संदिग्ध परिस्थितियों में 70 वर्षीय बुजुर्ग का लहुलुहान मिला शव, हत्या की आशंका
हाथरस। जंक्शन क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी 70 वर्षीय जगदीश शर्मा का शव उनके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। बताया जा रहा है कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कोरोना काल में पत्नी की मृत्यु के बाद जगदीश शर्मा अकेले ही घर में रह रहे थे। ऐसे में पुलिस करीबी लोगों की भूमिका को भी जांच के दायरे में मानकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

