Breaking News
गंगा स्नान के दौरान डूबी छात्रा, गोताखोर कर रहे तलाश

सादाबाद। गांव मड़नई की एक नीट छात्रा अपने जन्मदिन के अवसर पर नरौरा राजघाट पर गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में डूब गई। घटना के बाद से गोताखोरों की टीम लगातार छात्रा की तलाश कर रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के मुताबिक, गांव मड़नई निवासी 22 वर्षीय आरती पुत्री डिगंबर सिंह नीट की तैयारी कर रही थी। वह अपने जन्मदिन पर परिवार के साथ नरौरा राजघाट पर गंगा स्नान के लिए गई थी। बताते हैं कि स्नान के दौरान आरती ने गंगा में डुबकी लगाई, लेकिन पानी का तेज बहाव में उसने अपना संतुलन खो दिया और वह पानी में डूब गई। इससे परिजनों में चीखपुकार मच गई। मौके पर स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और छात्रा की तलाश शुरू की। कई घंटों तक चले बचाव अभियान के बावजूद देर शाम तक आरती का कोई पता नहीं चल सका। सीओ सादाबाद अमित पाठक ने बताया कि हम लगातार बुलंदशहर पुलिस और जल पुलिस के संपर्क में हैं। गोताखोरों की टीम द्वारा छात्रा की तलाश जारी है।

रामनवमी पर कन्या लांगुरा की धूम, घर-घर मातारानी के रूप में सजीं बेटियां

सादाबाद। रामनवमी के पावन अवसर पर नगर व क्षेत्र में आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर घर-घर कन्या लांगुरा जिमाए गए और बच्चों की टोलियां पूरे दिन गलियों में घूमती रहीं। बेटियों को मातारानी के स्वरूप में सजाकर उनका विधि-विधान से पूजन किया गया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में कन्याओं को आमंत्रित कर उनके चरण पखारे, रोली-अक्षत से तिलक किया और श्रद्धा भाव से भोजन कराया। छोटे-छोटे बच्चों की टोलियां “जय माता दी” के जयकारों के साथ घर-घर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करती नजर आईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। नगर के प्रमुख मंदिरों मां पथवारी मंदिर, मां काली मंदिर, श्री राम मंदिर, मां चामुंडा मंदिर एवं मां शीतला माता मंदिर पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। मंदिरों पर पुलिस सुरक्षा भी चौकस रही।

नवरात्रि पर ब्रह्माकुमारीज ने कराए “माँ के नौ दिव्य रूपों के पावन दर्शन”

सादाबाद। नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रहाकुमारीज द्वारा “माँ के नौ दिव्य रूपों का पावन दर्शन” विषय पर एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की सजीव झांकी के दर्शन कराए गए और उनके आध्यात्मिक महत्व, उनके गुणों तथा जीवन में उनके व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नवरात्रि केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि आत्म-परिवर्तन, आत्मशुद्धि और आंतरिक शक्ति जागरण का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने बताया कि माँ के नौ रूप मानव जीवन के विभिन्न गुणों शक्ति, ज्ञान, करुणा और साहस का प्रतीक हैं, जिन्हें अपनाकर जीवन को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। प्रभारी बीके भावना दीदी ने राजयोग ध्यान के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को आंतरिक शांति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया। ध्यान सत्र के दौरान वातावरण अत्यंत शांत एवं आध्यात्मिक हो गया, जिससे उपस्थित जनों को गहन आत्मिक अनुभूति प्राप्त हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया तथा विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।

भक्तों की आस्था का केंद्र है बिसावर का बृजेश्वरी देवी मां का मंदिर

सादाबाद। ग्राम पंचायत बिसावर के मजरा नगला मदारी में स्थित करीब 100 साल से अधिक पुराना प्राचीन बृजेश्वरी देवी का मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि यहां जो भक्त सच्चे मन से अपनी मुराद लेकर आता है, उसकी मुराद जरूर पूरी होती है। गांव में यह मंदिर नहर किनारे बना हुआ है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस मंदिर में विराजमान देवी प्रतिमा को नगरकोट से गांव के बन्नो भगत और रामगोपाल पैदल लेकर आए थे। इस मंदिर के प्रति आसपास के लोगों की विशेष आस्था है। हर बार नवरात्र में यहां दूर-दूर से भक्तों का आना-जाना लगा रहता है

  • मां आदिशक्ति बृजेश्वरी देवी का मंदिर काफी पुराना है। यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है। कई ऐसे भक्त हैं, जो हर साल मातारानी की पोशाक व श्रृंगार का सामान अर्पण करने आते हैं।- रूपेश भगत, मंदिर पुजारी।
सादाबाद में पेट्रोल के लिए हंगामा, लंबी लाइनें, पुलिस की मौजूदगी में मिली पेट्रोल

सादाबाद। मिडिल ईस्ट में भारी तनाव के चलते जहां लोग पहले से ही एलपीजी की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं अब पेट्रोल डीजल के रेट में हुई वृद्धि ने मंहगाई का बड़ा झटका दिया है। सादाबाद में नायरा एनर्जी के पंपों पर भी पेट्रोल पंाच रूपये महंगा हो गया। हालांकि अन्य कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर अभी पुराने रेट ही लागू हैं। ऐसे में सादाबाद में गुरूवार को कुछ पेट्रोल पंपों पर वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी तो कुछ पेट्रोल पंप वीरान पड़े रहे। चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल के सामने स्थित पारिजात पेट्रोल पंप पर गुरूवार की शाम को भारी संख्या में लोग पेट्रोल डलवाने उमड़ पड़े। पेट्रोल के लिए जब हंगामा होने लगा तो मौके पर पंप कर्मियों को पुलिस को सूचना देनी पड़ी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लाइन लगवाकर पेट्रोल का वितरण कराया। मौके पर काफी लंबी लाइनें लग गईं। कई चौपहिया व दोपहिया वाहन चालक अपने वाहनों की टंकी फुल कराकर ले गए। वहीं दूसरी ओर लोग घरों में भी तेल को डंप करने में लगे रहे। हालांकि पेट्रोल पंपों पर डिब्बे या बोतल में तेल देने पर रोक लगा दी गई। वहीं, बस स्टेंड के निकट स्थित भारत पेट्रोल पंप वीरान पड़ा रहा। यहां ग्राहकों को पेट्रोल की आपूर्ति न होने का हवाला दिया गया। इसी तरह का हाल ग्रामीण क्षेत्र की पेट्रोल पंपों का रहा। कहीं भीड़ उमड़ी तो कहीं पेट्रोल पंप वीरान पड़े रहे।

दुर्गाष्टमी पर घर-घर जिमाए गए कन्या-लांगुरा, भक्तिमय माहौल में हुई पूजा-अर्चना

सादाबाद। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर दुर्गाष्टमी के दिन सादाबाद क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरूवार को नगर और ग्रामीण इलाकों में घर-घर कन्या-लांगुरा पूजन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया और उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही घरों में पूजा-पाठ का दौर शुरू हो गया। महिलाओं ने घरों को सजाकर कन्याओं का तिलक कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें पूड़ी, चने, हलवा सहित विभिन्न पकवानों का प्रसाद परोसा गया। कन्याओं के साथ लांगुरा (छोटे बालक) को भी विशेष रूप से भोजन कराया गया। पूजा के बाद कन्याओं को उपहार, वस्त्र और दक्षिणा देकर विदा किया गया। मंदिरों में भी दुर्गाष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ आयोजित किए गए। भक्तों की भीड़ दिनभर मंदिरों में उमड़ी रही। “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं का मानना है कि दुर्गाष्टमी के दिन कन्या पूजन करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है। इस अवसर पर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में दुर्गाष्टमी का पर्व हर्षाेल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

सादाबाद में भजनों की धूम मचाएंगे भजन गायक रेशमी और श्रेय

सादाबाद। क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, पांचवे वार्षिकोत्सव पर आगामी 6 और 7 मई 2026 को श्री गोवर्धन धाम खाटूश्याम मंदिर, बिजलीघर रोड, सादाबाद पर भव्य श्याम निशान यात्रा एवं कीर्तन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी रजत अग्रवाल ने बताया कि 6 मई को प्रातः 8 बजे से श्री श्याम निशान यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा अग्रसेन सेवा सदन से शुरू होकर जवाहर बाजार, मुरसान चौराहा होते हुए मंदिर प्रांगण में सम्पन्न होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर शामिल होंगे और पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन व जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहेगा। इसके पश्चात 7 मई को शाम 6.15 बजे से भव्य कीर्तन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जो देर रात तक चलेगा। इस कीर्तन में देश के विभिन्न स्थानों से आए ख्याति प्राप्त भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में रेशमी शर्मा (समस्तीपुर), श्रेय दीक्षित (कानपुर) और अंकुर अग्रवाल (सासनी) सहित अन्य कलाकार भक्ति रस की वर्षा करेंगे। साथ ही सांवरिया म्यूजिकल ग्रुप (गाजियाबाद) भी अपनी प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम में विशेष रूप से सूरजगढ़ धाम के हजारीलाल इंदौरिया का पावन सानिध्य प्राप्त होगा, जो आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ाएगा। यह आयोजन श्री गोवर्धन धाम खाटूश्याम मंदिर ट्रस्ट, सादाबाद द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। रजत अग्रवाल ने बताया कि इस भव्य आयोजन के माध्यम से न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

मनोनीत हुए सभासदों का किया स्वागत

सादाबाद। दी बार एसोसिएशन सादाबाद द्वारा शुक्रवार को स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस स्वागत समारोह में अधिवक्ता चंद्रकांत सिंह बधौतिया को नगर पंचायत का मनोनीत सभासद चुने जाने पर अधिवक्ताओं द्वारा उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया। वहीं, तहसील परिसर स्थित समाजसेवी विश्व बंधु पाराशर एडवोकेट के प्रतिष्ठान पर भी नगर पंचायत सादाबाद से मनोनीत हुए नामित सभासद चंद्रकांत सिंह बधौतिया एडवोकेट एवं भाजपा मंडल महामंत्री चरन सिंह सागर का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। विश्व बंधु पाराशर ने कहा कि जनता को नगर की पेयजल, सड़क आदि की समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए प्रयास किए जाएं। मौके पर काफी अधिवक्तागण मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page