Breaking News
भूमि से संबंधित प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से करें:डीएम

हाथरस । थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा के साथ थाना हाथरस जंक्शन में जनसमस्याओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर समस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही टीम भेजकर कराया जाए तथा भूमि से संबंधित प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने अवैध अतिक्रमणों को हटाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध पुलिस व प्रशासन संयुक्त रूप से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाले फरियादियों से शालीन व संवेदनशील व्यवहार किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
इस मौके पर उन्होंने साइबर हैल्प डेस्क कक्ष तथा मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध पंजिका का अवलोकन करने के साथ ही दर्ज शिकायतों के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी कर प्राप्त महिला शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किये जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशील रवैया अपनाकर शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान प्रदान करें।
थाना समाधान दिवस के मौके पर क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी, लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page