₹25 हजार का इनामी मोना ठाकुर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
कैलाश ढाबा फायरिंग कांड में था आरोपी ,मुठभेड़ में पुलिस की गाड़ी व थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी गोली
हाथरस। एसओजी टीम, थाना हाथरस जंक्शन एवं थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कैलाश ढाबा फायरिंग कांड के ₹25 हजार के इनामी आरोपी मोना ठाकुर उर्फ सचप्रताप सिंह को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित कैलाश ढाबे के सामने दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया गया था तथा एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। घटना में शामिल छह आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिलने पर मथुरा-बरेली हाईवे स्थित मेंडू-रुहेरी रोड के पास आरोपी की घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि आमने-सामने की फायरिंग में पुलिस की सरकारी गाड़ी तथा थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोना ठाकुर उर्फ सचप्रताप सिंह पुत्र रहीश पाल निवासी नगला इमलिया, थाना हाथरस जंक्शन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा एक होंडा अमेज कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना हाथरस जंक्शन का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। आरोपी कई बार जेल भी जा चुका है।
फिलहाल थाना हाथरस जंक्शन पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

