डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न, संगठन की मजबूती का लिया संकल्प
हाथरस। शहर के अग्रवाल सेवा सदन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत एक जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लेकर संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प को दोहराया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा और यतेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ सांसद अनूप प्रधान, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा तथा सदर विधायक अंजुला माहौर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “राष्ट्र प्रथम” के विचार और उनके अखंड भारत के स्वप्न को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि मुखर्जी जी के आदर्श प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत हैं।

कार्यक्रम के दौरान सभी वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों के सहयोग के लिए नेताओं ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

