Breaking News
ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग ,मुरसान में प्रधान संगठन की हुई बैठक

हाथरस। जनपद हाथरस के मुरसान विकास खंड कार्यालय पर अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले क्षेत्रीय ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत चुनाव, ग्राम विकास कार्यों और प्रधानों के अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि यदि पंचायत चुनाव समय पर नहीं कराए जाते हैं, तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए।

प्रधान संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन विकास खंड अधिकारी, मुरसान को सौंपा गया। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि चुनाव में देरी होती है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित होंगे और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाना जरूरी है।

बैठक में मौजूद प्रधानों ने एकजुट होकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की रणनीति बनाई। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायतें गांवों के विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और यदि प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो जाता है, तो गांवों में चल रही योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।

प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष राजकुमार प्रधान ने सभी प्रधानों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को आगे आना होगा। बैठक में बड़ी संख्या में प्रधान मौजूद रहे और सभी ने संगठन की मांग का समर्थन किया।

ओबीसी बेरोजगार युवाओं को ‘ओ-लेवल’ व ‘सीसीसी’ कंप्यूटर प्रशिक्षण, आवेदन तिथियां घोषित

हाथरस। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने जानकारी देते हुये बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे बेरोजगार युवक/युवतियों, जिनकी न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट उत्तीर्ण है तथा जिनके माता-पिता/अभिभावकों की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय ₹1,00,000 तक है, को रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ पाठ्यक्रमों में कराया जाएगा।
इच्छुक प्रशिक्षणदायी संस्थाएं 20 मई 2026 से 03 जून 2026 तक तथा प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट https://backwardwelfare.up.gov.in⁠
तथा योजना पोर्टल https://obccomputertraning.upsdc.gov.in⁠
पर उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन आवेदन के उपरांत प्रशिक्षणदायी संस्थाओं को आवेदन-पत्र की हस्ताक्षरित हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 03 जून 2026 सायं 05:00 बजे तक तथा अभ्यर्थियों को आवेदन-पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक संलग्नकों सहित 10 जुलाई 2026 सायं 05:00 बजे तक कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, कक्ष संख्या 208, विकास भवन, जनपद हाथरस में जमा कराना अनिवार्य होगा।
योजना के अंतर्गत संस्थाओं का चयन निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा तथा अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा।
अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी एवं संस्थाएं विभागीय पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।

हाथरस में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर भर्ती शुरू , 13 ग्राम पंचायतों में रिक्त पद

हाथरस। जिला पंचायतराज अधिकारी ने अवगत कराया है कि जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ की जा रही है। जनपद की कुल 13 ग्राम पंचायतों में ये पद रिक्त हैं।
रिक्त ग्राम पंचायतें इस प्रकार हैं:
विकास खण्ड हाथरस: बरोली, लाखनू, मझोला, शहजादपुर
विकास खण्ड मुरसान: अहरई, रामगढ़, संगीला नगला बरी
विकास खण्ड सादाबाद: कंजोली, नगला कली, कुरसण्डा
विकास खण्ड सासनी: खेड़ा फिरोजपुर, अलीपुर ता दरियापुर
विकास खण्ड सहपऊ: मढ़ापिथू
भर्ती प्रक्रिया अपर मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी, जिसके लिए विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी गई है।
महत्वपूर्ण तिथियाँ
20–23 मई 2026: ग्राम पंचायतों में सूचना पट्ट व मुनादी द्वारा आवेदन आमंत्रण की सूचना
25–30 मई 2026: आवेदन पत्र जमा करने की अवधि (जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय/विकास खण्ड/संबंधित ग्राम पंचायत)
01–02 जून 2026: प्राप्त आवेदन संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जाएंगे
03–08 जून 2026: ग्राम पंचायत स्तर पर मेरिट सूची तैयार कर जिला स्तरीय समिति को प्रेषण
09–15 जून 2026: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अभिलेख परीक्षण व संस्तुति
16–18 जून 2026: चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी
इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों में आवेदन करने का आग्रह किया गया है।

आगरा -अलीगढ रोड के निर्माण/विस्तारीकरण हेतु एसडीएम तथा एनएचएआई टीम भ्रमण कर कब्जा संबंधी अवशेष कार्यो का पूर्ण करे

हाथरस । एन0एच0ए0आई0 संख्या-509 (आगरा अलीगढ) के निर्माण/विस्तारीकरण हेतु अधिग्रहीत भूमि के सम्बन्ध में प्रतिकर भुगतान तथा भूमि पर कब्जा परिवर्तन/दिलाए जाने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार बैठक आयोजित की गईं।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लम्बित कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिससे राजमार्ग का निर्माण कार्य समय से पूर्ण किया जा सके और आमजन को लाभ मिल सके। इस दौरान उन्होंने मार्ग में तहसीलवार आने वाले क्षेत्र के सम्बन्ध में विस्तार पूर्वक समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी तथा एनएचएआई टीम को सयुक्त रूप से भ्रमण कर कब्जा संबंधी अवशेष कार्यो का पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिग्रहित भूमि के पात्र किसानों/भू-स्वामियों को प्रतिकर का भुगतान पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में किसी प्रकार की आपत्ति या विवाद लंबित है, उनका त्वरित समाधान कराते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना प्रभावित न हो। उन्होंने एन0एच0ए0आई0 एवं संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, वहां तत्काल प्रभाव से भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, सादाबाद, सासनी, पटल लिपिक, प्रभारी अधिकारी एनएचएआई आदि उपस्थित रहे।

केमिकल्स हींग फैक्ट्री में लगी भीषण आग ,भारी नुकसान की संभावना

हाथरस । केमिकल्स हींग फैक्ट्री में आज सुबह भीषण आग लग गई। माना जा रहा है कि यह आग विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग से भारी नुकसान की संभावना जताई जा रही है। आग से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जनकारी के अनुसार अलीगढ़ रोड पर नवींपुर को जाने वाले रास्ते पर स्थित श्रीजी केमिकल्स हींग फैक्ट्री है। सुबह स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री से आग की लपटें उठती देखी। स्थानीय लोगों ने पहले स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर फायर स्टेशन को सूचना दी गई। इसी बीच फैक्ट्री स्वामी को भी इसकी सूचना दी गई। फैक्ट्री स्वामी भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। यह फैक्ट्री बैंक भवन के सामने, नवीपुर को जाने वाले रास्ते पर स्थित है। आग बुझने के बाद आसपास के क्षेत्र में फैले डर का माहौल समाप्त हुआ। इस दौरान लोगों को यह डर सताता रहा कि कहीं आग और ज्यादा विकराल रूप में धारण कर ले।

शिक्षकों के समायोजन संबंधी समस्याओं के समाधान एवं प्रक्रिया को स्वैच्छिक बनाए जाने की मांग

हाथरस। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने शिक्षकों के समायोजन संबंधी समस्याओं के समाधान एवं प्रक्रिया को स्वैच्छिक बनाए जाने की मांग को लेकर सोमवार को बेसिक शिक्षा विभाग की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि समायोजन प्रक्रिया में कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आ रही हैं, जिनका समाधान किया जाना आवश्यक है। संगठन ने मांग की कि समायोजन पूरी तरह स्वैच्छिक रखा जाए ताकि किसी शिक्षक को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।महासंघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से चार मांगें रखी गईं। इनमें समायोजन को स्वैच्छिक किए जाने, पदों की गणना के दौरान प्रधानाध्यापक को सहायक अध्यापक के साथ न जोड़े जाने, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के विषय विवरण को सही किए जाने के बाद ही समायोजन लागू करने तथा एआरपी को समायोजन प्रक्रिया से मुक्त रखने की मांग शामिल रही।इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी शिक्षक को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समायोजन प्रक्रिया को यथासंभव विकल्प के आधार पर संपन्न कराया जाएगा, जिससे शिक्षकों की समस्याओं का समाधान हो सके। ज्ञापन सौंपने के अवसर पर जिला अध्यक्ष रविकांत मिश्रा, जिला महामंत्री डॉ. संजय गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमल शर्मा, जिला संगठन मंत्री लक्ष्मण सिंह, मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, सासनी ब्लॉक अध्यक्ष मनोज शर्मा, सहपऊ ब्लॉक अध्यक्ष अजीत राना, सिकंदराराऊ ब्लॉक अध्यक्ष तौफीक आलम, सहपऊ ब्लॉक महामंत्री विवेक शर्मा, सिकंदराराऊ ब्लॉक महामंत्री दयाशंकर, नगेन्द्र पचौरी, सचिन चौधरी, मुकुल गुप्ता, कृपाल सिंह, जयकिशन, रेनू कर्दम, पुष्पेंद्र कुमार, मोहन सिंह, महेश चंद्र राकेश,सत्येंद्र आर्य सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण की हुई स्वास्थ्य जाॅच

हाथरस। जे.टी.आर.आई. लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश, हाथरस, विनय कुमार की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय, हाथरस के समस्त अधिकारीगण, कर्मचारियों के सतत सीखने हेतु वातावरण निर्मित किये जाने के उद्देश्य से वीडियो काॅन्फ्रेसिंग कक्ष, जनपद न्यायालय, हाथरस मंे चिकित्सा स्वास्थ्य जाॅच कैम्प का आयोजन जनपद न्यायाधीश विनय कुमार की अध्यक्षता में किया गया है, जिसमें जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण के स्वास्थ्य की जाॅच जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम के नामित डाॅ. मनिक रस्तोगी, लैव टैक्नीशियन, संतोष कुमार, दिलीप कुमार, सपोर्ट स्टाफ, अजीत कुमार एवं सोनू कुमार द्वारा की गयी।

इस अवसर पर जनपद न्यायालय, हाथरस के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, न्यायिक कर्मचारीगण, एवं अधिवक्तागण आदि उपस्थित रहे।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने की स्व-गणना

हाथरस।बभारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को बढ़ावा देते हुए माननीय सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने स्वयं स्व-गणना कर अपनी स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) जनरेट की।

उन्होंने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया से नागरिक स्वयं अपने विवरण सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से दर्ज कर सकते हैं, जिससे समय की बचत होने के साथ-साथ आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी।
जनपदवासियों से अपेक्षा है कि वे जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अन्य लोगों को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक करें।

20 मई को प्रस्तावित बंद में शामिल नही होगा जिला कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसियेशन , दुकानों को खोलने का आह्वान

हाथरस। जिला कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसियेशन की एक प्रेसवार्ता होटल मेफेयर में सम्पन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता एसोशियेसन के जिलाध्यक्ष दाऊदयाल शर्मा ने की एवं संचालन महामंत्री अमित पाराशर ने किया। जिसमें एसोशियेसन के सभी सम्मानित सदस्यों ने एक मत से आनलाइन दवा व्यापार का तो विरोध किया,जो जनहित में नुकसान दायक है। लेकिन इसके विरोध में कुछ स्वयंभू नेताओ व्दारा 20/5/26 को जो बन्द बुलाया गया है, उसका पुरजोर विरोध करते हुये जनहित एवं स्वास्थ्य सेवाओं के मद्देनजर रखते हुये अपने रोजाना के समय से सभी दवा की दुकान खोलने हेतु सभी दुकानदारों से अनुरोध किया है।जिसमे सभी दुकानदारों ने दुकान समय से खोलने का आश्वासन दिया है।।
बैठक में हाथरस नगर से मोहित अग्रवाल प्रदीप मेडीकोज, राजू, मोहनी एण्टरप्राइजेज, सन्दीप दीपक एकता मेडीकल,रिंकू सिह भोलेजी मेडीकल,राजवीर पाठक पाठक ड्रग स्टोर, पवन वार्ष्णेय पीएस फार्मा, महावीर चौधरी न्यू सेवार्थ फार्मेसी, यतेन्द्र गुप्ता कुमार मेडीकल, मुरसान नगर से राकेश शर्मा राकेश मेडीकल, सौरभ राघव राघव मेडीकल, पंकज चौधरी पंकज मेडिकल, सिन्द्राराऊ से पुष्पेंद्र पुन्डीर मैडीकल, मुकेश शर्मा दयाल मेडिकल, सादाबाद से गुप्ता मेडिकल स्टोर ,देवेंद्र मोहन मेडिकल स्टोर, अनुज मेडिकल, मानिकपुर से श्याम मेडिकल स्टोर, सासनी से किरन मेडिकोज, देव मेडिकल, धर्म मेडिकल, कुशवाहा मेडिकल, चंदपा से पवन पाठक जय अंबे मेडिकल आदि मौजूद थे।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने MRP अनियमितताओं एवं उपभोक्ताओं के शोषण को लेकर सौपा ज्ञापन

हाथरस। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत हाथरस इकाई द्वारा आज जिलाधिकारी कार्यालय हाथरस पहुंचकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन उनके माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी , माननीय वित्त मंत्री एवं माननीय वाणिज्य मंत्री को प्रेषित किया गया। ज्ञापन का मुख्य विषय विभिन्न उत्पादों पर अंकित अधिकतम विक्रय मूल्य (MRP) में हो रही अनियमितताओं एवं उपभोक्ताओं के शोषण से संबंधित रहा।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने मांग की कि केंद्र सरकार एवं संबंधित मंत्रालय इस विषय में कठोर एवं प्रभावी कानून बनाएं, जिससे उत्पादों पर अंकित MRP तर्कसंगत एवं न्यायसंगत निर्धारित की जा सके। वर्तमान समय में अनेक कंपनियां उत्पादों पर वास्तविक लागत से 100, 200 एवं 300 गुना तक अधिक MRP अंकित कर रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण हो रहा है।
ज्ञापन में उदाहरण देते हुए बताया गया कि मेडिकल में उपयोग होने वाले ड्रिप सेट पर सामान्यतः ₹267 तक MRP अंकित होती है, जबकि वही उत्पाद बाजार में रिटेलर्स द्वारा मात्र ₹70 में उपलब्ध कराया जाता है। इसी प्रकार लगभग 100 पृष्ठों की पाठ्य पुस्तक अभिभावकों को ₹350 तक में बेची जाती है, जबकि उसकी वास्तविक लागत काफी कम होती है। दवाइयों में भी कई बार ₹200 MRP वाली दवा 10%, 20%, 30% अथवा उससे भी अधिक छूट के साथ उपलब्ध हो जाती है। इससे स्पष्ट होता है कि MRP निर्धारण में भारी असंगति है।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने कहा कि MRP के नाम पर हो रहे इस शोषण से आम जनता को राहत दिलाने हेतु संगठन द्वारा मई 2026 में राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन भेजे जा रहे हैं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरण अभियान भी संचालित किया जा रहा है।
संगठन द्वारा आगामी 25 मई 2026 को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से कार्यकर्ता एवं उपभोक्ता भाग लेंगे। साथ ही विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आमजन को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने जनता से अपील की कि उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए इस अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें।
ज्ञापन सौंपने वालों में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के बृज प्रांतीय संगठन मंत्री राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एडवोकेट, प्रांत रोजगार सृजन प्रमुख अनूप अग्रवाल उदय, जिलाध्यक्ष मनोज बूटियां, जिला सचिव लोकेश अग्रवाल दाल वाले, जिला कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा, नगर अध्यक्ष राम अग्रवाल एवं नगर सचिव श्याम अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page