Breaking News
जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश

हाथरस । घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के सबंध में विभिन्न स्थलों पर प्राप्त हो रही शिकायतों तथा शादी/विवाह व अन्य समारोह में भोजन की व्यवस्था हेतु व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग के परिप्रेक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, समस्त एलपीजी विक्रय अधिकारियों, पूर्ति निरीक्षकों एवं गैस एजेन्सी संचालकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित विक्रय अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनपद में एलपीजी का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। किसी भी गैस एजेन्सी पर स्टॉक की अनुपलब्धता नहीं है। वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत उपभोक्ताओं द्वारा गैस न मिलने की आशंका/घबराहट के कारण बुकिंग की जा रही है, जिससे गैस एजेन्सियों पर भीड़ लग जा रही है। विक्रय अधिकारियों कहा कि शादी/विवाह आदि कार्यक्रमों में भोजन की व्यवस्था हेतु जिला पूर्ति अधिकारी अथवा उप जिलाधिकारी के पत्र प्राप्त हो रहे हैं, जिनमें व्यक्तियों द्वारा 10-12 व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग की जा रही है, जबकि कार्यक्रम हेतु 3-4 व्यावसायिक सिलेंडर जिनमें 19 किग्रा0 गैस भरी होती है ही पर्याप्त होते हैं। गैस एजेन्सी संचालकों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा शादी/विवाह आदि कार्यक्रम हेतु नियमानुसार सिक्योरिटी और गैस का पैसा जमा कराकर आवेदकों को उपलब्धता के अनुसार व्यावसायिक सिलेंडर प्राप्त कराए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला पूर्ति कार्यालय एवं तहसील स्थित आपूर्ति कार्यालयों में शादी/विवाह आदि के कार्यक्रमों में भोजन की व्यवस्था कराने हेतु सिलेंडरों की मांग के सबंध में प्राप्त होने वाले आवेदनों को एक गूगल शीट के माध्यम अद्यतन किया जाए, जिसमें आवेदक का सम्पूर्ण विवरण दर्ज हो और उस गूगल शीट को ऑयल कम्पनियों के सैल्स ऑफिसरों एवं गैस एजेन्सी संचालकों के साथ साझा किया जाए, जिससे आसानी से यह पता चल सके कि किस आवेदक को कब और कितने व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराये जाने हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गैस एजेन्सी संचालक उपभोक्ताओं के लिए हैल्प डेस्क लगाएं जिससे उपभोक्ता आसानी से बुकिंग एवं अपनी ई-केवाईसी करा सकें। उपभोक्ताओं हेतु वाटर कूलर भी लगाया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गैस एजेन्सी पर उपभोक्ताओं की जानकारी हेतु सूचना बोर्ड अवश्य प्रदर्शित हो, जिसपर कुल स्टॉक एवं इंडेट लगने की सूचना रहे, जिससे उपभोक्ताओं को गैस उपलब्धता के बारे में जानकारी हो सके। गैस एजेन्सी पर यदि ज्यादा भीड़ होती है तो गैस एजेन्सी संचालक इसकी सूचना तत्काल क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक अथवा क्षेत्राधिकारी पुलिस/संबंधित उप जिलाधिकारी को दें और पूर्ति निरीक्षक उस एजेंसी पर जाकर भीड़ को यह आश्वस्त करें कि एलपीजी का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने सभी ऑयल कम्पनी के सैल्स ऑफिसरों को निर्देश दिए गए कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति से संबंधित बैकलॉग को जल्द से जल्द समाप्त किया जाए।
अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ने निर्देश दिए गए कि सभी गैस एजेन्सियों पर इस प्रकार का फ्लैक्स बोर्ड लगवाया जाए कि यदि किसी व्यक्ति को शादी/विवाह या अन्य कार्यक्रम में भोजन की व्यवस्था हेतु कॉमर्शियल सिलेंडरों की आवश्यकता है तो वह जिला पूर्ति कार्यालय अथवा उप जिलाधिकारी कार्यालय में अपना आवेदन दे सकते हैं और उसमें पूर्ति निरीक्षक का नाम व मोबाईल नम्बर भी अंकित हो।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, समस्त एलपीजी विक्रय अधिकारियों, पूर्ति निरीक्षक एवं गैस एजेन्सी संचालक आदि उपस्थित रहे।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page