स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
हाथरस। नगरीय निकायों में 15वें वित्त आयोग, अवस्थापना निधि एवं स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अवशेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्य समय से धरातल पर पूर्ण हों, ताकि आमजन को उनका शीघ्र लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु के दृष्टिगत नगर निकायों में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां अतिरिक्त पंपसेट लगाकर त्वरित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर निकायों में नियमित साफ-सफाई, नालों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा के दौरान सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

