Breaking News
शताक्षी माता मंदिर प्रांगण में जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ हरीतिमा (बरगद, पीपल एवं पाकड़) के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हाथरस । वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर स्थित शताक्षी माता मंदिर प्रांगण में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ हरीतिमा (बरगद, पीपल एवं पाकड़) के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बरगद, पीपल और पाकड़ जैसे दीर्घायु एवं पर्यावरण के लिए अत्यंत उपयोगी वृक्ष प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल की अपील की।

सीनियर सिटीजन, वृद्धजन एवं विधवा-विदुरों का सामूहिक समागम वैदिक हवन, प्रवचन एवं भजनों के साथ संपन्न

हाथरस। आर्य समाज मुरसान के तत्वावधान में सीनियर सिटीजन, वृद्धजन तथा विधवा-विदुर बंधुओं का साप्ताहिक सामूहिक समागम हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेरणादायी पंक्तियों— “प्रभुधाम गमन जीवन साथी, अब वह संग नहीं है; वृद्धावस्था में जीवन का अब वह रंग नहीं है” —के साथ हुआ।
कार्यक्रम आचार्य श्री दिनेश अग्निहोत्री पुरोहित के सानिध्य में वैदिक हवन, प्रवचन एवं भजनों के साथ संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता आशुकवि बौहरे अनिल शर्मा (तंबाकू वाले) ने की, जबकि संचालन राजीव आर्य ने किया।
मुख्य अतिथि प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री नन्नूमल जी सुपाड़ी वाले तथा विशिष्ट अतिथि फैम के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल रहे। कार्यक्रम में पद्म वर्मा, प्रसिद्ध कवि गाफिल स्वामी, कवयित्री डॉ. नीलम वाष्णेय तथा श्रीमती उमा ज्योति ने अपने ज्ञानवर्धक प्रवचनों एवं भजनों से उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया।


इस अवसर पर दिनेश जी आर्य, संजीव सिंगला, बॉबी लाला, पंडित हरेंद्र शर्मा, शिवशंकर गुलाटी, गोवर्धन शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, श्रीमती विजय आर्य, श्रीमती मंजू आर्य, संजय सिन्हा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण के लिए गुरुकुल शिक्षा पद्धति को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उनका मत था कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही बच्चों में माता-पिता, बुजुर्गों, समाज और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की उपासना से पूर्व वृद्धजनों की सेवा करना ही सच्चे नारायण की सेवा है।


कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री नन्नूमल जी सुपाड़ी वाले ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों को जलपान कराया। आचार्य दिनेश अग्निहोत्री पुरोहित ने शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

21 छात्राएं सुरक्षित,समय रहते आग पर पाया गया काबू; सभी केजीबीवी का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट
हाथरस। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार को विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिंह ने तत्काल विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। घटना के समय विद्यालय में मौजूद सभी 21 छात्राएं पूरी तरह सुरक्षित रहीं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अतिरिक्त निर्माण कार्य के दौरान उपयोग की जा रही मशीनरी से विद्युत लाइन पर अधिक भार पड़ने के कारण शॉर्ट सर्किट होने की संभावना सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का फायर सेफ्टी ऑडिट गंभीरता से कराया जाए तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने छात्राओं से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना, उन्हें टॉफी एवं चिप्स वितरित कर उत्साहवर्धन किया तथा आग, भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी और बचाव के उपायों की जानकारी भी ली। साथ ही छात्राओं से वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), तहसीलदार, पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनी जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त जांच होगी, लापरवाही पर कार्रवाईर : डीएम
हाथरस। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने थाना हाथरस गेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए तथा विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवैध कब्जों एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस एवं राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन एवं पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा निर्धारित समयावधि में संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को स्थानीय स्तर पर त्वरित न्याय एवं प्रभावी प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी हाथरस गेट, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा, संगठन विस्तार को लेकर सासनी में हुई बैठक

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) पार्टी के संगठन विस्तार अभियान के अंतर्गत शनिवार, 11 जुलाई 2026 को सासनी स्थित हनुमान चौकी के निकट बालाजी रिसॉर्ट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने जिले के पदाधिकारियों के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय ने किया।
बैठक में जानकारी दी गई कि रविवार को आगरा में पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री की अध्यक्षता में बृज क्षेत्र के सभी जिलाध्यक्षों एवं जिला महामंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन विस्तार तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया जाएगा।


इस अवसर पर हाथरस जिला टीम ने क्षेत्रीय अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिला उपाध्यक्ष सौरभ पराशर, जिला मंत्री प्रदीप शर्मा, जिला मंत्री अभिषेक पाठक तथा सादाबाद नगर अध्यक्ष सोनू गौतम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में पार्टी के संस्थापक सदस्य केशव शर्मा एवं रजत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

वृक्ष लगाने के साथ उनका संरक्षण करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी :आशीष सेंगर , श्री रामबाग इंटर कॉलेज में हुआ वृक्षारोपण

हाथरस। श्री रामबाग इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक नरेश वर्मा ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने की शपथ दिलाई।


वृक्षारोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख एवं सामाजिक कार्यकर्ता आशीष सेंगर रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त जल और स्वस्थ जीवन देना है तो अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। एक पौधा लगाना पुण्य का कार्य है, लेकिन उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना उससे भी बड़ा दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए नियमित रूप से पौधों की देखभाल करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर विधालय प्रबन्ध समिति के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा मार्केट वाले, कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश बागड़ी, प्रधानाचार्य शिवकुमार शर्मा , योगेश बागड़ी,दीपेश तिवारी, राजेश सिंह, रामनाथ , राघव आदि मौजूद रहे।

प्रेस क्लब ऑफ हाथरस का स्थापना दिवस समारोह स्थगित, युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता के आकस्मिक निधन के बाद क्लब की बैठक में लिया फैसला

हाथरस। जनपद के युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता का इटावा जिले में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के बाद प्रेस क्लब ऑफ हाथरस का 12 जुलाई को होने वाला स्थापना दिवस समारोह स्थगित कर दिया गया है। प्रेस क्लब ऑफ़ हाथरस के रामलीला मैदान स्थित कार्यालय पर आकस्मिक हुई बैठक में क्लब के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता के आकस्मिक निधन के बाद आज लेवर कॉलोनी पार्क में हुई उठावनी में शामिल होने के बाद मेरा मन बहुत द्रवित हो गया। पवन के परिवार को ईश्वर इस दुख को सहन करने की शक्ति दें । क्लब इस दुख की घड़ी में पीडित परिवार के साथ तन मन धन से खड़ा है।

उन्होंने कहा कि पवन पत्रकारिता में उभरता हुआ युवा चेहरा था। वह बहुत ही व्यवहार कुशल व मर्दुभाषी था। लेकिन इस उभरते पत्रकार को सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उन्होंने कहा कि ईश्वर के आगे किसी का वश नहीं चलता। पवन की सांसारिक यात्रा यहीं तक लिखी थी। पवन की कमी को कभी पूरा नही किया जा सकता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।

बैठक में प्रमुख रूप से क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्कर कुमार, राजदीप तोमर, बृजेश मिश्र, जिनेंद्र जैन, पुनीत उपाध्याय, आशीष सेंगर, उमाकांत बॉबी, शैलेंद्र कुमार सिंह ,पुलकित जैन,मोनू कुरैशी आदि मौजूद रहे

सोशल मीडिया पर अवैध असलाह के साथ वायरल पोस्ट के आरोपी को किया गिरफ्तार

कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर व 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद
हाथरस। सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध असलाह के साथ एक युवक की वायरल पोस्ट संज्ञान में आयी थी । उक्त वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा पोस्ट में दिख रहे व्यक्ति की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु थाना प्रभारी हसायन जनपद हाथरस को निर्देशित किया गया था ।
जिसके क्रम में दिनांक 09.07.2026 को थाना हसायन पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए अवैध असलहा के साथ फोटो में दिख रहे 01 आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर व 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के सम्बन्ध मे थाना हसायन पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।

हाईवे किनारे अवैध कॉलोनियों पर डीएम का एक्शन, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई ,भूखंड खरीदने से पहले सभी दस्तावेज जांच करने की डीएम ने की अपील

हाथरस। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हतीसा बाईपास से नगला भूस कट तक विकसित की जा रही कॉलोनियों का जिलाधिकारी ’अतुल वत्स’ ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों एवं नियमों का पालन न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।निरीक्षण में पाया गया कि कई कॉलोनियों के मुख्य द्वार पर स्वीकृत मानचित्र, लेआउट तथा आवश्यक अनुमतियों और अभिलेखों का सार्वजनिक प्रदर्शन नहीं किया गया है, जिससे आमजन के गुमराह होने की आशंका है। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं विनियमित क्षेत्र के अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई कॉलोनी बिना स्वीकृत लेआउट के विकसित की जा रही है अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रवेश मार्ग के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) या सक्षम प्राधिकारी की वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं है, तो उसके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की जीवनभर की पूंजी की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को भ्रामक जानकारी देकर या नियमों का उल्लंघन कर भूखंड बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी कॉलोनाइजरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कॉलोनियों के लेआउट स्वीकृत करने का अधिकार केवल ’जिला पंचायत क्षेत्र’ अथवा ’विनियमित क्षेत्र (नियत प्राधिकारी कार्यालय)’ को ही प्राप्त है। किसी भी कॉलोनी का विकास शुरू करने से पहले कॉलोनाइजर को सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृत लेआउट एवं मानचित्र प्राप्त करना अनिवार्य है।उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कॉलोनाइजर कॉलोनी स्थल पर स्वीकृत लेआउट, स्वीकृत मानचित्र संख्या तथा सड़क, विद्युत, पेयजल, सीवर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करे, ताकि भूखंड खरीदने वाले लोगों को सही जानकारी मिल सके।अंत में जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले उसका स्वीकृत लेआउट, सक्षम प्राधिकारी की अनुमति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भलीभांति सत्यापन अवश्य करें, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम का निरीक्षण, जलापूर्ति में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

हाथरस।जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विकास खण्ड मुरसान की ग्राम पंचायत चंदपा-चितावर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यदायी संस्था बी.जी.सी.सी.पी.एल.-रामकी (जे.वी.) द्वारा संचालित निर्माणाधीन पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कराने तथा सभी अवशेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने, गृह जल संयोजन, ट्यूबवेल, पम्प हाउस तथा ओवरहेड टैंक निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। कार्यों में लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। ओवरहेड टैंक की सीढ़ी पर सुरक्षा रैलिंग न मिलने और निर्माण कार्यों में खामियां पाए जाने पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके बाद जिलाधिकारी ग्राम पंचायत चितावर पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर परियोजना की वास्तविक स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह माह पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए इंटरलॉकिंग सड़कें खोद दी गई थीं, लेकिन आज तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई घरों में पाइपलाइन बिछने के बावजूद न तो घरेलू जल कनेक्शन दिए गए हैं और न ही जलापूर्ति शुरू हुई है।
ग्रामीणों की शिकायतों और मौके पर मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने तथा निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष पाइपलाइन, पम्प हाउस, बाउंड्री वॉल एवं अन्य निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पुनर्स्थापन कराया जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

You cannot copy content of this page