Breaking News
हाथरस पुलिस ने 31 लाख 6 हज़ार 500 रुपए के मादक पदार्थ का किया विनष्टीकरण

हाथरस।नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत हाथरस पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में करीब 31 लाख 6 हजार 500 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण किया गया है।
यह अभियान उत्तर प्रदेश में नशा मुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर 1 मार्च से 31 मई 2026 तक चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 29 अप्रैल को हाथरस पुलिस ने जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 48 अभियोगों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। बताया गया कि लंबे समय से थानों के मालखानों में जमा इन मादक पदार्थों का विनष्टीकरण आगरा के एत्मादपुर स्थित अधिकृत वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में किया गया। इस दौरान कुल लगभग 11.427 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए।
विनष्ट किए गए पदार्थों में नशीला पाउडर, स्मैक, गांजा, चरस, डोडा और अफीम शामिल हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 31 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। हाथरस पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि नशा तस्करों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान न केवल अपराध पर नियंत्रण लगाने में मददगार हैं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page