सासनी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बनी विपिन चौधरी ,कानून व्यवस्था बेहतर बनाए रखने पर दिया जोर
सासनी। कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मिशन शक्ति अभियान के तहत सासनी कोतवाली की कमान प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी को सौंप दी है। उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है और आते ही सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। कार्यभार संभालने के बाद प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने थाने के सभी उपनिरीक्षकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गश्त व्यवस्था को मजबूत किया जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा संबंधी मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से टीमवर्क के साथ कार्य करने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपील की।

