राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
हाथरस। 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत आज ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम, हाथरस द्वारा राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, संस्कारवान एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बीके सुमित ने कहा कि “नशा नाश की जड़ है। नशे से मुक्त रहना है तो नशे को ना, फ्यूचर को हां और नशे को ना, करियर को हां करना होगा।” उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “नशा नहीं, अब जुनून चाहिए जीने का, कुछ सुकून चाहिए। बेहतर कल बनाना चाहते हैं तो आज नशे को बंद करना होगा।”
उन्होंने नशामुक्त जीवन के लिए युवाओं को पांच महत्वपूर्ण सूत्र बताए—अच्छे मित्र, अच्छे सपने, ध्यान, श्रेष्ठ चिंतन और श्रेष्ठ चरित्र। उन्होंने कहा कि सकारात्मक संगति, ऊंचे लक्ष्य और श्रेष्ठ विचार युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बीके रश्मि बहन ने उपस्थित सभी युवा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की प्रतिज्ञा कराई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य सचिन भाटिया जी ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए, ताकि बच्चों के अंदर नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़े और वे नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित रहें।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम की ओर से कॉलेज के प्रधानाचार्य सचिन भाटिया जी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नशे के विरुद्ध जागरूकता और स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक संकल्प की भावना को मजबूत किया।

