नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को नीति-निर्माता बनाने की दिशा में बड़ा कदम ,पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में हुआ भव्य कार्यक्रम का आयोजन
हाथरस।नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में एक भव्य कार्यक्रम और प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद की प्रभावी और प्रतिष्ठित महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण को लेकर अपने विचार साझा किए।
नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ० पवित्रा विद्या अलंकार, प्रियंका सरोज, डॉ० दीपिका शर्मा, अधिवक्ता ऋतु गौतम और सहायक अध्यापिका नीलम देवी सहित कई प्रमुख महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाना और उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल करना है।नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को केवल मतदाता नहीं, बल्कि नीति-निर्माता बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जो उनके सशक्तिकरण को नई दिशा देगा।वक्ताओं ने बताया कि यह अधिनियम महिलाओं के सम्मान, अधिकार और नेतृत्व को मजबूत करने वाला है और इससे देश के विकास में महिलाओं की भूमिका और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने इस कानून के समर्थन में लोगों से 9667173333 पर मिस्ड कॉल करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में कन्या गुरुकुल सासनी की छात्राओं द्वारा कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

