Breaking News
जनपद न्यायालय हाथरस में कर्मचारियों को शिष्टाचार एवं न्यायालयीन कार्यप्रणाली का दिया गया प्रशिक्षण

हाथरस। जे.टी.आर.आई. लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेशानुसार जनपद न्यायालय, हाथरस में कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों में सतत् सीखने की संस्कृति विकसित करना और न्यायालयीन कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना था।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, हाथरस के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में पेशकार राजीव कुमार एवं प्रशासनिक लिपिक आशुतोष अग्रवाल ने तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को शिष्टाचार, न्यायालय के तौर-तरीकों तथा कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को वादकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति सम्मानजनक और सौहार्दपूर्ण व्यवहार अपनाने, वरिष्ठ अधिकारियों से कार्य करने की विधि एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव की जानकारी सीखने तथा ईमानदारी, निष्ठा और निर्भीकता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सामान्य नियमावली (सिविल) के निर्धारित प्रारूपों के अनुसार रजिस्टर तैयार करने की तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जनपद न्यायालय, हाथरस के समस्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित रहे।

हाथरस मंडी समिति में मजदूर-आढ़तियों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, हवाई फायरिंग से मची अफरा-तफरी

हाथरस। अलीगढ़ रोड स्थित मंडी समिति में शनिवार सुबह मजदूरों और आढ़तियों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हंगामे के दौरान एक व्यक्ति द्वारा हवा में दो राउंड फायरिंग किए जाने से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक मजदूर के साथ कथित मारपीट की घटना से नाराज मजदूर बड़ी संख्या में संबंधित आढ़त पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और हंगामे के बीच एक व्यक्ति ने बंदूक से हवा में दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद हाथ में बंदूक लेकर जाते हुए उस व्यक्ति का वीडियो भी सामने आया है।
फायरिंग से आक्रोशित मजदूरों ने आरोपी आढ़तिया को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। इससे मंडी परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह एवं सीओ सिटी हिमांशु माथुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मजदूरों से बातचीत कर उन्हें समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल मंडी समिति में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

वकीलों, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों और टाइपिस्टों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी ,’फ्रंट ऑफिस’ प्रणाली लागू करने का विरोध

हाथरस। तहसील सदर में ‘फ्रंट ऑफिस’ प्रणाली लागू करने के विरोध में वकीलों, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों और टाइपिस्टों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले यह प्रदर्शन तहसील परिसर में किया जा रहा है, जिसके कारण रजिस्ट्री कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।

गुरुवार को भी प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘फ्रंट ऑफिस’ व्यवस्था को तानाशाहीपूर्ण निर्णय बताया है। उनकी मुख्य चिंता यह है कि इस प्रणाली से वर्षों से इस कार्य से जुड़े हजारों लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। हड़ताल के कारण तहसील परिसर में सामान्य गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

रजिस्ट्री कार्यालय का कामकाज ठप रहने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर जमीनों से संबंधित कार्यों में। धरने की अध्यक्षता राकेश चौधरी ने की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार अपना निर्णय वापस नहीं लेती है, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं।

इस अवसर पर मदन मोहन गौड़, सुदर्शन शर्मा, असगर अली, ब्रजकांत, दिनेश कुशवाहा, सुरेश चंद्र देशमुख, वीरेंद्र देशमुख, सुरेश चंद, विजेंद्र सिंह, मुकेश चंद्र, चंद्रवीर सिंह, हरिशंकर कातिब सहित कई लोग मौजूद थे। आंदोलनकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी बनाई है, जिसमें बुद्धि शुद्धि यज्ञ, काला दिवस और पुतला दहन जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

सड़क हादसे में एक पीआरडी जवान की मौत

हाथरस। सड़क हादसे में एक पीआरडी जवान की मौत हो गई। मंगलवार को हुए इस हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से रमेश चंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कल देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

सासनी के नगला सिंह निवासी 55 वर्षीय रमेश चंद पुत्र भूरी सिंह पीआरडी में जवान के पद पर तैनात थे। वह अपनी ड्यूटी के लिए मोपेड पर सवार होकर सासनी आ रहे थे। सासनी में गोहाना चौकी पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जवान सड़क पर गिर गए और उनकी मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने घायल जवान को तुरंत एक निजी वाहन से सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

सीएचसी से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाथरस के जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक ने अपने पीछे चार संतानों को छोड़ा है।

सामुदायिक शौचालय केयर टेकर एसोसिएशन ने सौपा ज्ञापन, डीबीटी से मानदेय भुगतान की मांग

हाथरस।बकाया मानदेय की मांग और समूह द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार के मामले में कार्यवाही की मांग को लेकर गुरुवार को सामुदायिक शौचालय केयर टेकर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला कलेक्ट्रेट हाथरस पहुंचकर ओसी कलेक्ट्रेट को सौंपा

एसोसिएशन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायतों में संचालित सामुदायिक शौचालयों पर कार्यरत केयरटेकर प्रतिदिन सफाई व्यवस्था, रखरखाव, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल पा रहा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई स्थानों पर भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होती है, जिससे केयरटेकरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी के कारण भी कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।

एसोसिएशन ने मांग की है कि प्रदेश के सभी सामुदायिक शौचालय केयरटेकरों का मानदेय सीधे उनके निजी बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजा जाए, इसके अलावा भुगतान की एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जाए, ताकि प्रत्येक माह समय पर मानदेय प्राप्त हो सके।

केयरटेकरों का कहना है कि इससे न केवल भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी होगी बल्कि कर्मचारियों को समय पर आर्थिक सहायता भी मिल सकेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की अपील की है।

नैनीताल घूमने गए परिवार के घर में लाखों की चोरी, 50 तोला सोना और नकदी गायब

हाथरस। नवरत्न कॉलोनी, टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे कछपुरा बम्बा के पास स्थित घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पीड़ित किशोर कुमार गौतम, जो जन कल्याण एवं विकास समिति उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष हैं, दिनांक 24 जून 2026 को अपने परिवार सहित नैनीताल घूमने गए हुए थे। इसी दौरान सुबह एक पड़ोसी का फोन आया कि उनके घर में चोरी हो गई है।
पीड़ित के अनुसार घटना संभवतः सोमवार या मंगलवार की रात की है, क्योंकि उन दोनों दिनों में पूरा परिवार घर पर मौजूद नहीं था। चोरों ने मकान के सभी दरवाजे तोड़कर घर में प्रवेश किया और बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
चोरी में लगभग 50 तोला सोने के आभूषण, करीब 1.500 किलोग्राम चांदी के आभूषण तथा लगभग ₹1,00,000 नकद चोरी कर लिए गए। इतना ही नहीं, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोर अपने साथ ले गए, जिससे साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। घर के अंदर रखे कई कीमती सामानों को भी तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पीड़ित किशोर कुमार गौतम ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, मानवाधिकार आयोग एवं गृहमंत्री से इस गंभीर घटना की निष्पक्ष और कड़ी जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

निर्जला एकादशी पर जगह-जगह हुआ ठंडे शरबत का वितरण

हाथरस। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर जनपद के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों एवं समाजसेवियों द्वारा राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए ठंडे शरबत वितरण शिविरों का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों ने सेवा भाव से आने-जाने वाले लोगों को शीतल शरबत पिलाकर पुण्य अर्जित किया।

शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं मंदिरों के आसपास लगाए गए शिविरों में सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिली। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं, राहगीरों, वाहन चालकों तथा आम नागरिकों को ठंडा शरबत वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई। इस दौरान सेवा कार्य में जुटे लोगों ने कहा कि निर्जला एकादशी के अवसर पर जल एवं शीतल पेय पदार्थों का वितरण करना भारतीय संस्कृति में सेवा और परोपकार का प्रतीक माना जाता है।

शरबत वितरण कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा लोगों से भीषण गर्मी के दौरान अधिक से अधिक पानी पीने और जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया। श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

दिनभर चले इन सेवा शिविरों के माध्यम से जनपद में सामाजिक समरसता, सेवा भावना और धार्मिक आस्था का सुंदर संदेश देखने को मिला।

कोचिंग, विद्यालय, महाविद्यालय, जिम एवं अधिक विद्युत भार वाले सभी संस्थानों में फायर सेफ्टी व इमरजेंसी एग्जिट अनिवार्य

हाथरस। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ ने जनपद कासगंज में छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए हैं कि ऐसे सभी संस्थानों में, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं अथवा विद्युत भार अधिक रहता है, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थान, विद्यालय, महाविद्यालय, जिम, पुस्तकालय, छात्रावास, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, बहुमंजिला भवन तथा अन्य सार्वजनिक संस्थान, जहाँ विद्युत उपकरणों का अधिक उपयोग होता है, वहाँ अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), सुरक्षित विद्युत वायरिंग, स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतक तथा आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए।

श्रीमती रेनू गौड़ ने कहा कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न स्थानों पर अग्निकांड की घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। इसलिए जनपद के प्रत्येक संस्थान की यह जिम्मेदारी है कि वह सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करे।

उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन निकास की व्यवस्था का विशेष रूप से परीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे संस्थानों का संचालन भी बंद कराया जाएगा।

श्रीमती रेनू गौड़ ने सभी संस्थान संचालकों से अपील की कि वे सुरक्षा को औपचारिकता न मानें, बल्कि अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी समझते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय रहते पूर्ण करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

मुख्य बिंदु
जनपद में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा मानकों की होगी विशेष समीक्षा।
कोचिंग, स्कूल, कॉलेज, जिम, छात्रावास एवं अन्य सार्वजनिक संस्थान होंगे निरीक्षण के दायरे में।
प्रत्येक संस्थान में अग्निशमन यंत्र एवं आपातकालीन निकास अनिवार्य।
सुरक्षित विद्युत वायरिंग एवं विद्युत भार के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर विधिक कार्रवाई के साथ संस्थान का संचालन भी कराया जा सकता है बंद।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण

हाथरस। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम के दरवाजों की सील राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष खोली गईं तथा वेयरहाउस में सुरक्षित भंडारित मशीनों का अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी। उन्होंने बताया कि वेयरहाउस में भंडारित सभी ईवीएम एवं वीवीपैट पूरी तरह सुरक्षित हैं और यहां 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात रहते हैं। निरीक्षणोपरांत भ्रमण पंजिका पर हस्ताक्षर किये।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक कार्य प्रमुख बीजेपी सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, जिला महासचिव कांग्रेस पार्टी श्री कृष्ण एडवोकेट, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आप पार्टी रहमत अली, जिला उपाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, जिला सचिव सीपीआईएम श्याम सिंह, बीएसपी जिलाध्यक्ष राजकपूर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जैपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम पर मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी का 61वाँ पुण्य स्मृति दिवस श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया

हाथरस। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, तपस्या धाम हाथरस द्वारा आज आदरणीय मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी का 61वाँ पुण्य स्मृति दिवस अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं आध्यात्मिक भावनाओं के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन योग एवं तपस्या से हुआ, जिसमें उपस्थित सभी भाई-बहनों ने मातेश्वरी जी के दिव्य जीवन एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए विशेष राजयोग का अभ्यास किया। तत्पश्चात मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला प्रभारी राजयोगिनी बी.के. सीता दीदी ने अपने उद्बोधन में मातेश्वरी जी के त्याग, तपस्या, सादगी एवं आध्यात्मिक नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बी.के. भावना बहन ने मातेश्वरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं पर प्रकाश डाला तथा सभी को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर कवि श्याम बाबू चिंतन जी ने काव्य प्रस्तुति के माध्यम से मातेश्वरी जी के गुणों एवं विशेषताओं का सुंदर वर्णन किया। बी.के. रश्मि बहन ने मातेश्वरी जी के प्रति अपने श्रद्धा भाव व्यक्त किए, जबकि बी.के. राधे बहन ने एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम में मंजू शर्मा जी ने मातेश्वरी जी को समर्पित एक मधुर एवं प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी भाई-बहनों ने अत्यंत सराहा।

इस अवसर पर बी.के. बबीता बहन, बी.के. संगीता गर्ग, राधा अग्रवाल, केशव देव शर्मा जी सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके दिव्य जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन शांति योग एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ।

You cannot copy content of this page