तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बोलेरो सवार छह श्रद्धालु हुए घायल, अस्पताल में कराया भर्ती
हाथरस।थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित प्रताप चौराहे के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और 108 व 102 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भिजवाया। जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार करीब सात लोग गंगाजी से स्नान कर अपने गांव सादाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान प्रताप चौराहे के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बोलेरो सवार करीब छह लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा प्रशासन के साथ अस्पताल पहुंच गई और घायलों से घटना की जानकारी ली।

