‘दृढ़ निश्चय-नई उड़ान’ के मंत्र के साथ यूपी ग्रामीण बैंक की टाउन हॉल मीटिंग संपन्न”
हाथरस। अलीगढ़ रोड स्थित होटल अम्बा एम्बियन में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस के अंतर्गत आने वाली सभी 56 शाखाओं के शाखा प्रबंधकों, अधिकारियों एवं कार्मिकों की टाउन हॉल मीटिंग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान कार्यालय लखनऊ से पधारे महाप्रबंधक शैलेश कुमार जैन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय प्रबंधक राम शरण वर्मा द्वारा महाप्रबंधक श्री जैन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात मुख्य प्रबंधक धर्मेन्द्र मिश्रा ने हाथरस क्षेत्र का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत करते हुए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में दिए जा रहे योगदान पर प्रकाश डाला।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में महाप्रबंधक शैलेश कुमार जैन ने टाउन हॉल मीटिंग के माध्यम से सभी 56 शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बैंक की टैगलाइन, मिशन एवं विज़न को विस्तार से समझाते हुए “दृढ़ निश्चय – नई उड़ान” की अवधारणा को व्यावहारिक दृष्टिकोण से स्पष्ट किया। उन्होंने बैंक के वर्तमान एवं आगामी तीन वर्षों के लक्ष्यों को रेखांकित करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की और सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ लक्ष्य-उन्मुख कार्य करने का आह्वान किया।
महाप्रबंधक ने कहा कि ग्राहकों को दी जाने वाली प्रत्येक सेवा में तत्परता और गुणवत्ता ही बैंक की सशक्त पहचान है। उन्होंने डिजिटल एवं चलचित्र माध्यमों के जरिए उपस्थित कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को एकजुट होकर जनसेवा के उद्देश्य को पूर्ण करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राम शरण वर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस के अंतर्गत आने वाली सभी शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को विभिन्न बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निरंतर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाप्रबंधक के मार्गदर्शन से टीम हाथरस में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और सभी कार्मिक बैंक के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम के अंत में एनपीए वसूली, ऋण वितरण एवं जमा संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शाखाओं एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अलीगढ रोड और आगरा रोड हाथरस शाखाओं द्वारा कार के लिए ऋण लेने वाले कार मालिकों को कार की चाभी भेंट की गई l
टाउन हॉल मीटिंग में सैकड़ों की संख्या में बैंक कार्मिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक श्री हिमांशु शर्मा ने किया, जबकि अंत में वरिष्ठ प्रबंधक श्री शतमन्यु जांगिड़ ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

