बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक, दिए निर्देश
हाथरस। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी और समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने स्तर पर संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करें तथा बाढ़ नियंत्रण और निरोधक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मजदूर, मशीनरी, पंप, डीजल और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए। साथ ही जल निकासी, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी व्यवस्था की जाए और पुलिस व प्रशासनिक टीमों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि राहत कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार कर ली जाए। सिंचाई और राजस्व विभाग को नदियों के जलस्तर की नियमित मॉनिटरिंग करने और तटबंधों का समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नाव, मोटरबोट, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि बाढ़ के दौरान फैलने वाली संभावित बीमारियों की रोकथाम के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखी जाएं और मेडिकल टीमों को अलर्ट मोड में रखा जाए। वहीं पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारे और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया, ताकि लोगों को बाढ़ से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके और किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जा सके।

