथरस-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हतीसा बाईपास से आगरा जनपद की सीमा तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगला भुस चौराहा पर हाई मास्क लाइट स्थापित कराने तथा पार्क की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस को निर्देशित किया कि ढाबों के बाहर खड़े होने वाले वाहनों को सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा न होने दिया जाए, बल्कि उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सादाबाद तहसील क्षेत्र स्थित चौधरी चरण सिंह तिराहे पर हाई मास्क लाइट लगाने, कोटा-कपूरा चौराहा एवं कुरसंडा मोड़ पर प्रभावी बैरीकेटिंग कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट सहित सभी आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए पृथक लेन तैयार करते हुए सैंड बैग लगाए जाएं तथा उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई जाए, ताकि रात्रिकालीन यात्रा के दौरान भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगाए जाने वाले सभी शिविर निर्धारित दूरी पर ही स्थापित किए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रत्येक शिविर में पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत विद्युत पोलों को आवश्यकतानुसार पॉलिथीन से कवर कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक बिंदु पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, उप जिलाधिकारी हाथरस एवं सादाबाद, जिला पंचायत राज अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, एनएचएआई के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page