Breaking News
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु मेंडू में विशेष कैंप का आयोजन

हाथरस । विगत दिनांक नगर पंचायत मेंडू द्वारा जन समस्या समाधान शिविर का आयोजन केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य मे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सचेंद्र कुशवाह ने उपस्थित नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक सुविधाओं तथा नगर विकास से संबंधित विषयों पर जागरूकता प्रदान की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा। नगर पंचायत मेंडू, जनपद हाथरस ने नागरिकों से ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सक्सैना, सभासद प्रतिनिधि चौतन्य उपाध्याय, मदन मोहन सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।

योग एवं रक्तदान जैसे जनहितकारी अभियानों में सहभागिता हेतु उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की प्रेरणादायी पहल

हाथरस। सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण की भावना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस द्वारा दिनांक 14 जून 2026 को दो महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, सेवा भावना एवं मानवता के संदेश को और अधिक सशक्त बनाना है।

प्रथम कार्यक्रम के अंतर्गत “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) 2026” के अवसर पर प्रातः 06:15 बजे से 07:35 बजे तक विशेष योग शिविर का आयोजन रामेश्वर धाम बगीची, नवग्रह मंदिर के पीछे, हाथरस में किया जाएगा। योग शिविर का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम जनमानस को स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा के प्रति जागरूक करना है। बैंक द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

इसी क्रम में “विश्व रक्तदाता दिवस” के अवसर पर प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक जिला चिकित्सालय हाथरस के ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम —
“इंसानियत की एक बूंद खून दो, जानें बचाओ।”
सेवा एवं परोपकार की भावना को समर्पित है। रक्तदान शिविर में इच्छुक अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक सहभागिता कर सकते हैं। बैंक द्वारा लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने में सहयोग देने का आह्वान किया गया है।

क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस द्वारा समस्त शाखा प्रबंधकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया गया है कि वे दोनों कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपने परिवारजनों एवं समाज के अन्य लोगों को भी योग एवं रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी अभियानों से जुड़ने हेतु प्रेरित करें।

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का मानना है कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है तथा रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च उदाहरण। सामूहिक सहभागिता से समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता, सकारात्मकता एवं मानवता का संदेश और अधिक प्रभावी रूप से प्रसारित होगा।

रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास मृत मिला बुजुर्ग व्यक्ति

हाथरस। गुरुवार की सुबह हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर हाथरस जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की जांच के दौरान मृतक की पहचान 58 वर्षीय यादराम पुत्र मावशी राम निवासी गांव मेडूं, थाना हाथरस जंक्शन के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि यादराम पिछले करीब छह माह से रेलवे स्टेशन के गेट पर जूते-चप्पलों की मरम्मत का कार्य करते थे और वहीं रहते थे।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का तहसील सदर पर धरना प्रदर्शन 12 जून को ,लागत से कई गुना अधिक एमआरपी निर्धारित करने का करेंगे विरोध

हाथरस । अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जनपद हाथरस द्वारा लागत से कई गुना अधिक निर्धारित किए जा रहे अधिकतम विक्रय मूल्य (MRP) के विरोध में केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार दिनांक 12 जून 2026, शुक्रवार को प्रातः 9:00 बजे से तहसील परिसर, अलीगढ़ रोड, हाथरस में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
इसी संदर्भ में आज संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी श्री राज बहादुर सिंह जी से भेंट कर धरना-स्थल के लिए अनुमति माँगी, जिस पर उन्होंने कार्यक्रम हेतु स्वीकृति प्रदान कर दी।


उल्लेखनीय है कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा इसी दिन जंतर-मंतर, नई दिल्ली पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं। इसी क्रम में जनपद हाथरस में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, हाथरस के पदाधिकारियों ने जनपद के सभी कार्यकर्ताओं, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में तहसील परिसर पहुंचकर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा आम जनता पर पड़ रहे अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करने के इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से प्रांतीय रोजगार प्रमुख श्री अनूप अग्रवाल उदय, जिलाध्यक्ष श्री मनोज बूटियां, जिला सचिव श्री लोकेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा श्री विष्णु वर्मा अभय बंसल नगर अध्यक्ष राम अग्रवाल नगर सचिव श्याम अग्रवाल आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का कल हाथरस आगमन

हाथरस। सनातन धर्मावलंबियों के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि ज्योतिषपीठाधीश्वर, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘1008’ जी महाराज का दिनांक 11 जून 2026, गुरुवार को प्रातः 10:00 बजे श्री राधा कृष्ण कृपा वन आगरा रोड हाथरस पर आगमन हो रहा है।
जगद्गुरु शंकराचार्य जी अधिक मास के पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण कृपा भवन, आगरा रोड, हाथरस में पधारेंगे तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचन एवं दिव्य दर्शन का लाभ प्रदान करेंगे।


इस अवसर पर सनातन धर्म, गौसंरक्षण, राष्ट्रहित एवं आध्यात्मिक जागरण से जुड़े विविध विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आयोजन से जुड़े शरद उपाध्याय नंदा तथा चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने जनपद एवं आसपास के समस्त सनातन धर्म प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जगद्गुरु शंकराचार्य जी के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य जी का आगमन हाथरस के लिए सौभाग्य का विषय है तथा धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रावत शिक्षा समिति दिव्यांग निःशुल्क आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र द्वारा हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर ठंडे पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की कर रहा व्यवस्था

हाथरस। भीषण गर्मी के बीच रेल यात्रियों एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रावत शिक्षा समिति दिव्यांग निःशुल्क आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र द्वारा हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर ठंडे पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. एम.एल. रावत के निर्देशन में रेलवे स्टेशन पर आरओ युक्त ठंडे पानी का प्लांट एवं चिलर पिछले एक माह से निरंतर संचालित किया जा रहा है। पिछले चार दिनों से परीक्षार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेवा कार्य को और विस्तारित किया गया है। स्टेशन पर यात्रियों एवं परीक्षार्थियों के लिए ठंडा पानी, स्नान, हाथ-मुंह धोने, विश्राम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पुलिस एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं के लिए हाथरस में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसके कारण बाहरी जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी यहां पहुंच रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए संस्था ने यह जनसेवा अभियान शुरू किया है, ताकि किसी भी यात्री या परीक्षार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े।


इस सेवा कार्य में रेलवे कर्मचारियों, अधिकारियों, आरपीएफ, जीआरपी पुलिस के साथ-साथ दिव्यांग जन विकास संगठन एवं दिव्यांग सेना की जिला अध्यक्ष राजमाला सिंह की टीम सक्रिय सहयोग प्रदान कर रही है। इसके अतिरिक्त अशोक गोटेवाल, नलिन कुमार गोटेवाल, बब्लू कुमार सहित अनेक स्वयंसेवक भी सेवा कार्य में जुटे हुए हैं।
यात्रियों एवं परीक्षार्थियों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए डॉ. एम.एल. रावत एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। डॉ. रावत ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं परीक्षा में सफलता की कामना करते हुए कहा कि यह सेवा कार्य तब तक निरंतर जारी रहेगा, जब तक जनपद में परीक्षा केंद्र संचालित रहेंगे। उन्होंने सभी के सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की भी मंगलकामना की।

ग्रेटर नोएडा में होने वाले 16वें प्रांतीय महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर हाथरस में हुई बैठक

हाथरस। जिला हाथरस टेंट, लाइट, केटर्स, फूल एवं साउंड व्यापारी एसोसिएशन की एक अति आवश्यक बैठक मंगलवार शाम 5 बजे कोठीवाल धर्मशाला, अलीगढ़ रोड (हाथरस गेट थाने के सामने) में जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री अवधेश पंडा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में आगामी 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले 16वें प्रांतीय महाधिवेशन की तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के उपरांत निर्णय लिया गया कि जनपद की चारों तहसीलों, सातों विकास खंडों तथा विभिन्न कस्बों में समितियों का गठन कर जिम्मेदार सदस्यों को नामित किया जाएगा। साथ ही प्रांतीय स्तर पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी पदाधिकारियों को मनुहार पत्रिका के माध्यम से जिम्मेदारियां सौंपते हुए महाधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।


बैठक में यह भी तय किया गया कि 12 जून को कानपुर में होने वाली प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद सभी पदाधिकारी और सदस्य पूर्ण सक्रियता एवं समर्पण के साथ महाधिवेशन की तैयारियों में जुटेंगे, ताकि आगामी प्रांतीय महाधिवेशन को अधिक से अधिक भव्य, आकर्षक एवं सफल बनाया जा सके।
बैठक में मुख्य रूप से जिला कोषाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन मंत्री पंडित शीलेंद्र कुमार शर्मा, जिला संगठन मंत्री मुरारी लाल पचौरी, जिला उपाध्यक्ष जोली पंडित, अनिल कुमार दीक्षित, रामचरण नरूला, गोपाल वार्ष्णेय, आशीष शर्मा, हरिशंकर, हरीकिशोर नरूला, नवलकिशोर अग्रवाल, दुर्गेश ओछा, राकेश सक्सेना, विनीत वार्ष्णेय, अनिल कुमार सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

संगोष्ठियों में रक्तदान के प्रति किया जागरूक , 14 जून को माहौर गेस्ट में लगेगा विशाल रक्तदान शिविर

हाथरस। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स (एडीएचआर) द्वारा 14 जून, रविवार को प्रातः 9:00 बजे से माहौर गेस्ट हाऊस, मुरसान गेट, हाथरस में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने के उद्देश्य से एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने मंगलवार को विभिन्न रक्तदाता जागरूकता संगोष्ठियों में सहभागिता कर योग साधकों को रक्तदान के महत्व एवं इसके सामाजिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने योग प्रशिक्षक राजेश वार्ष्णेय की बालाजी शाखा, योग प्रशिक्षक अनिल वार्ष्णेय की बजरंग शाखा तथा योग प्रशिक्षक पी.एस. रावत की वृंदावन गार्डन शाखा में आयोजित योग कक्षाओं में पहुंचकर रक्तदान के प्रति जागरूकता अभियान चलाया।
संगोष्ठियों में उपस्थित योग साधकों को संबोधित करते हुए प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है इसलिए अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान अत्यंत आवश्यक है उन्होंने स्वस्थ नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।


योग प्रशिक्षक राजेश वार्ष्णेय ने कहा कि यह एक ईश्वरीय कार्य है मनुष्य को अपने जीवन में अवश्य करना चाहिए
योग प्रशिक्षक अनिल वार्ष्णेय ने कहा कि आपका दान दूसरों के लिए जीवनदान है हम सभी योग साधक इस मुहिम का हिस्सा अवश्य बनेंगे
शिविर में उपस्थित जिला संघ चालक डा.यू.एस.गॉड ने कहा कि रक्तदान करने से कभी कोई कमजोरी नहीं आती है यह दान सभी दानों में सर्वश्रेष्ट होता है जब आप रक्तदान करते हैं तो किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचती है ईश्वर जीवन देता है रक्तदाता जीवन को बचाने का कार्य करता है
योग प्रशिक्षक पी.एस.रावत ने कहा कि रक्त का महत्व बीमार के परिजनों से पूछिये आवश्यकता होने पर लाखों रुपए लेकर घूमने से भी रक्त नहीं मिलता है शिविरों के माध्यम से एकत्रित रक्त ही काम आता है
कार्यक्रम में रक्तदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं, भ्रांतियों और सावधानियों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित योग साधकों ने रक्तदान शिविर में सहभागिता करने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
14 जून 2026, विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित होने वाले इस विशाल रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के शामिल होने की संभावना है। एडीएचआर ने सभी स्वस्थ नागरिकों से शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने और मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की है।
जागरूकता शिविरों में जिला अध्यक्ष कमलकांत दोबरावाल, जिला महासचिव शैलेंद्र सांवलिया, जिला कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, मनीष अग्रवाल ,जगदीश शर्मा ,मनोज वर्मा, मुन्नालाल, डॉ. सुनीता उपाध्याय ,दीपक बंसल, दिनेश माहेश्वरी, राजकुमार शर्मा, अरुण जैन, रामजी लाल शिक्षक, मुकेश दीक्षित भट्ठा वाले, महेश चंद्र अग्रवाल, दीपक राणा व योग साधक साधिकायें उपस्थित रहे

सादाबाद में राज्य कर विभाग का व्यापारी संवाद कार्यक्रम संपन्न

हाथरस। राज्य कर कार्यालय खंड-01 द्वारा महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, सादाबाद के सभागार में “व्यापारी संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में व्यापारियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर नियम 14A के अंतर्गत पंजीकरण प्रक्रिया, GST 2.0 के तहत किए गए सुधार, जीएसटी रिटर्न, रिटर्न नॉन-फाइलर, समाधान योजना, जीएसटी सुविधा केंद्र, तकनीकी बदलावों तथा व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने विभिन्न प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए व्यापारियों को जागरूक किया।


संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं, जिज्ञासाओं एवं विसंगतियों को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान किया गया। विभाग की ओर से व्यापार सुगमता, करदाता सेवाओं तथा व्यापारी हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में श्री आर.के. सिंह (उपायुक्त, राज्य कर खंड-01, हाथरस), श्री मयंक जैन (सहायक आयुक्त, खंड-01), श्री हरिनाथ यादव (खंड-02), श्री नीरज कुमार (राज्य कर अधिकारी, खंड-01) तथा श्री दीपक (वरिष्ठ सहायक) सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
इसके अलावा श्री विपिन अग्रवाल (नगर अध्यक्ष), श्री अनुपम जिंदल (महामंत्री, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, सादाबाद), श्री सुरेश अग्रवाल (जिला अध्यक्ष, फैम), एडवोकेट अंकुर गोयल, राजेंद्र अग्रवाल, संजीव शर्मा, सीए रजत गोयल, प्रवीण अग्रवाल, सनी वर्मा सहित सादाबाद के अनेक सम्मानित व्यापारी बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया।

सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार का हार्ट अटैक से निधन


सादाबाद। कस्बे के मोहल्ला मुकेर खाना नई बस्ती में सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार का बीती रात हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। इससे लोगों में में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से गांव गीगला के रहने वाले करीब 70 वर्षीय सर्वेश कुमार कुलश्रेष्ठ कई वर्षों तक सादाबाद तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे। सेवाकाल के अंतिम दिनों में पदोन्नति पाकर उन्होंने मथुरा जिले में नायब तहसीलदार के रूप में सेवाएं दी। बीते कुछ समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। सोमवार की देर रात हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में दो बेटे और तीन पौत्र, एक पौत्री है। मंगलवार को उनके पैतृक गांव में भारी भीड़ के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई। उनके ज्येष्ठ पुत्र दस्तावेज लेखक संजय कुलश्रेष्ठ ने उन्हें मुखाग्नि दी। नगर के तमाम लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना जाहिर की।

You cannot copy content of this page