स्काउट केयर अभियान में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
हाथरस। भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश प्रादेशिक मुख्यालय लखनऊ के निर्देशन में जिला संस्था हाथरस द्वारा पं. श्री राम बाजपेई की जयंती के अवसर पर यूपी स्काउट केयर अभियान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक रणवीर सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला आयुक्त एडल्ट रिसोर्स गाइड व प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव की अध्यक्षता में नुक्कड़ नाटक, स्किट, वीडियोग्राफी, शॉर्ट फिल्म, थीम सॉन्ग, गीत, कविता लेखन व स्लोगन प्रतियोगिताएं हुईं। संचालन जिला संगठन आयुक्त गाइड सोनाली वार्ष्णेय ने किया।

स्लोगन प्रतियोगिता में श्री रामचंद्र अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज की भूमिका प्रथम, प्रिया शर्मा द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की श्वेता वर्मा तृतीय रहीं। कविता लेखन में अनन्या कौशिक प्रथम, नैना अंसारी द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की माधवी प्रकाश तृतीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में श्री रामचंद्र अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज की यामिनी, छवि, आरुषि, कल्पना, सुमिति, खुशी, भावना, सोनी आदि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्काउट विंग में श्री रामबाग इंटर कॉलेज के कृष्णा, स्मिथ, साजिद आदि की टीम प्रथम रही।
प्रतियोगिता निर्णायक टीम में स्काउट मास्टर योगेंद्र वार्ष्णेय, गाइड कैप्टन शारदा विश्वकर्मा, कुमुद शर्मा एवं दिव्या उपाध्याय रहीं। जिला संगठन आयुक्त स्काउट धीरेंद्र प्रताप सिंह ने पं. श्री राम बाजपेई के जीवन एवं भारतीय स्काउटिंग में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिले के माध्यमिक विद्यालयों के अनेक स्काउट एवं गाइड उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी का आभार व्यक्त किया।

