Breaking News
अभद्र टिप्पणी के विरोध में राजकुमार भाटी का घंटाघर चौराहे पर पुतला दहन, रोष व्यक्त

हाथरस। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के तत्वावधान में आज घंटाघर चौराहे पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जनपद संरक्षक श्री शरद उपाध्याय ‘नंदा’ एवं जिला अध्यक्ष विनीत शर्मा (बंसी पंडित) ने किया।
इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उक्त बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी वर्ग या समाज के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।

नवीन स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन करने ई-रिक्शा से पहुंचीं पालिका अध्यक्ष ,शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम ,स्ट्रीट लाइटों की रोशनी से जगमगाया पुराना मिल कंपाउंड

हाथरस। नगर पालिका परिषद, हाथरस द्वारा शहर में बेहतर एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में पुराना मिल कंपाउंड, आगरा रोड स्थित नवीन स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा फीता काटकर किया गया।
माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा एवं जनहित से जुड़े सकारात्मक संदेशों से प्रेरित होकर पुराना मिल कंपाउंड, आगरा रोड स्थित नवीन स्ट्रीट लाइटों के उद्घाटन कार्यक्रम हेतु ई-रिक्शा से पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी उद्घाटन स्थल तक पहुंचीं।
जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा मानना है कि हमें केवल सकारात्मक विचारों को सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत करना चाहिए। ई-रिक्शा जैसे पर्यावरण हितैषी साधनों का उपयोग न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक है, बल्कि यह स्वच्छ एवं जागरूक भारत के निर्माण की दिशा में भी एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है। आइए, हम सभी राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े ऐसे सकारात्मक प्रयासों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं आधुनिक शहर के निर्माण में अपना योगदान दें।


इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सम्मानित सहयोगी उपस्थित रहे, जिनमें विवेक गुप्ता नगर अध्यक्ष भाजपा, अशोक गोला सभासद, रामजी लाल वर्मा सभासद, दिनेश सिंह (नन्हे भैया) सभासद, प्रमुख उद्ययोगी मनोज अग्रवाल राया वाले, धीरज जैन सभासद प्रतिनिधि, बीना जैन सभासद एवं शालिनी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा सभी ने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।
पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी जी ने कहा कि नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी होने से आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी तथा राहगीरों एवं व्यापारियों को आवागमन में राहत प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद लगातार कार्य कर रही है।
नगर पालिका परिषद, हाथरस द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 350 नग 90 वाट की आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटों की खरीद कर अधिष्ठापन कराया जा रहा है। यह स्ट्रीट लाइटें नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों वाले वार्ड संख्या 29, 30, 31, 32 एवं 33 में उन विद्युत पोलों पर लगाई जा रही हैं, जहां पूर्व में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं थी।
नगर के इन प्रमुख बाजार क्षेत्रों में प्रतिदिन भारी संख्या में आमजन का आवागमन बना रहता है। रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी के अभाव में व्यापारियों, राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद अब इन क्षेत्रों में रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी, जिससे नागरिकों की सुरक्षा बढ़ेगी और बाजारों में सुगम आवागमन हो सकेगा।
नगर पालिका परिषद द्वारा केवल मुख्य बाजार क्षेत्रों तक ही सीमित न रहते हुए नगर के अन्य वार्डों में भी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। पालिका प्रशासन द्वारा राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 3000 नई स्ट्रीट लाइटों की खरीद की कार्यवाही भी प्रगति पर है। इन लाइटों के स्थापित होने के बाद नगर के लगभग सभी प्रमुख मार्ग एवं पोल रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे।
इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद, हाथरस द्वारा स्ट्रीट लाइटों के संचालन को व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के लिए ऑटो टाइमर भी खरीदे जा रहे हैं। इन ऑटो टाइमरों के माध्यम से स्ट्रीट लाइटें निर्धारित समय पर स्वतः चालू एवं बंद होंगी, जिससे दिन के समय लाइटों के अनावश्यक जलने की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा तथा विद्युत ऊर्जा की भी बचत होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नगर पालिका परिषद एवं पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्यों से शहर की तस्वीर बदल रही है तथा आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। नगरवासियों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रहने की अपेक्षा व्यक्त की।

एम0एल0डी0वी0 पब्लिक इण्टर काॅलेज में मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान-समारोह

हाथरस। श्याम कुंज स्थित एम0एल0डी0वी0 पब्लिक इण्टर काॅलेज में इण्टरमीडिएट सी0बी0एस0ई0 बोर्ड परीक्षा-2026 के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसका शुभारम्भ उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह, संस्था के डायरेक्टर राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित स्वतंत्र कुमार गुप्त, प्रधानाचार्या पूनम वाष्र्णेय एवं संस्था के प्रशासनिक हेड हर्षित गुप्ता (एड0) ने मा0 सरस्वती के छवि चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में प्रथम दस स्थान प्राप्त हर्ष वर्धन शर्मा 95.6 प्रतिशत, जाॅनी सिंह 93.2 प्रतिशत, पारूल   92.0 प्रतिशत, श्रेयश शर्मा 90.0 प्रतिशत, निराली गुप्ता 89.2 प्रतिशत, चिराग गुप्ता 87.0 प्रतिशत, अंशिका गौतम 85.4 प्रतिशत, रोहित सिंह 84.4 प्रतिशत, अमन अग्रवाल 81.2 प्रतिशत एवं लखन दीक्षित 80.8 प्रतिशत को उपजिलाधिकारी सदर द्वारा प्रतीक चिन्ह एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजबहादुर सिंह ने विद्यालय के दीर्घकालीन इतिहास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि 1998 में शिक्षाविद् एवं डी0आर0बी0 काॅलेज के पूर्व प्रधानाचार्य स्वतंत्र कुमार गुप्त द्वारा स्थापित यह विद्यालय विगत वर्षों में सी0बी0एस0ई0 बोर्ड परीक्षाओं में शानदार परीक्षाफल देकर जनपद हाथरस में शिक्षा क्षेत्र में नाम रोशन कर रहा है। यहाँ का मन को छू लेने वाला प्राकृतिक वातावरण उत्कृष्ट अनुशासन एवं छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के समर्पण ने इस विद्यालय को उत्कृष्ट स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने प्रतिभाशली मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शानदार उपलब्धि के लिये हार्दिक बधाइे देते हुये कहा कि वह बिना रूके अपने लक्ष्य का निरन्तर ध्यान रखते हुये अपने उद्देश्य में सफल हों। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों से कहा कि वह अपने बालक-बालिका की रूचि के अनुसार उसे भविष्य की संस्कार युक्त शिक्षा दिलवायें एवं अपनी इच्छा को बालक-बालिका पर बल-पूर्वक न थोपें, जिससे इन मेधावियों की प्रतिभा सुगन्धित हो, पुष्पित एवं पल्लवित हो सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सम्पूर्ण स्टाफ का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन रिद्धी अग्रवाल द्वारा किया गया।
अन्त में संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

भारत स्काउट और गाइड की जिला कार्यकारिणी बैठक में वार्षिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

हाथरस। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश प्रादेशिक मुख्यालय लखनऊ के दिशा निर्देशन में आज जिला कार्यकारिणी की बैठक श्री सुरजोबाई बालिका इंटर कॉलेज हाथरस के सभागार में किया गया जिसकी अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त /जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने किया। बैठक में जिला संगठन आयुक्त स्काउट धीरेंद्र प्रताप सिंह ने पिछले एजेंडे की पुष्टि करते हुए वर्तमान सत्र के लिए वार्षिक कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए दलों की देय नवीनीकरण,अंशदान, संबंंधता शुल्क, वारंट शुल्क, प्रादेशिक मुख्यालय को भेजते हुए 24 राज्य पुरस्कार प्राप्त स्काउट और गाइड को राष्ट्रपति पुरस्कार हेतु आवेदन करने, नवंबर माह में राज्य पुरस्कार कराने एडवांस कोर्स उत्तीर्ण स्काउट मास्टर/ गाइड कैप्टन को हिमालय वुड बैज हेतु आवेदन करने, बेसिक/एडवांस कोर्स नवंबर माह में कराने से अवगत कराया। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अलीगढ़ मंडल श्रीमती नेहा कटियार ने प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र शीतलखेत उत्तराखंड में चल रहे एडवेंचर कैंप के बारे में विस्तृत जानकारी दी और अधिकाधिक प्रतिभाग करने की विशेष अपील की और प्रदेश मुख्यालय की वार्षिक कार्ययोजना की हस्तपुतिका डी आई ओ एस को भेट की।
जिला मुख्यआयुक्त/ जिला विद्यालय निरीक्षक ने अपने अध्यक्षीय भाषण में
शासन द्वारा चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों से अवगत कराते हुए स्काउट और गाइड के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास में जोर दिया। जिला कोषाध्यक्ष ने आय व्यय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की।
खेल सचिव अतुल कुमार वर्मा ने वर्तमान सत्र के जिला क्रीड़ा समिति का चुनाव करते हुए पदाधिकारियो के नाम की घोषणा की।अंत में राष्ट्रीय जंबूरी में प्रतिभाग़ करने वाले माधुरी गौतम को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला आयुक्त गाइड ममता उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, संयुक्त सचिव डॉ दीपक जैन, शिव कुमार, के साथ ही प्रधानाचार्य श्री कुंटेश,लाखन सिंह, मुकेश कुमार, डॉ राजीव अग्रवाल, राजेन्द्र सिंह, डॉ राजीव गुप्ता आदि जनपद के सभी राजकीय एवं अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, स्काउट मास्टर ऋषि कुमार, दीपक कुमार, गाइड कैप्टन तथा खेलकूद प्रभारी मौजूद रहे।

अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम के चतुर्थ दिवस पर युवाओं ने उचित दर की दुकान पर समझी वितरण प्रणाली

हाथरस । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा भारत तथा जिला पूर्ति विभाग, हाथरस के तत्वाधान में संचालित 5 दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम (ईएलपी) के चतुर्थ दिवस पर आज प्रतिभागी युवाओं को हाथरस जनपद के हतिसा स्थित एक उचित दर की दुकान का भ्रमण कराया गया।
इस अवसर पर युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतिम चरण अर्थात लाभार्थियों तक खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप में समझाया गया। पूर्ति निरीक्षक रोहित कुमार एवं विक्रेता द्वारा युवाओं को बताया गया कि किस प्रकार पात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया जाता है तथा ई-पॉस मशीन के माध्यम से डिजिटल एवं पारदर्शी तरीके से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को वितरण प्रक्रिया के विभिन्न चरणों यथा लाभार्थी पहचान, राशन आवंटन, वितरण अभिलेखीकरण एवं निगरानी तंत्र के बारे में भी विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण एवं डिजिटल सिस्टम का उपयोग किया जाता है।
जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार के अनुसार इस प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतिम स्तर की स्पष्ट एवं व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई है। युवाओं ने जाना कि किस प्रकार सरकार द्वारा संचालित योजनाएं सीधे आम जनता तक पहुंचती हैं तथा इस प्रक्रिया में जवाबदेही एवं पारदर्शिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कार्यक्रम में प्रतिभागी युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही तथा उन्होंने इसे एक उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव बताया।

स्वस्थ रहने के लिये जीवनशैली में योग को करें शामिल: सरिता महेश्वरी , साकेत कॉलोनी में चल रहा 05 दिवसीय निःशुल्क योग शिविर

हाथरस। पतंजलि महिला योग समिति हाथरस के तत्वावधान में पांच दिवसीय योग शिविर के तीसरे दिन का योग सह जिला प्रभारी सरिता माहेश्वरी के आवास पर योग शिक्षिका बहन चाँदनी शर्मा जी के द्वारा योग प्राणायाम एवं एक्यूप्रेशर द्वारा बिभिन्न बीमारियों के इलाज के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई l
आज के शिविर में योग शिक्षिका बहन शिप्रा बंसल, मिथलेश वर्मा, मालती गर्ग, कल्पना सेंगर, सरिता रानी गुप्ता,संजू शर्मा, शशि लवानिया,सहित कुल 34 योग साधिकाओं द्वारा भाग लिया गया l
शिविर के अंत में सरिता माहेश्वरी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया l

रोडवेज बस से हाथरस पहुँचे सांसद अनूप प्रधान ,प्रधानमंत्री द्वारा पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील के बाद सांसद ने दिया संदेश

हाथरस। लोकसभा क्षेत्र हाथरस के सांसद अनूप प्रधान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रहित एवं जनभागीदारी के संदेश से प्रेरित होकर अलीगढ़ स्थित अपने आवास से संसदीय क्षेत्र हाथरस तक की यात्रा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सरकारी रोडवेज बस से की।
सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि सकारात्मक संदेशों को केवल सुनना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना भी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। रोडवेज बस से यात्रा कर उन्होंने आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अनुभवों को समझने का प्रयास किया।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि राष्ट्रहित एवं जनहित से जुड़े सकारात्मक प्रयासों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा सार्वजनिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा दें।

विद्यालयों के निरीक्षण में एमडीएम और दूध वितरण में मिली बड़ी लापरवाही ,18 विद्यालयों में पाई गईं गंभीर खामियां

हाथरस मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित द्वारा जनपद के विद्यालयों में संचालित मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) एवं दूध वितरण व्यवस्था की गुणवत्ता जांचने हेतु 48 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। निरीक्षण अभियान के दौरान अधिकारियों ने जिले के कुल 194 विद्यालयों का निरीक्षण कर एमडीएम की गुणवत्ता एवं दूध वितरण का सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रा०वि० नगला उदयसिंह एवं प्रा०वि० बासवित्ता में निरीक्षण के समय न तो एमडीएम वितरित किया गया और न ही दूध वितरण कराया गया। इसके अतिरिक्त 10 विद्यालयों में एमडीएम की गुणवत्ता खराब पाई गई, जबकि 10 विद्यालयों में दूध वितरण नहीं किया गया। प्रा०वि० नगला उदय सिंह, प्रा०वि० बासवित्ता में एमडीएम एवं दूध वितरण नहीं किया गया प्रा०वि० नगला मनी, उ०प्रा०वि० टुकसान, प्रा०वि० नवीपुर एमडीएम, उ०प्रा०वि० नवीपुर में दूध की गुणवत्ता खराब मिली, प्रा०वि० सिचावली कदीम, प्रा०वि० खुटीपुरी जाटान में दूध वितरण नहीं किया गया तथा एमडीएम गुणवत्ता खराब पायी गयी दूध वितरण नहीं किया गया प्रा०वि० हासिमपुर, प्रा०वि० सुसायत खुर्द, प्रा०वि० सुसायल कलां, प्रा०वि० नगला घना में एमडीएम की गुणवत्ता खराब मिली प्रा०वि० नगला चौबे, संवि०वि० मीतई, प्रा०वि० नगला माधौ, प्रा०वि० नगला भीका, प्रा०वि० नगला बाबू-2, प्रा०वि० कलुआ में दूध वितरण नहीं किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रोस्टर के अनुरूप हो विद्युत आपूर्ति ,जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में विद्युत विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित

हाथरस । जनपद में विद्युत आपूर्ति को सुचारू, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में विद्युत विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर व्यवस्था, उपभोक्ता शिकायतों एवं विभागीय योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्युत उपभोक्ताओं को सही एवं वास्तविक बिल उपलब्ध कराए जाने हेतु मीटर रीडरों द्वारा निर्धारित स्थल पर पहुंचकर नियमित रूप से मीटर रीडिंग दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने विद्युत चोरी एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश देते हुए कहा कि रोस्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि खराब होने वाले ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बिना विलंब बदला जाए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित न हो और आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि यदि किसी कारणवश विद्युत शटडाउन लिया जाता है, तो उसकी पूर्व सूचना संबंधित क्षेत्र में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से आमजन तक समय से पहुंचाई जाए। उन्होंने लोड के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि कराए जाने के निर्देश दिए, जिससे ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार न पड़े और विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित होती रहे। साथ ही विद्युत बिलों में अधिक राशि आने संबंधी शिकायतों सहित अन्य प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत द्वारा विभागीय योजनाओं, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों, ट्रांसफार्मर बदलने की समय-सीमा तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने मोबाइल ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्युत आपूर्ति प्रभावित न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

विकास भवन पर आयोजित विशेष आधार कैम्प में 38 लोगों केआधार अपडेट ,14 मई व 15 मई को भी होगा विशेष आधार शिविरों का आयोजन

हाथरस। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जनसामान्य को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने हेतु 03 दिवसीय विशेष आधार शिविर के अंतर्गत बुधवार को जनपद के विभिन्न स्थलों पर विशेष कैम्पों का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रवर डाक अधीक्षक, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
विशेष शिविर के अंतर्गत तहसील सिकंदराराऊ, तहसील सासनी परिसर तथा तहसील हाथरस क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा हेतु मुख्य डाकघर एवं विकास भवन परिसर में आधार सेवा कैम्प आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर आधार संबंधी सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
आयोजित शिविरों में नए आधार नामांकन, आधार कार्ड में संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट, पता परिवर्तन, बायोमेट्रिक अपडेट सहित आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को आधार संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी भी प्रदान की गई।
विकास भवन परिसर में आयोजित विशेष आधार कैम्प का मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वयं भी अपना आधार अपडेट कराया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं समयबद्ध एवं सुगमता के साथ उपलब्ध कराई जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन एवं डाक विभाग द्वारा जनसामान्य से अपील की गई है कि जिन नागरिकों को आधार से संबंधित किसी भी प्रकार का कार्य कराना हो, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाएं।
विशेष रूप से अवगत कराया गया है कि विकास भवन परिसर में आयोजित कैम्प में नए आधार कार्ड बनाए जाने का कार्य नहीं किया जाएगा, जबकि अन्य सभी निर्धारित स्थलों पर नए आधार कार्ड बनाए जाने के साथ-साथ आधार से संबंधित अन्य समस्त सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
दिनांक 14 मई, 2026 एवं 15 मई, 2026 को भी विशेष आधार शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सके।

विकास भवन पर आयोजित विशेष आधार कैम्प में आज 38 लोगों का आधार अपडेट कार्य किया गया। इसी प्रकार
तहसील सिकंदराऊ में 3 नए आधार बने और 36 लोगों के आधार अपडेट किए गए हैं। तथा तहसील सासनी में 10 नए आधार बनाए गए और 27 लोगों के आधार अपडेट किए गए हैं।

You cannot copy content of this page