Breaking News
भारतीय किसान यूनियन (भानू) के पदाधिकारीयो ने नायब तहसीलदार को सुनाया ज्ञापन, गौ-वंश को संवैधानिक सुरक्षा देने की मांग

हाथरस। कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त एक अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब भारतीय किसान यूनियन (भानू) के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित कराने की मांग को लेकर पहुंचे। इस दौरान प्रदेश मंडल मीडिया प्रभारी मोहम्मद सलमान ने नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारिया के समक्ष अत्यंत भावुक और प्रभावशाली ढंग से ज्ञापन का वाचन किया। ज्ञापन पढ़ते हुए मोहम्मद सलमान ने कहा महोदया, गाय सिर्फ एक पशु नहीं, बल्कि हमारी साझा विरासत और अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है। जिस तरह माँ अपने बच्चे का पालन-पोषण करती है, वैसे ही गौ माता बिना किसी भेदभाव के पूरी मानवता को अमृत रूपी दूध प्रदान करती हैं। आज वक्त आ गया है कि मजहब की दीवारों को तोड़कर हम अपनी इस सांस्कृतिक पहचान को ‘राष्ट्र माता’ का गौरव दिलाएं।”उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध केवल कानून की नहीं, बल्कि इंसानियत की मांग है। जिला अध्यक्ष ठाकुर आशीष कुमार और प्रदेश संगठन मंत्री सत्येंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में गौ-वंश को संवैधानिक सुरक्षा देने की मांग की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह और प्रधान केके शर्मा ने कहा कि सड़कों पर तड़प रही गायों के लिए बेहतर सरकारी इंतजाम होने चाहिए ताकि दुर्घटनाएं रुक सकें। इस प्रदर्शन में सद्दाम हुसैन और प्रधान विष्णु वर्मा की कंधे से कंधा मिलाकर उपस्थिति ने समाज को एकता का बड़ा संदेश दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि गाय की रक्षा के लिए हिंदू और मुसलमान दोनों एक साथ खड़े हैं। नायब तहसीलदार महोदया ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए इसे उचित माध्यम से शासन तक पहुँचाने का आश्वासन दिया। ठाकुर आशीष कुमार (जिला अध्यक्ष), सत्येंद्र कुमार सिंह (प्रदेश संगठन मंत्री), नवीन कुमार सिंह, केके शर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष), मोहम्मद सलमान (मंडल मीडिया प्रभारी), सद्दाम हुसैन, प्रधान विष्णु वर्मा सहित सैकड़ों किसान व गौ-भक्त मौजूद रहे।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page