पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने डॉ बी आर आंबेडकर को किया नमन, बोली -शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम ,बागला डिग्री कॉलेज में मनाई गई डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती
हाथरस। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर शहर के पीसी बागला डिग्री कॉलेज स्थित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना कोचिंग सेंटर में कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं श्रद्धांजलि देकर किया गया। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी सरिता सिंह, बागला कॉलेज के प्राचार्य महावीर सिंह छोकर सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। हमें उनके विचारों को केवल सुनना नहीं बल्कि जीवन में आत्मसात करना चाहिए ।
उन्होंने कहा कि अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को उनके आदर्शों से प्रेरित होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने बाबा साहब के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” की व्याख्या करते हुए कहा कि उनके पदचिन्हों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

