Breaking News
दीवानी न्यायालय में 9 मई को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का किया जाएगा आयोजन

हाथरस।दीवानी न्यायालय में आगामी 9 मई 2026, दिन शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, विनय कुमार ने बताया कि इस लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर लंबित मुकदमों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा हो सके। साथ ही, उन्होंने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने विवादों का शीघ्र समाधान कराएं। अपर जनपद न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनु चौधरी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक से संबंधित मामले, धारा-138 पराक्रम्य लिखित अधिनियम के प्रकरण, वसूली वाद, सिविल एवं आपराधिक सुलह योग्य वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, स्टाम्प, उपभोक्ता फोरम, राजस्व, श्रम, चकबंदी, नगर पालिका टैक्स, विद्युत अधिनियम से जुड़े मामले सहित विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, पुलिस अधिनियम, मोटर यान अधिनियम, दुकान एवं वाणिज्य अधिनियम, आबकारी अधिनियम, गैम्बलिंग एक्ट, नगर पालिका चालान, दाखिल-खारिज, मनरेगा, शिक्षा का अधिकार, जलकर, गृहकर, आपदा राहत, कराधान, राशन कार्ड, जाति एवं आय प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों को भी इस लोक अदालत में सुलझाया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने की अपील की है।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page