Breaking News
डीएम ने एसपी के साथ किया जीआरटीएस फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का औचक निरीक्षण

कर्मचारियों के वेतन, भुगतान, श्रम सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में ली जानकारी

हाथरस। औद्योगिक इकाइयों की व्यवस्थाओं, उत्पादों की गुणवत्ता एवं कार्यरत कर्मचारियों की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ तहसील सासनी, अलीगढ़ रोड स्थित जीआरटीएस फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंपनी में कार्यरत स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसपर कंपनी संचालक द्वारा अवगत कराया गया कि अस्थायी कर्मचारी प्रतिदिन कार्य हेतु आते हैं, जिनके माध्यम से कार्य संपादित कराया जाता है। जिलाधिकारी ने तैयार किए जा रहे उत्पादों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपायों एवं उपयोग में लाई जा रही मशीनरी तथा उत्पादन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कर्मचारियों के वेतन, भुगतान, श्रम सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि स्थायी एवं अस्थायी दोनों प्रकार के कर्मचारियों को नियमानुसार मासिक/दैनिक वेतन का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उत्पादों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को कंपनी के अभिलेखों एवं दस्तावेजों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सासनी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page