सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर सावरकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी ,विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कार्यवाही को लेकर सोंपा ज्ञापन
हाथरस। जनपद के सिकंद्राराऊ क्षेत्र में बुधवार को उस समय माहौल गर्मा गया, जब सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर सावरकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और AI के माध्यम से बनाई गई फोटो वायरल होने की सूचना सामने आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी विवेक वार्ष्णेय नामक युवक पर आरोप है कि उसने अपनी निजी फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री और वीर सावरकर के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए आपत्तिजनक फोटो पोस्ट की, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकजुट होकर सिकंद्राराऊ कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने इस घटना को राष्ट्रपुरुषों का अपमान बताते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रनायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम जरूर है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर धार्मिक, सामाजिक और राष्ट्रीय भावनाओं को आहत करने वालों को कड़ा संदेश देना जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

