Breaking News
केंद्रीय विद्यालय में डीएम-एसपी ने बच्चों संग लिखे सपनों के पंख, कैरम खेलकर व चॉकलेट बांट बढ़ाया उत्साह

हाथरस। केंद्रीय विद्यालय हाथरस में शुक्रवार को आयोजित “पंख स्नेल लेटर राइटिंग” पहल के अंतर्गत जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उन्हें कागज-कलम से जुड़ने, रचनात्मक लेखन अपनाने और जीवन-मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह भी बढ़ाया।कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ते स्क्रीन टाइम के बीच बच्चों को कुछ समय मोबाइल और डिजिटल माध्यमों से दूर रखकर पत्र लेखन की संस्कृति से जोड़ना, उनकी कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति क्षमता और संवेदनशील सोच का विकास करना रहा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि अपने विचार, भावनाएं और सपनों को शब्दों में व्यक्त करने की आदत व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
डीएम और एसपी ने छात्रों के साथ कैरम खेलकर सौहार्दपूर्ण माहौल बनाया तथा कक्षाओं में पहुंचकर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब दिए और अपने अनुभव साझा किए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशाला का भ्रमण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रयोगों और अनुभवों के माध्यम से विषयों को समझना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और निरंतर सीखने की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और अधिकारियों के साथ आत्मीय संवाद ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page