मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सासनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोमरी, बसई काजी और टिकारी का किया औचक निरीक्षण
हाथरस। सासनी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी वेदप्रकाश ने रविवार को सासनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोमरी, बसई काजी और टिकारी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित मिले। सीएमओ ने वहां की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया।

सासनी सीएचसी में निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने 108 एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली की भी जांच की। उन्होंने एंबुलेंस चालक से दिनभर की सेवाओं की जानकारी ली। चालक ने बताया कि दो मरीजों को अस्पताल लाया गया था। एंबुलेंस की लॉग बुक की जांच में पाया गया कि एक मरीज को कॉल के 5 मिनट और दूसरे को 9 मिनट के भीतर अस्पताल पहुंचाया गया। मरीजों के परिजनों ने भी एंबुलेंस सेवा की सराहना की और बताया कि वाहन समय पर उपलब्ध हुआ तथा चालक द्वारा कोई शुल्क नहीं मांगा गया।
सीएमओ ने दो दिन पहले सिजेरियन ऑपरेशन से प्रसव कराने वाली तीन महिलाओं से भी बातचीत की। उन्होंने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार और भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। सभी महिलाओं ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और चिकित्सा स्टाफ के व्यवहार की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने सीएचसी परिसर के शौचालय में पाइप चोक होने की समस्या से सीएमओ को अवगत कराया। इस पर सीएमओ ने तत्काल नगर पालिका सासनी के अधिशासी अधिकारी से संपर्क किया और समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी ने सुधारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

