Breaking News
बागला संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी होगी और अधिक सुदृढ़ एवं विस्तारित , एम0डी0टी0वी0 अस्पताल परिसर में प्रस्तावित नई इमरजेंसी का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

नई व्यवस्था में लगभग 18 बेड, चिकित्सकों के लिए बेहतर सुविधाएं तथा तीमारदारों के बैठने की होगी समुचित व्यवस्था।
हाथरस। जनपदवासियों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बागला संयुक्त चिकित्सालय की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं विस्तारित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अस्पताल परिसर में संचालित एम0डी0टी0वी0 अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले लगभग दो माह से बागला अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े भवन के निचले तल को चिन्हित कर उसका जीर्णोद्धार एवं रिनोवेशन कराया जा रहा है, जिसमें इमरजेंसी को स्थानांतरित करने की तैयारी है। वर्तमान में इमरजेंसी में सीमित स्थान के कारण लगभग 5 से 7 बेड की ही व्यवस्था हो पाती थी तथा अतिरिक्त मरीजों को स्थिर करने के बाद वार्ड में भेजना पड़ता था। नई व्यवस्था के बाद यहां लगभग 18 बेड लगाए जा सकेंगे, जिससे एक साथ अधिक मरीजों को बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि नई इमरजेंसी में चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, वर्तमान व्यवस्था में आने वाले मरीजों के तीमारदारों के लिए पर्याप्त स्थान एवं उचित बैठने की व्यवस्था का अभाव था, जिसे नई इमरजेंसी में दूर किया जाएगा। तीमारदारों के लिए पृथक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होने से अस्पताल में भीड़ एवं अव्यवस्था को कम करने में सहायता मिलेगी। अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट को हाल ही में मा0 जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संचालित कराया गया है, जिससे अब ऑक्सीजन की आपूर्ति वहीं से की जा रही है। प्रस्तावित नई इमरजेंसी के निकट ही लगभग 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट भी तैयार की जा रही है। ऐसे में गंभीर अवस्था वाले मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर इमरजेंसी से तत्काल क्रिटिकल केयर यूनिट में स्थानांतरित किया जा सकेगा, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार एवं मेडिकल मैनेजमेंट में काफी सुविधा होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि नई इमरजेंसी बनने से बागला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों एवं तीमारदारों की भीड़ को व्यवस्थित करने में काफी मदद मिलेगी और अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।


जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में संचालित आयुर्वेदिक/होम्योपैथिक चिकित्सालय को पुरानी आपातकालीन कक्ष में स्थानांतरित किये जाने हेतु कार्य योजना तैयार करने तथा परिसर से बी0एस0ए0 कार्यालय, डी0आई0ई0टी0 कार्यालय तथा सार्वजनिक पुस्तकालय को जोड़ने के लिए एक सुगम मार्ग को बनाये जाने हेतु अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, मार्ग बन जाने से छात्र-छात्राओं को पुस्तकालय जाने में असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को आपातकालीन को संचालित करने संबंधी अवशेष कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे नई व्यवस्थाओं को जनपद की जनता को समर्पित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वैदिक गणित को सरल, सहज और रोचक बनाने पर जोर ,सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रांतीय वैदिक गणित प्रश्न मंच कार्यशाला आयोजित

हाथरस। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी, मुंशी गजाधर सिंह मार्ग, हाथरस में 10 अगस्त 2026 को प्रांतीय वैदिक गणित प्रश्न मंच कार्यशाला का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैदिक गणित के प्रति रुचि जागृत करना तथा गणनाओं को सरल, सहज एवं रोचक बनाने के प्रति उन्हें प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के संयोजक प्रधानाचार्य श्री प्रमोद कुमार पांडेय तथा व्यवस्था प्रमुख प्रधानाचार्य श्री लोकेंद्रनाथ शर्मा रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में वैदिक गणित के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वैदिक गणित हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है, जो वर्तमान समय में भी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी सिद्ध हो रही है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आचार्य श्री सतीश कुमार सारस्वत, श्री देवकीनंदन, श्री चिरंजीलाल, श्री मनोज शर्मा, श्री हरेंद्र, श्री रोहित एवं श्री विमल सहित अन्य आचार्यों का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक श्री मनोज कुमार अग्निहोत्री ने पधारे सभी अतिथि बंधुओं, आचार्यों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी आयोजनों का निरंतर आयोजन किया जाना चाहिए।

हाथरस में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

हाथरस। ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम द्वारा एवं राजयोगिनी बीके सीता दीदी के संरक्षण में हाथरस जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत नशा-मुक्त जागरूकता एवं राष्ट्रीय प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दो शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं व्यसन-मुक्त जीवन का संकल्प कराया गया।
श्री श्री रामचंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज, हाथरस में आयोजित कार्यक्रम में करीब 1000 छात्राओं ने सहभागिता की।
वहीं दूसरे कार्यक्रम में डी.आर.बी.. इंटर कॉलेज,मे विद्यार्थियों को नशा मुक्ति प्रतिज्ञा करायी गई|

कार्यक्रम में वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना दीदी ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए कहा कि नशा मनुष्य की सोचने-समझने की शक्ति, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और राजयोग एवं श्रेष्ठ चिंतन को जीवन का आधार बनाएं, तो वे स्वयं भी सशक्त बनेंगे और समाज को भी नई दिशा देंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि सच्चा आनंद नशे में नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और श्रेष्ठ कर्मों में है। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशा-मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इसके पश्चात बीके रश्मि बहन ने सभी प्रतिभागियों को नशा-मुक्ति की प्रतिज्ञा कराई। विद्यार्थियों ने नशीले पदार्थों से स्वयं दूर रहने तथा समाज में नशा-मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
श्री रामचंद्र गर्ल्स इंटर कालेज प्रधानाचार्य डॉ नीतू यादव ने ब्रह्मा कुमारीज के इस अभियान की सराहना की |

कार्यक्रम को सफल बनाने में बीके रेनू बहन, लकी भाई एवं बीके सुमित भाई का विशेष सहयोग रहा।

सप्ताह भर से चल रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत युवा विद्याथियों को दिलाई गई शपथ

• पी सी बागला इंटर , परास्नातक, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज आदि विभिन्न कोलेजों में हुए आयोजन

हाथरस।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अलीगढ रोड स्थित आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की राजयोग केंद्र संचालिका बी के शांता बहिन के सानिध्य में हाथरस के विभिन्न स्कूल, कॉलेज में सप्ताह भर से चल रहे पूर्व मुख्य प्रशासिका डॉक्टर दादी प्रकाशमणि की स्मृति दिवस के उपलक्ष में आयोजित 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिजा महाभियान के पी सी बागला इंटर , परास्नातक आदि में युवा विद्याथियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई |


बी के शांता बहिन ने कहा की इन अभियानों के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज़ संगठन समाज में खासकर युवाओं में आध्यात्मिक मूल्यों, सकारात्मक सोच, राजयोगी जीवनशैली, ध्यान आत्मजागृति तथा मूल्यनिष्ठ जीवन के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है।
हाथरस में सें पी सी बागला इंटर , परास्नातक, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज आदि के प्रधानाचार्य सहित सभी स्कूल, कॉलेज के टीचर स्टाफ सहित हजारों की संख्या में विद्याथियों सहित ब्रह्माकुमारी परिवार के मुख्य कार्यकर्त्ता उपस्थित थे | ब्रह्माकुमारी अलीगढ रोड स्थित आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की राजयोग केंद्र संचालिका बी के शांता बहिन ने कार्यक्रम के आयोजन कराने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया | बी के लक्ष्मी बहिन ने नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई|

भारत विकास परिषद संस्कार शाखा की कार्यशाला एवं साधारण सभा आयोजित ,नए विकास रत्न और विकास मित्रों की हुई घोषणा, आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

हाथरस। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा हाथरस की कार्यशाला एवं साधारण सभा का आयोजन नई धर्मशाला के एसी हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंच सज्जा, दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। शाखा अध्यक्ष कमलेश जैन ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में प्रांत से आए दायित्वधारियों ने परिषद की विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली से संबंधित विषयों को सरल एवं प्रभावी ढंग से अपने अनुभवों के साथ प्रस्तुत किया। सदस्यों ने विषयों को गंभीरता से समझा तथा विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं के माध्यम से परिषद के उद्देश्यों एवं गतिविधियों को बेहतर ढंग से समझकर संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है।


अनिल एवं वंदना वार्ष्णेय बने विकास रत्न
कार्यक्रम में संस्कार शाखा को नए विकास रत्न एवं विकास मित्र मिलने की घोषणा की गई। श्री अनिल वार्ष्णेय एवं श्रीमती वंदना वार्ष्णेय ने विकास रत्न बनने की स्वीकृति प्रदान की। वहीं शाखा अध्यक्ष कमलेश जैन ने स्वयं विकास मित्र बनने की घोषणा की।
इसके साथ ही उन्होंने अंकित वार्ष्णेय, सीमा वार्ष्णेय, किशन दास अग्रवाल (बंटी भाई) एवं लकी कंसल को भी विकास मित्र बनाने की घोषणा की। परिषद के अनुसार विकास रत्न के लिए एक लाख रुपये तथा विकास मित्र के लिए 11 हजार रुपये की राशि केंद्रीय कार्यालय, दिल्ली में प्रदान की जाती है। इस अवसर पर सभी नए विकास रत्न एवं विकास मित्रों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।


आगामी कार्यक्रमों पर बनी रूपरेखा
साधारण सभा में शाखा अध्यक्ष कमलेश जैन ने अगस्त माह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। 15 अगस्त को किसी प्राथमिक विद्यालय अथवा विद्या मंदिर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
आगामी तीज कार्यक्रम को इस बार नए अंदाज एवं नए स्थान पर आयोजित करने की योजना बनाई गई। इसके लिए पहले 23 अगस्त की तिथि तय की गई थी, लेकिन कुछ सदस्यों के अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण तिथि स्थगित कर नई तिथि घोषित करने का निर्णय लिया गया।
31 अगस्त को देशभर में आयोजित होने वाली ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के संबंध में प्रभारी डॉ. मनोज शर्मा ने सदस्यों से अधिक से अधिक विद्यालयों में प्रतियोगिता आयोजित कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में कम से कम दो दंपतियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाए। इस दौरान कई सदस्यों ने प्रतियोगिता में अपनी सेवा देने के लिए नाम भी दिए।
कोषाध्यक्ष अंकित वार्ष्णेय ने सत्र की पहली तिमाही का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से सराहना की।


दिसंबर में प्रस्तावित देशाटन कार्यक्रम
आगामी देशाटन कार्यक्रम के संबंध में शाखा अध्यक्ष कमलेश जैन ने बताया कि लगभग दिसंबर माह में देशाटन कार्यक्रम आयोजित करने का विचार है। इस प्रस्ताव का उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से स्वागत किया।
कार्यशाला एवं साधारण सभा का संचालन शाखा सचिव अंकुल जैन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्कार प्रमुख प्रवीन वर्मा ने किया। राष्ट्रगान के साथ सभा का समापन हुआ। इसके बाद सभी सदस्यों ने चाय एवं जलपान का आनंद लिया।


कार्यक्रम में प्रांतीय अधिकारी मनोज अग्रवाल, विकास रत्न अनिल वार्ष्णेय, प्रभात वार्ष्णेय, प्रदीप रंजन शर्मा, संजीव वार्ष्णेय, चंद्रशेखर ऋषि, विजय कृष्ण गर्ग, देवेंद्र मोहता, सौरव अग्रवाल, राकेश वार्ष्णेय, विशाल वार्ष्णेय, राहुल शर्मा, कृष्ण कुमार अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, मदन मोहन वार्ष्णेय, अक्षिता शर्मा, रुचि शर्मा, नीतू अग्रवाल, रुचि माहेश्वरी, अनुराग माहेश्वरी, लकी कंसल, मुरारी लाल अग्रवाल, नितिन माहेश्वरी, प्रीति वार्ष्णेय, रुचि अग्रवाल, रश्मि गुप्ता, उमा शंकर गुप्ता, मनोज शर्मा, वंदना वार्ष्णेय, दीपक वार्ष्णेय, विकास गर्ग, मीना कुमारी, खुशबू जैन, पारस मित्तल, सुरेश अग्रवाल, विकास राणा, सतीश चंद्र गोयल, उषा जैन, नवीन खंडेलवाल, रेनू खंडेलवाल, भगवत स्वरूप गर्ग, विवेक वार्ष्णेय, गोपाल राठी, मेघा राठी सहित अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

एक बात पर भी सभी आध्यात्मिक संगठन एक हो जाएँ तो भी मानवता का भला हो जाये : बी के शांता बहिन

• प्रधानमंत्री के आव्हान पर सत्संग स्थलों पर आज हुए आयोजन
• 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का हाथरस में

हाथरस। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र शांति भवन, सहज राजयोग प्रशिच्चन केंद्र की राजयोग टीचर एवं केंद्र संचालिका बी के शांता बहिन के सानिध्य में विभिन्न सत्संग स्थलों पर आज हुए आयोजन किया गया|
बी के शांता बहिन ने कहा कि इस आयोजन का शुभारम्भ करते समय प्रधानमन्त्री मोदी जी ने देश के सभी आध्यात्मिक संगठनों से आहृान किया कि हर एक संगठन एक सप्ताह पूरे देश में नेतृत्व करे और बाकी संगठन उसके साथ जुड़ें। यदि सौ सप्ताह तक हमारे देश के संगठन मिलकर कार्य करें तो बहुत बड़ा बदलाव आ सकता है। उन्होंने कहा कि भले ही लोग सत्संग करते जीवन में जीवन मूल्यों को धारण करते लेकिन कई बार उनके जीवन में बीड़ी, तम्बाकू आदि की आदतें रह जाती हैं जो वर्षों तक चलती रहती हैं| अब उन्हें भी परिवर्तन का समय आ गया है| एक बात पर भी सभी आध्यात्मिक संगठन एक हो जाएँ तो भी मानवता का भला हो जाए|
आध्यात्मिक संगठनों में मानव धर्म , वेदांत सेवा , मानव उत्थान सेवा समिति आदि शामिल थे| बी के शांता बहिन एवं पूजा बहिन ने सभी स्थानों पर आये सत्संगियों को नशे से दूर रहने एवं समाज को इस बुराई से दूर रखने का आव्हान किया| ज्ञात हो की प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका डॉक्टर दादी प्रकाशमणि की स्मृति दिवस के उपलक्ष में संगठन द्वारा एक वृहद 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिजा महाभियान का आयोजन किया जा रहा है |

वरिष्ठ स्वयंसेवकों के त्याग और समर्पण से संघ बना वटवृक्ष: राकेश जैन , सुख-दुख पर चर्चा गोष्ठी में संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने साझा किए अनुभव, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

हाथरस। वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होती है। युवा कार्यकर्ताओं को उनके अनुभवों का लाभ लेना चाहिये। संघ की शताब्दी वर्ष तक की गौरवशाली यात्रा में संघ के स्वयंसेवको ने स्वयं को समर्पित किया। संघ के प्रारम्भ में समाज की उपेक्षा ,मध्यकाल में विरोध को सहा लेकिन हिन्दू समाज संगठित रहे और भारत माता की विश्व में जय जयकार हो इस लक्ष्य को लेकर संघ निरन्त आगे बढ़ता रहा। उक्त बाते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण गतिविधि के अखिल भारतीय सह संयोजक राकेश जैन ने कही। वह श्री रामबाग इंटर कॉलेज में आयोजित वरिष्ठ स्वयंसेवको के साथ सुख दुख पर चर्चा विषय पर आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुये।

गोष्ठी का शुभारंभ वंदेमातरम के समूहिक गान से हुआ।
विद्यालय के प्रबंधक ओमप्रकाश एवँ अध्यक्ष नरेश वर्मा ने मंचासीन अतिथियों पर्यावरण गतिविधि के अखिल भारतीय सह संयोजक राकेश जैन ,जगतगुरू शंकराचार्य आश्रम के प्रमुख महन्त सहजानन्द जी ब्रह्मचारी शक्तिपीठ शाकुम्भरी देवी,नगर संघचालक डॉ पीपी सिंह का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि राकेश जैन ने गोष्ठी को संबोधित करते हुये कहा कि अथक परिश्रमऔर शुद्ध सात्विक प्रेम अपने कार्य का आधार रहा है । वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने जिस संघ रूपी वृक्ष को कठिन परिश्रम से सींचा वह आज वट वृक्ष बन चुका है जिसकी छाया में एकजुट हिन्दू समाज खड़ा है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और उनका संरक्षण भी करना चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण करने तथा प्लास्टिक का प्रयोग न करने की बात कही। उन्होंने पर्यावरण के लिये प्रतिदिन 15 मिनट देने का आह्वान किया।

गोष्ठी में वरिष्ठ कार्यकर्तों ने अपने अनुभव साझा किये वहीँ उन्होंने अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिये।

अंत मे गोष्ठी संयोजक पूर्व सह जिला कार्यवाह सुरेश बागड़ी ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन सेवा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ बीपी सिंह ने किया। विशेष सहयोग जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी एवँ सेवा भारती जिलामंत्री राजीव आर्य का रहा। गोष्ठी में वर्तमान एवँ पूर्व के दायित्वान व कार्यकर्ता सम्मलित हुये। कार्यक्रम उपरान्त सहभोज किया गया।

अटेवा ने 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा और 25 सितंबर की लखनऊ महारैली को लेकर तेज किया जनसंपर्क

हाथरस। अटेवा प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु एवं प्रदेश महामंत्री नीरज पति त्रिपाठी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आगामी 21 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित तिरंगा यात्रा एवं 25 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली महारैली को सफल बनाने के लिए अटेवा जिला कार्यकारिणी हाथरस ने जनसंपर्क अभियान चलाया।

जिला कार्यकारिणी ने शुक्रवार को रामबाग इंटर कॉलेज, सुरजोबाई इंटर कॉलेज एवं रामचंद्र इंटर कॉलेज हाथरस में पहुंचकर शिक्षक एवं कर्मचारियों से संपर्क किया। पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित सहभागिता के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
इस दौरान कर्मचारियों ने अटेवा की सदस्यता ग्रहण करते हुए सदस्यता शुल्क प्रदान किया तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।जनसंपर्क अभियान में जिला संरक्षक रौदास, जिला अध्यक्ष प्रेमचंद चंदेल, जिला महिला संयोजिका अनीता भारती, जिला सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी माधुरी गौतम एवं जिला महामंत्री रविकांत वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। रामबाग इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य शिव कुमार शर्मा के साथ ब.चा. राम त्यागी, योगेंद्र कुमार वार्ष्णेय, योगेश बागड़ी, दीपेश तिवारी, हेमलता शर्मा, कामना कुलश्रेष्ठ, विमलेश देवी, पवनेंद्र यादव, ज्ञानप्रकाश शर्मा, रूपेंद्र शर्मा, कृष्ण कुमार, अनुज लूथरा, राजीव सिंह, राजेश सिंह, रामनाथ आदि मौजूद रहे।
सुरजोबाई इंटर कॉलेज में श्रीमती सुधा गुप्ता, श्रीमती विजयलक्ष्मी, श्रीमती नीलम, श्रीमती रजनी देवी एवं प्रधान लिपिक श्री हरिओम कुमार सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारियों ने जनसंपर्क अभियान में सहभागिता की।अटेवा जिला कार्यकारिणी ने कहा कि आगामी दिनों में भी जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा तथा 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा और 25 सितंबर की लखनऊ महारैली में जिले से अधिक से अधिक कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

हाथरस की रबड़ी को मिलेगा बढ़ावा, कारोबार शुरू करने वालों को ₹50 लाख तक की सब्सिडी

हाथरस। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनपद के पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित एक जनपद एक व्यंजन (ODOP) कार्यक्रम के तहत हाथरस की रबड़ी को चयनित उत्पाद बनाया गया है। रबड़ी से जुड़े कारोबार को शुरू करने या विस्तार देने के इच्छुक लोगों के लिए वित्त पोषण सहायता योजना संचालित की जा रही है।
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, हाथरस श्री रामेन्द्र कुमार ने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिस पर सरकार द्वारा 10 से 25 प्रतिशत तक, अधिकतम ₹50 लाख तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की बाध्यता नहीं है। वित्तीय सहायता केवल हाथरस के लिए चिन्हित ODOP उत्पाद रबड़ी से संबंधित उद्योग, सेवा एवं व्यवसाय इकाइयों को ही दी जाएगी।
आवेदक किसी राष्ट्रीयकृत बैंक, वित्तीय संस्था या सरकारी संस्था का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए और उसे केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का पूर्व में लाभ प्राप्त नहीं हुआ हो। एक आवेदक या उसके परिवार के किसी सदस्य को योजना का लाभ केवल एक बार दिया जाएगा।


अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, ट्रांसजेंडर, महिला एवं दिव्यांगजन श्रेणी के आवेदकों को नियमानुसार संबंधित प्रमाण-पत्र की प्रमाणित प्रति आवेदन के साथ लगानी होगी।
इच्छुक व्यक्ति जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, हाथरस में किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार तिरंगा झंडों की बिक्री हेतु कांवड़ शिविरों पर व्यवस्था

हाथरस। जिला विकास अधिकारी ने अवगत कराया है कि शासन के निर्देशों के क्रम में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत जनपद में नागरिकों को तिरंगा झंडा सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए तिरंगा झंडों की बिक्री की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए तिरंगा झंडे कांवड़ कैंप दयालपुर, विकासखंड मुरसान तथा कांवड़ कैंप नवाली लालपुर, विकासखंड सिकंदराराऊ में बिक्री हेतु उपलब्ध हैं। नागरिक इन कांवड़ शिविरों से तिरंगा झंडे खरीद सकते हैं।
जिला विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए तिरंगा झंडों की खरीद से अभियान को जनभागीदारी मिलने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा।

You cannot copy content of this page