Breaking News
खेलो इंडिया संवाद में खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण पर पी0एम0 करेंगे युवाओं से संवाद’ ,27 अगस्त को पी0सी0 बागला महाविद्यालय और सरस्वती महाविद्यालय हाथरस में होगा आयोजन


हाथरस। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को पी0सी0 बागला महाविद्यालय और सरस्वती महाविद्यालय, हाथरस में ‘‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
माय भारत केन्द्र हाथरस के जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के राष्ट्रीय विजन से जोड़ना है। कार्यक्रम 27 अगस्त 2026, गुरुवार को सुबह 11 बजे आयोजित होगा। देशभर के प्रत्येक जिले में चयनित दो महाविद्यालयों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा, जिसका सभी निर्धारित स्थलों पर एक साथ सीधा प्रसारण किया जाएगा। मा0 प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की गति विधियां शुरू होंगी। इसमें स्थानीय खिलाड़ियों और युवा आइकॉन के बीच खेल जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद होगा। इसके बाद केंद्रीय एवं राज्य स्तर के जनप्रतिनिधियों का संबोधन और युवाओं के साथ युवा संवाद आयोजित किया जाएगा।

जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि युवा संवाद कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा, जिसमें युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं सुनी जाएंगी और उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर आगे प्रेषित किया जाएगा। इसके लिए चार प्रमुख विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें अधिक नागरिक जागरूक एवं जिम्मेदार युवा तैयार करना, भविष्य के लिए तैयार युवा एवं कक्षा से आगे के कौशल, नई पीढ़ी के लिए स्वयंसेवा की नई अवधारणा तथा माय भारत को और मजबूत मंच बनाना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान माय भारत पंजीकरण अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत मंच से जोड़ा जाएगा। प्रतिभागियों को अपने सुझाव डिजिटल माध्यम से देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मकसद युवाओं को केवल खेल और फिटनेस तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनमें नागरिक जिम्मेदारी, कौशल विकास, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार और सुझाव सामने रखने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा सके।

सावन के अंतिम सोमवार पर भोलेनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, प्रसादी का हुआ वितरण

हाथरस। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर अलीगढ़ रोड स्थित वर्ष 1921 के प्राचीन एवं भव्य भोलेनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस प्राचीन मंदिर में हाथरस नगर ही नहीं, बल्कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे।

सावन के अंतिम सोमवार पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सब्जी, पूड़ी और खीर की प्रसादी का वितरण किया गया। प्रसादी वितरण कार्यक्रम में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) पार्टी के महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय तथा मंदिर सेवक नवल किशोर ‘नेताजी’ का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में खुशाल, मनोज शर्मा, प्रेम नारायण, पिंकी, नीतू, दर्शना, नवीन कुमार, पिंटू गुप्ता, बिल्लू गुप्ता, पवन सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सराहनीय सहयोग किया। प्रसादी का वितरण देर रात करीब 10 बजे तक जारी रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

माँ कात्यायनी मंदिर परिसर में लगी हाईमास्क लाइट का सदर विधायक ने किया उद्घाटन, देवेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में हुआ भव्य स्वागत

हाथरस। सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर के महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति बनने पर जोगिया बाईपास स्थित माँ कात्यायनी मंदिर पर भव्य स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में विधायक निधि से लगाई गई हाईमास्ट लाइट का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने सदर विधायक द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।

माँ कात्यायनी मंदिर के चरण सेवक एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर का 51 किलो की फूलमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विधायक निधि से लगाई गई हाईमास्ट लाइट का महामंडलेश्वर रुद्रदेवानंद जी महाराज की उपस्थिति में सदर विधायक ने पूजा-अर्चना के बाद स्विच ऑन कर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति के रूप में उनकी प्राथमिकता महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना रहेगी। क्षेत्र के विकास के लिए वह पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही हैं। धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

महामंडलेश्वर रुद्रदेवानंद जी महाराज ने कहा कि माँ कात्यायनी की कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे। जनप्रतिनिधियों द्वारा धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। हाईमास्ट लाइट लगने से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और रात्रि में सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।

इस दौरान अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर जोगेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष नवीन प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, उपाध्यक्ष अमित ठाकुर, सोहन सिंह, टिंकू राना, राज्य दिव्यांग कल्याण बोर्ड के सदस्य सागर शर्मा, भारतीय किसान यूनियन भानु के व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनू ठाकुर, हेमंत सिसोदिया ,राकेश अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

14 सितंबर को भव्यता के साथ निकलेगी श्री वेद भगवान की शोभायात्रा ,श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा की बैठक में लिया निर्णय

हाथरस। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजिस्टर्ड), हाथरस की एक बैठक रविवार को नवल नगर स्थित फौजी भवन में डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में श्री वेद भगवान की शोभायात्रा तथा बलदेव छठ के आयोजन की तिथियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि श्री वेद भगवान की शोभायात्रा 14 सितंबर 2026 को तथा बलदेव छठ 17 सितंबर 2026 को मनाई जाएगी।

बैठक का शुभारंभ वेद विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ श्री वेद भगवान के शोभा चित्र तथा द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी स्वरूपानंद जी महाराज के चित्र को फूल मालाओं से सुसज्जित कर किया गया। इसके पश्चात अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’, नागेंद्र पाठक, आचार्य मनोज द्विवेदी, भंवर सिंह पौरुष एवं डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किया।

धर्माचार्यों एवं विद्वानों ने गणेश चतुर्थी की तिथि को लेकर विचार-विमर्श किया। बताया गया कि गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को प्रातः 7:06 बजे प्रारंभ होकर 15 सितंबर को प्रातः 7:44 बजे समाप्त होगी। गणेश जन्म का समय मध्यान्ह माना गया है तथा पूजा का श्रेष्ठ मुहूर्त 11:02 बजे से दोपहर 1:31 बजे तक रहेगा। इसी आधार पर 14 सितंबर को श्री वेद भगवान की शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। इसी शोभायात्रा से श्री दाऊजी महाराज के प्रसिद्ध लक्खी मेले का शुभारंभ होगा।

सभा में यह भी चर्चा हुई कि इस बार बलदेव छठ गणेश चतुर्थी के तीन दिन बाद, 17 सितंबर को मनाई जाएगी। यह आयोजन की दृष्टि से विशेष अवसर होगा।

बैठक में पं. बागीष दत्त गौड़, आचार्य डॉ. गणेश चंद्र वशिष्ठ, पं. उमेश चंद शर्मा, नागेंद्र पाठक, डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा, भंवर सिंह पौरुष सहित अन्य विद्वानों ने अपने विचार रखे। कोषाध्यक्ष द्वारा गत वर्ष के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

शोभायात्रा को और भव्य बनाने के लिए इस बार बाहर से बैंड-बाजे तथा झांकियों की संख्या बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं पं. शैलेंद्र वशिष्ठ एवं पं. देव स्वरूप शर्मा द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से की गईं।

अंत में ‘श्री वेद भगवान की जय’, ‘दाऊजी महाराज की जय’, ‘रेवती मैया की जय’, ‘सनातन धर्म की जय’, ‘पार्वती पतये हर-हर महादेव’ के जयघोष से सभा स्थल गुंजायमान हो उठा। प्रसाद वितरण एवं जलपान के साथ बैठक का समापन हुआ।

महंगाई के विरोध में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम) पार्टी ने 30 रुपये किलो बांटी चीनी ,जिलाध्यक्ष बोले- सरकार बन्नेबप्त हर यूनिट पर देंगें आधा किलो चोनी

हाथरस। बढ़ती महंगाई के विरोध में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) पार्टी की हाथरस इकाई ने रविवार को गरीब, असहाय, मजदूर एवं आमजन को 30 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी वितरित कर भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया।

पार्टी द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के क्रम में रविवार सुबह 8 बजे मुरसान गेट स्थित बोहरे वाली देवी मंदिर से चीनी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान करीब 5 क्विंटल चीनी का वितरण 30 रुपये प्रति किलो की दर से किया गया।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राजेश शर्मा एडवोकेट, जिला मंत्री मनोज उपाध्याय एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य जय नारायण शर्मा का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, जिला महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय, भाजपा पूर्व विस्तारक संजीव गोयल, सेवानिवृत्त आईपीएस आदित्य प्रकाश वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजेश शर्मा एडवोकेट, जिला मंत्री मनोज उपाध्याय, जिला कार्यकारिणी सदस्य जय नारायण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सौरभ पाराशर, जिला मंत्री अभिषेक पाठक, जिला उपाध्यक्ष पूनम शर्मा, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कुमकुम ठाकुर, सैनिक प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भारद्वाज, व्यापार प्रकोष्ठ कोषाध्यक्ष राम कुमार वर्मा, सासनी नगर अध्यक्ष कालू पंडित, सासनी नगर मंत्री आर्यन उपाध्याय, जिला कार्यकारिणी सदस्य हर्षवर्धन द्विवेदी, ललितेश सक्सेना, मुरसान नगर अध्यक्ष हरेंद्र उपाध्याय, जिला मंत्री अरुण शर्मा, वार्ड अध्यक्ष 26 मुकेश कुमार, वार्ड मंत्री 12 देवांशु भारद्वाज तथा सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष ऋतु कुमार गौतम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वेद भगवान शोभायात्रा को भव्य बनाने हेतु नवल नगर स्थित फौजी भवन पर बैठक 23 अगस्त को

हाथरस। परंपरा के अनुसार श्री दाऊजी महाराज के ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ गणेश चतुर्थी से होता है। इस वर्ष भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी, सोमवार, 14 सितंबर 2026 को वेद भगवान की शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं, कुछ विद्वानों द्वारा उदया तिथि के अनुसार शोभायात्रा आयोजन को लेकर विचार व्यक्त किए गए हैं।
इसी संदर्भ में श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा रजिस्टर्ड, हाथरस के संरक्षक मंडल, पदाधिकारियों, कार्यकारी सदस्यों, धर्माचार्यों एवं विद्वानों की एक महत्वपूर्ण बैठक 23 अगस्त 2026 को दोपहर 2:30 बजे संस्था के कार्यालय “फौजी भवन”, नवल नगर में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ करेंगे।
बैठक में श्री वेद भगवान की शोभायात्रा को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही गत वर्षों के आयोजनों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा तथा वेद भगवान शोभायात्रा महोत्सव के सभापति के चयन पर भी विचार किया जाएगा।
सभा ने संबंधित संरक्षक मंडल, पदाधिकारियों, कार्यकारी सदस्यों, धर्माचार्यों एवं विद्वानों से बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव देने का आह्वान किया है।

शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला :जितेन्द्र , आरएसएस के सेवा विभाग ने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बांटी पुस्तकें

हाथरस। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग द्वारा श्री रामबाग इंटर कॉलेज में शिक्षित आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना रहा।

पुस्तक वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रचारक जितेन्द्र ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए समाज को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने और अपने परिवार, विद्यालय और समाज का नाम रोशन करने के लिये प्रेरित किया।

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के कक्षा 9 से कक्षा 12 के विद्यार्थियों को हिन्दी , गाणित, अंग्रेजी , व्यवसाय अध्ययन आदि पुस्तकें वितरित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक ओमप्रकाश कलसा वालों ने की तथा संचालन जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी ने किया।


कार्यक्रम में जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर, सेवा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. बी.पी. सिंह, जिला मंत्री राजीव आर्य, कोषाध्यक्ष भतेन्द्र पाल सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवकुमार शर्मा, अध्यापक चारम त्यागी, रूपेंद्र शर्मा, दीपेश तिवारी, ज्ञानप्रकाश शर्मा, चंदन सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

केंद्रीय विद्यालय में डीएम-एसपी ने बच्चों संग लिखे सपनों के पंख, कैरम खेलकर व चॉकलेट बांट बढ़ाया उत्साह

हाथरस। केंद्रीय विद्यालय हाथरस में शुक्रवार को आयोजित “पंख स्नेल लेटर राइटिंग” पहल के अंतर्गत जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उन्हें कागज-कलम से जुड़ने, रचनात्मक लेखन अपनाने और जीवन-मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह भी बढ़ाया।कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ते स्क्रीन टाइम के बीच बच्चों को कुछ समय मोबाइल और डिजिटल माध्यमों से दूर रखकर पत्र लेखन की संस्कृति से जोड़ना, उनकी कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति क्षमता और संवेदनशील सोच का विकास करना रहा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि अपने विचार, भावनाएं और सपनों को शब्दों में व्यक्त करने की आदत व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
डीएम और एसपी ने छात्रों के साथ कैरम खेलकर सौहार्दपूर्ण माहौल बनाया तथा कक्षाओं में पहुंचकर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब दिए और अपने अनुभव साझा किए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशाला का भ्रमण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रयोगों और अनुभवों के माध्यम से विषयों को समझना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और निरंतर सीखने की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और अधिकारियों के साथ आत्मीय संवाद ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में लगा रोजगार मेला ,24 प्रशिक्षार्थियों को मिले ऑफर लेटर

हाथरस। प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिकन्द्राराऊ, हाथरस ने अवगत कराया है कि जनपद हाथरस में संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिकन्द्राराऊ, हाथरस में प्रातः 10ः00 बजे रोजगार मेला/अप्रेन्टिसशिप मेले आयोजन किया गया। जिसमेें 70 प्रशिक्षार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। फ्रीडम एम्पलायविल्टी एकेडमी, हाथरस, टीम लीज नई दिल्ली, अन्जू मोटर्स टी0वी0एस0 हाथरस एवं पॉलिसी राइडर आई.एम.एफ, हाथरस कुल 04 प्रतिष्ठित कम्पनियों द्वारा आई.टी.आई. के प्रशिक्षित लाभार्थियों का साक्षात्कार कर कुल-24 प्रशिक्षार्थियों को ऑफर लेटर वितरित किये गये।

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिला प्रभारी निशान्त उपाध्याय बोले- पार्टी रविवार से बांटेगी 30 रुपये किलो चीनी

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम) पार्टी की हाथरस इकाई ने बढ़ती महंगाई को लेकर गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत देने के लिए रविवार से 30 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी वितरण करने का निर्णय लिया है।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस सहित आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए पार्टी की जिला इकाई ने कम कीमत पर चीनी उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।


इस संबंध में जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, जिला महासचिव एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय, भाजपा के पूर्व विस्तारक संजीव गोयल तथा जिला, शहर, तहसील, ब्लॉक एवं विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया।
पार्टी के जिला महासचिव एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय ने बताया कि रविवार से जरूरतमंद गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महंगाई से परेशान परिवारों को यथासंभव राहत पहुंचाना है।

You cannot copy content of this page