Breaking News
जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

हाथरस। जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आगरा रोड स्थित एमजी पॉलिटेक्निक कॉलेज का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की सख्ती और सतर्कता के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page