हाथरस की रबड़ी को मिलेगा बढ़ावा, कारोबार शुरू करने वालों को ₹50 लाख तक की सब्सिडी
हाथरस। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनपद के पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित एक जनपद एक व्यंजन (ODOP) कार्यक्रम के तहत हाथरस की रबड़ी को चयनित उत्पाद बनाया गया है। रबड़ी से जुड़े कारोबार को शुरू करने या विस्तार देने के इच्छुक लोगों के लिए वित्त पोषण सहायता योजना संचालित की जा रही है।
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, हाथरस श्री रामेन्द्र कुमार ने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिस पर सरकार द्वारा 10 से 25 प्रतिशत तक, अधिकतम ₹50 लाख तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की बाध्यता नहीं है। वित्तीय सहायता केवल हाथरस के लिए चिन्हित ODOP उत्पाद रबड़ी से संबंधित उद्योग, सेवा एवं व्यवसाय इकाइयों को ही दी जाएगी।
आवेदक किसी राष्ट्रीयकृत बैंक, वित्तीय संस्था या सरकारी संस्था का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए और उसे केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का पूर्व में लाभ प्राप्त नहीं हुआ हो। एक आवेदक या उसके परिवार के किसी सदस्य को योजना का लाभ केवल एक बार दिया जाएगा।

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, ट्रांसजेंडर, महिला एवं दिव्यांगजन श्रेणी के आवेदकों को नियमानुसार संबंधित प्रमाण-पत्र की प्रमाणित प्रति आवेदन के साथ लगानी होगी।
इच्छुक व्यक्ति जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, हाथरस में किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

