Breaking News
बैंक कार्मिकों ने काला बैज धारण कर जताया विरोध,28 से 30 सितंबर की तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने का लिया संकल्प

हाथरस यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों की विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में आज उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय–हाथरस के समक्ष क्षेत्रीय कार्यालय, शाखा अलीगढ़ रोड–हाथरस तथा सेवा शाखा–हाथरस के कार्मिकों ने काला बैज धारण कर प्रदर्शन किया और सभी बैंक की शाखाओं में यह बैज धारण कर कार्मिकों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, Performance Linked Incentive (PLI) में भेदभाव समाप्त कर समान एवं न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने तथा बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संबंधित अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई ।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस द्वारा 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है । इस आंदोलन में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था का विषय बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए लंबे समय से लंबित है। UFBU के अनुसार 12वें द्विपक्षीय समझौते एवं 9वें संयुक्त नोट के अंतर्गत सोमवार से शुक्रवार तक कार्य दिवसों में आवश्यक अतिरिक्त कार्य समय समायोजित करते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव सरकार के अनुमोदन के लिए भेजा गया था, लेकिन इस पर अभी तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है ।
बैंक कार्मिकों ने PLI की व्यवस्था में समानता एवं पारदर्शिता की भी मांग की । UFBU द्वारा इस बात पर आपत्ति व्यक्त की गई है कि संशोधित व्यवस्था में कर्मचारियों एवं विभिन्न श्रेणियों के अधिकारियों के बीच प्रोत्साहन के आधार में अंतर है तथा संगठन बैंक के समग्र प्रदर्शन से जुड़े समान आधार वाली व्यवस्था की मांग कर रहा है ।
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि बैंकिंग व्यवस्था देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है और बैंक कर्मचारी निरंतर ग्राहकों तथा बैंकिंग व्यवस्था को अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं । ऐसे में कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संबंधित लंबित विषयों का न्यायसंगत एवं शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है ।
इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्मिकों ने आगामी 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 की तीन दिवसीय हड़ताल को पूर्ण एकजुटता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया । UFBU की घोषित आंदोलन की समय-सारिणी में इन तीन दिनों की हड़ताल के बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान भी शामिल है, यदि मांगों का समाधान नहीं होता । प्रदर्शन के दौरान कार्मिकों ने “पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करो”, “PLI में समानता सुनिश्चित करो”, “बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान करो” जैसे नारे लगाते हुए अपनी एकजुटता एवं संघर्ष के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की । बैंक के कार्मिकों ने संयुक्त रूप से स्पष्ट किया कि संगठन के आह्वान पर वे आगामी आंदोलन में पूरी निष्ठा, एकजुटता और अनुशासन के साथ सहभागी होंगे ।

UPITS-2026 में हाथरस के उद्यमी करेंगे स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन

हाथरस। उपायुक्त उद्योग, हाथरस रमेंद्र कुमार ने अवगत कराया है कि दिनांक 25 सितम्बर से 29 सितम्बर 2026 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपीआईटीएस-2026 में जनपद हाथरस की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं उद्यमियों द्वारा प्रतिभाग कर जनपद के विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) के अंतर्गत जनपद हाथरस की दो इकाइयों के स्वामी श्री प्रेम पोद्दार, मैसर्स एसडीपीएस फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड तथा श्रीमती शशि देवी वर्मा, मैसर्स ब्रज किशोरी एंटरप्राइजेज, हाथरस द्वारा हॉल नंबर-9 में हींग उत्पाद का प्रदर्शन किया जाएगा।

इसी प्रकार हॉल नंबर-10 में एमएसएमई, महिला उद्यम एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से संबंधित इकाइयों द्वारा विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें श्री राम बिहारी अग्रवाल, मैसर्स आर.बी. इंडस्ट्रीज, श्री पवन कुमार, मैसर्स पवन ज्वेलर्स, श्री रविंद्र शर्मा, मैसर्स प्लास्ट केयर, श्री गोपाल कुमार, मैसर्स ए.डी. स्पाइसेज, मैसर्स वर्मा ट्रेडर्स तथा श्री शांतनु गुप्ता, मैसर्स चुन्नीलाल भगवान दास द्वारा हींग, ज्वेलरी, रसोई संबंधी सामान एवं इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों सहित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि प्रदर्शनी में जनपद के निर्यातकों द्वारा भी प्रतिभाग किया जाएगा। श्री अवध अग्रवाल, मैसर्स राधा किशन बिशन दास रंग रसायन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा हवन सामग्री तथा श्री बांके बिहारी अग्रवाल, मैसर्स आर.बी. डाईकेम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा होली कलर्स का प्रदर्शन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त एक जनपद एक व्यंजन (ODOP Food) योजना के अंतर्गत जनपद हाथरस के चयनित व्यंजन रबड़ी का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए लाइव किचन एवं पैकेजिंग के माध्यम से रबड़ी एवं उससे संबंधित उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें मैसर्स हन्नो लाला रबड़ी वाले के श्री कृष्णा वार्ष्णेय एवं श्री प्रियांशु वार्ष्णेय, मैसर्स प्रियांशु ट्रेडर्स द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि UPITS-2026 जनपद के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक उद्योगों एवं उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा उनके उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदर्शनी के माध्यम से हाथरस के हींग, हवन सामग्री, होली कलर्स, ज्वेलरी, रसोई संबंधी उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद एवं रबड़ी सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार एवं संभावित खरीदारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया है कि ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपीआईटीएस-2026 में जापान, वियतनाम, सिंगापुर, रूस, थाईलैंड और आस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि मंडल द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।

हाथरस के सरस्वती शिशु मंदिर पहुँचे प्रख्यात पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री, विद्यालय प्रबन्धक ने किया आत्मीय स्वागत

हाथरस। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी में रविवार को देश के प्रख्यात मीडिया जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों का आगमन हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रवाणी न्यूज़ के एडिटर-इन-चीफ श्री अमिताभ अग्निहोत्री, न्यूज़ वन इंडिया के एडिटर-इन-चीफ श्री अनुराग चड्ढा तथा ज़ी न्यूज़ के प्रोड्यूसर श्री माधव अग्निहोत्री विद्यालय पधारे।

विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का गर्मजोशी एवं आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। विद्यालय के शैक्षिक एवं अनुशासित वातावरण से प्रभावित होकर श्री अमिताभ अग्निहोत्री एवं श्री अनुराग चड्ढा ने विद्यालय की भवन संरचना, स्वच्छता, अनुशासन तथा शैक्षिक परिवेश की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं एवं सकारात्मक वातावरण की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री मनोज अग्निहोत्री, प्रधानाचार्य श्री लोकेन्द्र नाथ शर्मा सहित विद्यालय के समस्त आचार्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने प्रख्यात मीडिया हस्तियों के आगमन को गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी अवसर बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

धार्मिक कवि सम्मेलन में गूंजे भक्ति और धर्म के स्वर,श्री वेद भगवान शिविर में हुआ भव्य आयोजन

हाथरस। श्री दाऊजी महाराज मेला के अवसर पर किला स्थित श्री वेद भगवान शिविर में धार्मिक कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ श्री वेद भगवान एवं मां शारदा के समक्ष अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’, आशुकवि अनिल बौहरे, संयोजक श्यामबाबू चिंतन तथा वासुदेव उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उभरती कवयित्री चाहत शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत करते हुए मां शारदा से प्रार्थना की— “मां शारदे वरदान दो, मुझको नवल उत्थान दो।” इसके बाद उन्होंने दाऊ बाबा की महिमा का गुणगान करते हुए अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर किया।

प्रभु दयाल प्रभु दीक्षित ने भगवान दाऊजी महाराज के शेषनाग अवतार स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा कि त्रेता युग में वे लक्ष्मण तथा द्वापर में बलराम के रूप में अवतरित हुए। जीवन लाल शर्मा ने कबीर के माध्यम से कर्म की महत्ता का संदेश दिया। श्यामबाबू चिंतन ने रामराज्य की कल्पना को अपनी कविता में पिरोते हुए कहा कि मर्यादा फिर से बंधे और हर घर में सीताराम का वास हो।

डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मनोहारी वर्णन किया। दीपक रफी ने राम नाम की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि जीवन को धन्य बनाने के लिए राम नाम का स्मरण ही पर्याप्त है। प्रदीप पंडित ने ‘राधे-राधे’ के जाप की महिमा बताते हुए भक्ति रस से श्रोताओं को सराबोर किया।

कृष्णा दीक्षित, देवी सिंह ‘निडर’, मास्टर जी, रिंकू कौशिक, कृष्ण वर्मा सहित अन्य कवियों ने भी धार्मिक एवं आध्यात्मिक रचनाओं की प्रस्तुति देकर सम्मेलन को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।

सम्मेलन की व्यवस्थाएं इंजीनियर देव स्वरूप शर्मा एवं दीपक रफी द्वारा सुचारू रूप से संभाली गईं। इंजीनियर देव स्वरूप शर्मा ने सभी कवियों एवं श्रोताओं का पीत पटिका पहनाकर स्वागत किया।

श्री वेद भगवान के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’, सत्येंद्र स्वरूप शर्मा एवं इंजीनियर देव स्वरूप शर्मा ने सभी कवियों को वेद भगवान की प्रसादी स्वरूप लिफाफा एवं छवि चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

अंत में श्री वेद भगवान, दाऊजी महाराज एवं रेवती मैया के जयकारों के साथ-साथ “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो” के उद्घोष किए गए। “सनातन धर्म की जय हो”, “पार्वती पतये, हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ धार्मिक कवि सम्मेलन संपन्न हुआ।

भारत केसरी पहलवानों के बीच हुई 51000 की कुश्ती बराबरी पर छूटी,मेला दंगल ,मेला के दंगल में तीसरे दिन लड़ी गई 125 से अधिक कुश्तियां

हाथरस। ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के 115 वें महोत्सव में आयोजित अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल में तीसरे दिन भी छोटी बड़ी करीब 125 से अधिक कुश्तियां लड़ी गई। जिनमे कुछ कुश्ती आर पार हुई तो कुछ बराबरी पर छुटी। वही दंगल में खिताबी भिड़न्त में अंतिम कुश्ती 2 लाख 51 हजार रुपये ईनाम की दो बडे पहलवानों भारत केसरी पहलवानों के बीच लड़ी गई और काफी जोर आजमाइश के बाद कुश्ती बराबर रही। जबकि दंगल में रोमांच भर देने वाले मशहूर पहलवान लाड़ी बाबा की कुश्ती आरपार होने पर दंगल स्टेडियम रोमांच से झूम उठा।इस दौरान दंगल स्टेडियम में मौजूद जनता ने मल्ल विद्या के रोमांच से भरे जौहर देखकर दंगल का जमकर आनंद लिया। दंगल अखाड़े में एक से बढ़कर एक पहलवानों की भी कुश्ती आयोजित कराई जा रही हैं और इन कुश्तियों ने दंगल में भारी जोश, उत्साह व रोमांच भर दिया है।

ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के 115 वें महोत्सव में आयोजित अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ युवा नेता पं. विपुल गौड़ के संयोजन एवं दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा के नेतृत्व में देश के नामी गिरामी पहलवानों द्वारा विशाल दंगल स्टेडियम अखाड़ा में कुश्ती लड़कर मल्ल विद्या के रोमांचक जोहर दिखाये जा रहे हैं । विराट कुश्ती दंगल में अन्य राज्यों के पहलवानों के साथ-साथ क्षेत्रीय पहलवानों की भी कुश्ती जमकर कराई जा रही हैं और क्षेत्रीय पहलवानों की प्रतिभा को भी निखारा जा रहा है।। विराट अखिल भारतीय कुश्ती दंगल में तीसरे दिन करीब 125 से अधिक कुश्ती लड़ी गई, जिनमे ₹11000 इनाम की कुश्ती बाबा भगतदास पहलवान हरिद्वार व अंगद तूफान पहलवान राजस्थान के बीच लड़ी गई और यह रोमांचक मुकाबला कुछ ही देर में आरपार हो गया और बाबा भगतदास हरिद्वार ने कुश्ती जीत ली। 51000 ईनाम की कुश्ती अमन पहलवान नंदूगढ़ी बिसावर तथा जनक पहलवान मथुरा के बीच लड़ी गई और यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। जबकि कुश्तियों में सबसे ज्यादा रोमांच उस समय पैदा हो गया, जब दंगल अखाड़े में सबसे ज्यादा चर्चित रहने वाले पहलवान लाड़ी बाबा अयोध्या और पंजाब के पहलवान शेरे पंजाब के बीच 51000 रूपये का मुकाबला हुआ। जिसमें लाड़ी बाबा द्वारा मल्ल विद्या के रोमांचक जौहर दिखाते हुए दंगल स्टेडियम में भारी संख्या में मौजूद जनता को मल्ल विद्या के दांव पेच से जहां रोमांच भर दिया। वही लाड़ी बाबा की कुश्ती को देखने के लिए दर्शक जहां के तहां खड़े हो गए और पहलवान लाडी बाबा ने मुकाबला जीत लिया और जनता ने जमकर मल्ल विद्या के प्रदर्शन व रोमांच का आनंद लिया ।

विराट कुश्ती दंगल में 1 लाख 11 हजार रुपये ईनाम की कुश्ती विश्वजीत पहलवान बिचपुरी व मनीष पहलवान तिरवाया के बीच आयोजित की गई और यह कुश्ती बराबर रही।विराट कुश्ती दंगल में दंगल की तीसरे नंबर की बड़ी कुश्ती 1लाख 21 हजार रुपये ईनाम की विट्टू पहलवान एवं चन्दू पहलवान मथुरा के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ और इन दोनों पहलवानों ने भी जनता को रोमांचक जौहर दिखाते हुए मुकाबला बड़ी दमदारी के साथ लड़ा गया और अंत में बिट्टू पहलवान बिसावर ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। विराट दंगल में दंगल के दूसरे नंबर की कुश्ती ₹1लाख 51 हजार रूपये ईनाम की अजीत पहलवान कुमरपुर एवं शमशेर पहलवान पंजाब के बीच आयोजित की गई और इस कुश्ती ने दंगल में भारी रोमांच भर दिया तथा यूपी व पंजाब के पहलवानों ने अपने मल्ल विद्या के दांवपेच दिखाते हुए जहॉ कुश्ती को बेहद दिलचस्प बना दिया, लेकिन अंत में मुकाबला बराबरी पर छूटा।

विराट दंगल में पहले नंबर की अंतिम कुश्ती 2 लाख 51000 रुपए ईनाम की कुश्ती भारत केसरी रामेश्वर पहलवान सिकन्द्राराऊ एवं हरियाणा के भारत केसरी पहलवान संजय पहलवान के बीच आयोजित की गई और दोनों पहलवान के बीच काफी जोर आजमाइश के बाद कुश्ती बराबर रही।हालांकि कुश्ती भी काफी जोर आजमाइश के बाद बराबर रही। इस दौरान पहलवानों द्वारा मल्ल विद्या के ऐसे ऐसे जौहर दिखाए गए और इन्हे देखकर जनता रोमांचित हो उठी।। विग़ट अखिल भारतीय कुश्ती दंगल में दंगल के आज चौथे दिन भी कई बड़े रोमांचक मुकाबले भारत केसरी पहलवानों के बीच आयोजित होंगे, जो दंगल प्रेमी जनता को मल्ल विद्या के रोमांच भर देने वाले जौहर दिखाकर दाऊ बाबा के प्रिय खेल को और भी ज्यादा रोचक एवं दिलचस्प बनाएंगे।

इस मौके पर मुख्य अतिथि भाजपा जिला मंत्री विपिन लवानियां एवं सभी अतिथियों एवं विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारियों तथा पहलवानों का दंगल संयोजक विपुल गौड़, दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा, दंगल के विशेष सहयोगी एवं सक्रिय भूमिका निभा रहे सुभाष उपाध्याय कोल्ड वाले, दंगल मार्गदर्शक अशोक शर्मा, दंगल स्वागत अध्यक्ष संदीप जादौन, निर्देशक अजय शर्मा, मुख्य व्यवस्थापक विकास भारद्वाज, दंगल सहसंयोजक रूपेश दीक्षित, गौरव रावत, सौरभ शर्मा, डॉ. कमल शर्मा, रानू ठाकुर, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, सौरभ शर्मा आरटीओ व उदित शर्मा, सह व्यवस्थापक सुग्रीव पंडित,द्वारा संयुक्त रूप से पगड़ी बांधकर, दुपट्टा ओढ़ाकर तथा बड़ी तस्वीर एवं गदा भेंटकर स्वागत और सम्मान किया गया।

दंगल अखाड़े में दंगल में पहलवानों की कुश्तियों की रेफरीशिप मुकेश पहलवान,तरूण पहलवान, नवल उस्ताद, एनउनाई कोच तेजबहादुर द्वारा की जा रही है। जबकि दंगल की कमेंट्री कुंजबिहारी शर्मा कुंजी गुरु, पूर्व दंगल संयोजक बौ. प्रशांत शर्मा, सुनील बैनवाल, सचिन पहलवान द्वारा की जा रही है। वहीं दंगल की व्यवस्थाओं में सहयोगी हिमांशु गौड़, अनूप यादव,सुमित शर्मा, भरत, सत्यम, शुभम, गोपाल सिंह, हिमांशु भारद्वाज, विपिन ठाकुर, गौ सेवक राहुल उपाध्याय, योगी ठाकुर, लाला दीक्षित आदि द्वारा व्यवस्थाओं को संभाल जा रहा है।

115वें एवं तृतीय प्रांतीय लक्खी मेले का भव्य शुभारंभ, आस्था और संस्कृति के रंग में रंगा हाथरस

हाथरस। ब्रज क्षेत्र की आस्था, संस्कृति एवं ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक 115वें एवं तृतीय प्रांतीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज-2026 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर दाऊ बाबा एवं रेवती मैया के दर्शन-पूजन किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों का पटका पहनाकर एवं बुके भेंटकर स्वागत किया गया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि बीएलएस इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ब्रज गीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से ब्रज की संस्कृति और लोक परंपराओं की मनोहारी प्रस्तुति दी।

प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि प्रांतीय लक्खी मेला होना जनपदवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और आस्था का प्रतीक है। श्री दाऊजी महाराज की पावन धरती पर आकर दर्शन करने को उन्होंने अपना सौभाग्य बताया।

उन्होंने कहा कि इस बार 17 सितंबर का दिन विशेष है, क्योंकि श्री दाऊजी महाराज के मेले के साथ विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।

विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रभारी मंत्री ने 10 महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीन वितरित कर उन्हें लाभान्वित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मेले का परिचय देते हुए कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला केवल हाथरस का वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि ब्रज क्षेत्र की आस्था, लोक संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मेले की परंपरा वर्ष 1912 में छोटे आयोजन के रूप में शुरू हुई थी, जो समय के साथ विशाल लक्खी मेले का रूप ले चुकी है। इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश शासन ने इसे राजकीय मेला घोषित किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि मेले में कवि सम्मेलन, किसान एवं कृषि सम्मेलन, महिला एवं बाल कार्यक्रम, साहित्य सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंजाबी दरबार तथा भजन एवं संगीत सम्मेलन सहित विभिन्न आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, स्वच्छता और प्रकाश सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने मेले के शुभारंभ पर जनपदवासियों को बधाई दी। उन्होंने मेले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी परंपरा वर्ष 1912 के आसपास शुरू हुई थी और समय के साथ इसका विस्तार होता गया। उन्होंने मेले की तैयारियों में जुटे अधिकारियों, कर्मचारियों, आयोजकों एवं सहयोगियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले की व्यवस्थाओं और स्वरूप में बदलाव दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दंगल के आयोजन से जुड़ी टीम को भी बधाई दी तथा जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।

जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सदर एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर तथा निवर्तमान अध्यक्ष/प्रशासक जिला पंचायत सीमा उपाध्याय ने भी मेले के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं और जनपदवासियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला हाथरस की आस्था, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। एक माह तक चलने वाले मेले में दंगल, रासलीला, कवि सम्मेलन सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने श्री दाऊजी महाराज मेला पंडाल स्थित अखाड़े में आयोजित कुश्ती दंगल का आनंद लिया और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, सांसद प्रतिनिधि, पत्रकार बंधु एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

श्री दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव पर डीएम ने किया महाभिषेक, 56 भोग अर्पित

हाथरस। श्री दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिला जज विनय कुमार तृतीय, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं परिवारीजनों के साथ किला परिसर स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ पूजन और महाभिषेक किया।

महाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर जयकारों, शंखनाद और घंटों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। भगवान श्री दाऊजी महाराज का पंचामृत से महाभिषेक किया गया तथा उन्हें 56 भोग अर्पित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, तहसीलदार, पत्रकार बंधु, शहर के गणमान्य नागरिकों सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ

हाथरस । उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस के सभागार में आज “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के अंतर्गत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में मुख्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में क्षेत्रीय कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली और स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया ।
भारत सरकार के “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है । इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में जनभागीदारी, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” है । अभियान में सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, स्वच्छता कर्मियों का कल्याण, पौधरोपण तथा जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ के माध्यम से यह संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहेंगे तथा अपने परिवार, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए दूसरों को भी प्रेरित करेंगे । शपथ में प्रत्येक वर्ष 100 घंटे अर्थात प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान में योगदान देने तथा गंदगी न करने और न किसी अन्य को करने देने की भावना को आत्मसात करने का संकल्प शामिल है ।


मुख्य प्रबंधक श्री धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी है । उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यस्थल से स्वच्छता की शुरुआत करते हुए समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाएं ।
प्रधान कार्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार अभियान अवधि में क्षेत्रीय कार्यालय एवं शाखाओं में विशेष स्वच्छता अभियान, “एक पेड़ मां के नाम” के तहत पौधरोपण, स्वच्छता कर्मियों के सम्मान एवं कल्याण संबंधी गतिविधियां और कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जानी हैं। साथ ही 01 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” राष्ट्रव्यापी श्रमदान में भी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और “स्वच्छ भारत–विकसित भारत” की परिकल्पना को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया ।

बृजभूषण शरण सिंह ने किया दंगल का शुभारंभ, बोले-दाऊजी महाराज का अखाड़ा कुश्ती की समृद्ध परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र

हाथरस। 115वें एवं तृतीय प्रांतीय मेला श्री दाऊजी महाराज के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। अखिल भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत कराई। दंगल संयोजक विपुल गौड़ एवं दंगल कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि सहित अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।

दंगल का आयोजन डब्ल्यूएफआई के नियमों के तहत किया गया। विभिन्न भार वर्गों में पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान अखाड़े में मौजूद दंगल प्रेमियों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया। कुश्ती देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक अखाड़े में पहुंचे।

इस अवसर पर बृजभूषण शरण सिंह ने श्री दाऊजी महाराज को नमन करते हुए कुश्ती की बदलती प्रतिस्पर्धात्मक व्यवस्था पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कुश्ती केवल हार-जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि पॉइंट्स के आधार पर मुकाबलों का निर्णय होता है। उन्होंने सभी भार वर्गों में पुरस्कार राशि में समानता रखने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि दाऊजी महाराज का अखाड़ा कुश्ती की समृद्ध परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है और ऐसे आयोजनों से युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। दंगल में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने भाग लेकर दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर दिया।

कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, दंगल कमेटी के पदाधिकारी, आयोजक एवं बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।

जयकारों से गूंजा श्री वेद भगवान शिविर ,देव छठ पर निकली प्रभात फेरी, भक्ति में झूमे श्रद्धालु ,पुष्पवर्षा कर किया प्रभात फेरी का स्वागत

हाथरस। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजि.), हाथरस के तत्वावधान में भाद्रपद शुक्ल पक्ष की बलदेव छठ के अवसर पर श्री राम दरबार प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी ध्वज फहराते हुए तथा संगीतमय स्वर में दाऊजी महाराज का कीर्तन करते हुए प्रातः छह बजे किला स्थित दाऊजी महाराज मंदिर के प्रांगण से श्री वेद भगवान शिविर पहुंची। प्रभात फेरी के शिविर में पदार्पण करते ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और देव छठ उत्सव का शुभारंभ हुआ।

श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ तथा महोत्सव सभापति पं. विश्वनाथ पुरोहित ने पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। सत्येंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ एवं इंजीनियर देव स्वरूप शर्मा ने सभी भक्तजनों को पीत पटिका पहनाकर स्वागत किया।

इस दौरान भक्तजनों ने बलदाऊ बाबा का गुणगान करते हुए संगीतमय भजनों पर नाचते-गाते हुए उत्सव में सहभागिता की। पूरे शिविर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

उत्सव को गति प्रदान करने में सीताराम अग्रवाल, पवन सारस्वत, राकेश वार्ष्णेय, कमल कुमार, त्रिलोकी नाथ अग्रवाल, मनोज शर्मा, ज्ञानेश अग्रवाल, शिवकुमार माताजी, आंचल जैन सहित अनेक भक्तजनों का विशेष योगदान रहा। सभी ने संगीतमय भजनों एवं कीर्तनों के माध्यम से देव छठ उत्सव को भक्तिमय बनाए रखा।

अंत में श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ एवं महोत्सव सभापति पं. विश्वनाथ पुरोहित ने सभी भक्तजनों का नतमस्तक होकर आभार व्यक्त किया। प्रसाद वितरण के साथ श्री वेद भगवान के जयकारे, दाऊजी महाराज की जय, रेवती मैया की जय, धर्म की जय हो-अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो, ‘पार्वती पतये हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। प्रातः नौ बजे देव छठ उत्सव का समापन हुआ।

You cannot copy content of this page