बिल जमा न होने पर स्मार्ट मीटर से नही कटे बिजली , उपभोक्ताओं को दिया जाये ग्रेस पीरियड ,जनसेवार्थ मंच के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सदर को सौपा गया शिकायती पत्र
हाथरस। स्मार्ट मीटर से बिजली कटने से आम जन को हो रही भारी परेशानीयों को लेकर जनसेवार्थ मंच के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सदर को शिकायती पत्र सौपा। पत्र में बिजली विभाग की तकनीक कमियाँ बता कर तुरन्त बिजली कटने पर रोक लगाने की मांग की ।स्मार्ट मीटर रिचार्ज न होने पर दो माह का ग्रेस पीरियड देने और उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से सबंधित जानकारी देने हेतु जनजागरण अभियान चलाने की मांग की।
जनसेवार्थ मंच के संयोजक आशीष सेंगर के नेतृत्व में मंच के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह से मुलाकात कर एक शिकायती पत्र सौपा। शिकायती पत्र में कहा है कि जनपद में बिधुत विभाग द्वारा बिजली उपभोक्ताओं के आवास व प्रतिष्ठानों पर पुराने मीटर बदलकर नये स्मार्ट मीटर लगाये गये है। इन स्मार्ट मीटर लगाने से पूर्व उपभोक्ताओं की सहमति नहीं ली गई। स्मार्ट मीटर लगाने के उपरांत उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से सम्बंधित कोई जानकारी या प्रशिक्षण भी नही दिया गया। जिस कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशनियों का सामना करना पड रहा है।
वर्तमान में बिजली उपभोक्ताओं के मीटर से आवास व प्रतिष्ठा में अन्दर बिजली सप्लाई नहीं आने की समस्याएं काफी आ रही है। बिजली का इस प्रकार का डिस्कनक्शन बिना उपभोक्ताओं को किसी भी माध्यम से सूचना दिये अचानक कर दिया जाता है। इस प्रकार के डिस्कनक्शन से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता बिजली कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे है। बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उन्हें माइनस में बिल होने की कहकर रिचार्ज कराने को बोल रहे है। उपभक्ताओं द्वारा रिचार्ज कराने के बाद भी कई घंटों बाद आवास व प्रतिष्ठा पर बिजली सुचारू होती है वहीं कुछ उपभोक्ताओं के यहाँ तो 24 घंटे बाद ही बिजली सुचारू हुई है।
इन तथ्यों के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि बिजली विभाग द्वारा प्रीपेड स्मार्ट मीटर से सम्बंधित सुविधाओं को उपभोक्ताओं तक पहुँचाने में की गई तैयारी/तकनीक काफी कमजोर है। जिसे मजबूत व सुद्रढ़ करना बहुत आवश्यक है।
उक्त समस्याओं का संज्ञान लेते हुये जब तक तकनीकी सुद्रढ़ता होने तक उपभोक्ताओं को मीटर से बिजली डिस्कनक्शन को रोका जाये। इसके लिये उन्हें 2 महीने का ग्रेस पीरियड देने जैसे विकल्प अथवा अन्य विकल्प लागू किये जा सकते है। जिससे उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं से राहत मिल सके। इस दौरान बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर से सम्बंधित जनजागरूता अभियान भी चलाया जाए।
इस अवसर पर मंच के संयोजक आशीष सेंगर , नारायण लाल , श्री भगवान वर्मा , हरप्रसाद माहौर ,मनीष कूलवाल ,वीरेंद्र माहौर ,सोहन सिंह आदि मौजूद रहे।

