Breaking News
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में लापरवाही पर 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंतिम चेतावनी

हाथरस। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर जनपद की 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंतिम नोटिस जारी किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 जुलाई तक पात्र गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित नहीं किया गया तो संबंधित कार्यकर्ताओं के मानदेय पर रोक लगाने तथा आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रथम बार गर्भवती महिला को दो किस्तों में ₹5,000 तथा दूसरी बार गर्भधारण पर बालिका के जन्म होने पर एकमुश्त ₹6,000 की सहायता राशि सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।
जनपद स्तर पर समीक्षा के दौरान पाया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्र के किसी भी पात्र लाभार्थी का पंजीकरण नहीं कराया है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में इन सभी को अंतिम चेतावनी जारी की गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जनपद की सभी पात्र गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर योजना के तहत शीघ्र पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके।
साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र के सभी पात्र लाभार्थियों का 31 जुलाई तक पंजीकरण सुनिश्चित करें। सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निर्धारित समय सीमा तक कार्य नहीं करती हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए 30 जुलाई तक पत्रावली प्रेषित की जाए।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page