बिजली की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ता पहुंचे ओड़पुरा बिजली घर, जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों को क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से कराया अवगत
हाथरस। बिजली की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष श्याम प्रधान अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मथुरा रोड स्थित ओढ़पुरा बिजली घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अधिकारियों को क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया। जिला अध्यक्ष श्याम प्रधान ने बताया कि मुरसान क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से जनता काफी परेशान है। लगातार हो रही बिजली कटौती और टूटे हुए तारों की मरम्मत न होने के कारण किसानों और आम जनमानस को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसी के चलते राष्ट्रीय लोक दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्वयं बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। उन्होंने मनमानी करने वाले जेई और विद्युत लाइनमैन को हटाने की मांग भी की। श्याम प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश और केंद्र में चल रही सरकार की छवि को विद्युत विभाग के कुछ अधिकारी खराब करने का काम कर रहे हैं। चाहे स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याएं हों या अन्य तकनीकी दिक्कतें, किसी का भी समय पर समाधान नहीं किया जा रहा है। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान, राष्ट्रीय लोक दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

