Breaking News
91 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गुहार: सोलर लगवाया, फिर भी पूरा बिजली बिल भरने को मजबूर

हाथरस। सरकार द्वारा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत देने के उद्देश्य से चलाई जा रही योजनाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हाथरस के मुंशी गजाधर सिंह मार्ग निवासी 91 वर्षीय अति वरिष्ठ नागरिक श्रीमती सुनीता कुमारी ने आरोप लगाया है कि उनके आवास पर स्थापित सोलर सिस्टम से उत्पादित बिजली की रीडिंग पिछले दो महीनों से मुख्य बिजली मीटर की रीडिंग से समायोजित (नेट मीटरिंग) नहीं की जा रही है। परिणामस्वरूप उन्हें हर माह पूरा बिजली बिल जमा करना पड़ रहा है।

श्रीमती सुनीता कुमारी का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के अधिकारियों से लगातार शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उनके अनुसार विभागीय लापरवाही के कारण सोलर सिस्टम का कोई आर्थिक लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दिनांक 14.07.2026 को की गई शिकायत को मेरी शिकायत का बिना समाधान किये दिनांक 21.07.2026 को निस्तारण किये गलत तरीके से हटा दिया जिसकी सूचना मुझे मोबाइल पर एस.एम.एस. के माध्यम से प्राप्त हुई ।

उन्होंने कहा कि जुलाई 2026 माह में ₹ 2935/- तथा अगस्त 2026 के बिजली बिल में 623 यूनिट की खपत दर्शाते हुए ₹3,689.60 का बिल जारी किया गया है, जबकि सोलर प्लांट से उत्पादित बिजली का समायोजन नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि सोलर की बिजली का समुचित समायोजन हो जाए तो बिल में उल्लेखनीय कमी आ सकती है।

91 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने भावुक अपील करते हुए कहा,

“यदि विभाग हमारे सोलर की रीडिंग को बिल में समायोजित नहीं कर सकता, तो कृपया हमारा सोलर सिस्टम ही हटवा दीजिए । कम से कम बार-बार शिकायत करने और मानसिक तनाव झेलने से तो मुक्ति मिलेगी।”

उन्होंने राज्य सरकार और विद्युत निगम के उच्च अधिकारियों से अनुरोध किया है कि उनके मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि उन्हें सोलर ऊर्जा योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।

यह मामला न केवल एक अति वरिष्ठ नागरिक की परेशानी को उजागर करता है, बल्कि सौर ऊर्जा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इससे सोलर ऊर्जा अपनाने वाले अन्य उपभोक्ताओं का भी विश्वास प्रभावित हो सकता है।

“छत पर सोलर, फिर भी पूरा बिजली बिल: 91 वर्षीय महिला तीन माह से न्याय की आस में”

श्रावण मास में श्री गोपेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार,श्री अग्रवाल युवा मंडल ने बांटी पूड़ी प्रसादी

हाथरस। श्रावण मास के पावन अवसर पर श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर में भगवान महादेव का भांग से मनमोहक श्रृंगार एवं भव्य फूल बंगला सजाया गया। अलौकिक श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल युवा मंडल की ओर से भक्तों के लिए पूरी-सब्जी की प्रसादी का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में भगवान महादेव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भव्य फूल बंगले और आकर्षक श्रृंगार ने सभी का मन मोह लिया।


इस अवसर पर अध्यक्ष कार्तिकेय गर्ग , महामंत्री शरद अग्रवाल , कोषाध्यक्ष पंकज गोयल , उपाध्यक्ष मुकुंद अग्रवाल,मंत्री प्रतीक गोयल,मंत्री नितिन अग्रवाल ,मीडिया प्रभारी पदम् अग्रवाल ,गौरव तायल ,प्रशांत अग्रवाल ,अंकित अग्रवाल ,यश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

जायंट्स ग्रुप आफ हाथरस गोल्ड के पारिवारिक भव्य तीज महोत्सव में अग्रवाल सभा के नव निर्वाचित अध्यक्ष का हुआ भव्य स्वागत अभिनंदन

हाथरस। जायंट्स ग्रुप आफ हाथरस गोल्ड के पारिवारिक भव्य तीज महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम में ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान अग्रवाल सभा (रजि०) के नव निर्वाचित अध्यक्ष श्री अनिल कुमार मित्तल (ए० के) का ग्रुप की ओर से मथुरा रोड ग्लोरी गार्डन स्थित सेलिब्रेशन रेस्टोरेंट की रात्रिकालीन सभा में भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ग्रुप अध्यक्ष श्री राकेश गर्ग (टिंबर मर्चेंट) एवं निवर्तमान अध्यक्ष श्री अनिल कुमार अग्रवाल ( हींग वालों)द्वारा विशेष रूप से अभिनंदन किया गया।


इस कार्यक्रम का सफल संचालन प्रशासनिक निदेशक श्री आरसी नरूला द्वारा तथा कविता और मनोरंजन प्रस्तुति से रूप से अशोक रावत द्वारा किया गया।

विकास भवन में दिव्यांगों एवं वृद्धजनों के लिए लिफ्ट लगाने की मांग ,राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य सागर शर्मा ने शासन एवं जिला को भेजा पत्र

हाथरस। विकास भवन की तीन मंजिला इमारत में विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालय संचालित हैं। यहां अपने कार्यों के लिए आने वाले दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में सीढ़ियों के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को लेकर राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य सागर शर्मा ने शासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर विकास भवन में लिफ्ट लगाए जाने की मांग की है।

सागर शर्मा ने अपना पत्र उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मंत्री एवं प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव एवं निदेशक, जिलाधिकारी हाथरस तथा मुख्य विकास अधिकारी हाथरस को भेजा है।

पत्र में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सार्वजनिक भवनों एवं सरकारी कार्यालयों में दिव्यांगजनों के लिए सुगम एवं बाधारहित पहुंच सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। विकास भवन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी भवन में लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध न होने से दिव्यांगजनों को अपने कार्यों के लिए संबंधित कार्यालयों तक पहुंचने में परेशानी होती है।

सागर शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों में जाना पड़ता है। ऐसे में कार्यालय की ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना उनके लिए कठिन होना सुगम्यता एवं समान अवसर के उद्देश्य के विपरीत है।

उन्होंने मांग की कि विकास भवन, हाथरस में दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के सुगम, सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवागमन के लिए शीघ्र लिफ्ट स्थापित कराई जाए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन से इस जनहित के महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

पुष्टाहार से पौष्टिक व्यंजन बनाने की कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित , मुख्य विकास अधिकारी ने विजेता आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया पुरस्कृत

हाथरस। निदेशक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में विकास भवन सभागार, हाथरस में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मध्य पुष्टाहार से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने संबंधी कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने की।

प्रतियोगिता में जनपद की आठ बाल विकास परियोजनाओं से कुल 25 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया। कार्यकत्रियों ने पुष्टाहार से तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक, स्वादिष्ट एवं सरल व्यंजनों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे पुष्टाहार के उपयोग को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने के साथ-साथ नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देना रहा।

उत्कृष्ट व्यंजन तैयार करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से कहा कि प्रतियोगिता में प्रदर्शित पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि वे इन्हें अपने घरों में आसानी से तैयार कर सकें।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पुष्टाहार का उचित एवं नियमित सेवन बच्चों और माताओं के समुचित पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कार्यकत्रियों से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री के साथ पुष्टाहार का बेहतर समायोजन करते हुए अधिक से अधिक रुचिकर एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार करने के लिए लाभार्थियों को प्रेरित करने को कहा।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक लीडर के समस्त गुण उपस्थित थे दादी डॉ० प्रकाशमणी में : बी के शांता बहिन

धर्मं चक्र मैडल और संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा विश्व शांति दूत से सम्मानित दादी डॉ० प्रकाशमणी जी का 19 वा स्मृति दिवस विश्व बन्धुत्व दिवस के रूप में मनाया गय

हाथरस । प्रजापिता ब्रहमाकुमारी ईश्वरीय विश्व विदयालय के अलीगढ रोड स्थित आनन्दपुरी कालोनी केन्द्र द्वारा प्रजापिता ब्रहमाकुमारी ईश्वरीय विश्व विदयालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी डॉ० प्रकाशमणी जी के 19 वें पुण्य स्मृति दिवस को विश्व बन्धुत्व दिवस के रूप में मनाया गया| इस अवसर पर ब्रह्मा वत्सों की उपस्थिति में श्रध्यांजलि सभा का आयोजन किया गया| इस अवसर पर 21 अगस्त को रक्तदान शिविर में योगदान देनें वालों का भी आभार व्यक्त किया गया|
प्रातःकाल राजयोग क्लास में दादी डॉ० प्रकाशमणी जी को पुष्पांजली अर्पित की गई | दादीजी की विशेषता पर प्रकाश डालते हुए बी के शांता बहिन ने कहा कि आज थोडा सा मर्तबा पाकर इंशान बाबला हो जाता है , अहंकार आदि अनेक अवगुण जीवन में आ जाते हैं उनसे मिलना भी मुश्किल हो जाता है लेकिन डॉ० प्रकाशमणी जी इस विश्व व्यापी संगठन की मुखिया होते हुए भी निरहंकारी रहीं | उनके अन्दर एक लीडर के समस्त गुण उपस्थित थे| प्रेम , संवेदना , उत्साह , दिव्यता, सहयोग , दूरदर्शिता आदि गुणों के चलते उन्होंने संगठन की गतिविधियों को एक भारत देश से लेकर अपने समय तक 120 देशों तक पहुँचाया | दीदी जो को धर्मं चक्र मैडल और संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा विश्व शांति दूत मैडल से विशेष रूप से सम्मानित किया गया था |


पूर्व बैंक प्रबंधक राकेश अग्रवाल ने बताया की हाथरस की सेवा विस्तार को देखते हुए दादी जी ने हाथरस में आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र को खोलने की न केवल अनुमति प्रदान की बल्कि मानवता की सेवा में केद्र की विशेष भूमिका को देखते हुए समय समय पर सम्मानित भी किया और सहूलियत भी प्रदान की | उनका आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र के फाउंडर सेना के केप्टन अहसान सिंह जी से स्नेह रहा | आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र से सम्बद्ध सासनी आदि केन्द्रों पर भी दादी जी को भावांजलि अर्पित की गई | इस अवसर पर बी के वंदना बहिन , सुशीला , अरविन्द गुप्ता , राकेश अग्रवाल, राजू अग्रवाल, संध्या अग्रवाल, अमरवती, कमलेश, रजनेश, रामेश्वर दयाल, मनोज कुमार, पूर्व सहायक कोषाधिकारी दाऊदयाल अग्रवाल, ॐ प्रकाश , भगवानदास आदि उपस्थित थे |

300 विद्यार्थियों ने लिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में प्रशिक्षण , महामाया पॉलिटेक्निक में हुआ निःशुल्क द्विदिवसीय आयोजन

हाथरस । उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल एआई प्रज्ञा के अंतर्गत संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था 1M1B (One Million for One Billion) ने महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, सलेमपुर (हाथरस) में द्विदिवसीय निःशुल्क एवं व्यावहारिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण में 300 से अधिक पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणाओं, उद्योगों में इसके उपयोग, भविष्य के रोजगार अवसरों तथा आवश्यक डिजिटल कौशलों की जानकारी दी गई। हैंड्स-ऑन गतिविधियों और इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने एआई तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया।


संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ सोनवीर सिंह, विभागाध्यक्ष-कंप्यूटर मयंक निरूपण सिंह, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन अधिकारी विश्वजीत सिंह, दीपक कुमार एवं कार्यक्रम अधिकारी शैफाली शाक्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों एवं रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
1M1B उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर एआई प्रज्ञा के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न पॉलिटेक्निक, आईटीआई, डिग्री कॉलेजों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने का कार्य कर रहा है, ताकि वे उभरती तकनीकों में दक्ष होकर रोजगार एवं नवाचार के नए अवसरों के लिए तैयार हो सकें।

वेंकटेश्वर वेल्फेयर सोसाइटी द्वारा संचालित नेकी की दुकान के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ भव्य स्वागत

हाथरस । वेंकटेश्वर वेल्फेयर सोसाइटी द्वारा संचालित नेकी की दुकान के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत हुआ। संस्था के संस्थापक दीपक शर्मा एडवोकेट के कार्यालय पर नेकी की दुकान के नव निर्वाचित जिला संयोजक नरेंद्र शर्मा , जिला प्रभारी नेहा जैन, जिला सचिव नीरज वार्ष्णेय, जिला कोषाध्यक्ष राहुल गर्ग, स्वास्थ्य प्रकोष्ठ संयोजक डॉ कुनाल वार्ष्णेय, शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक आदर्श दीक्षित, मीडिया प्रभारी नंदिनी जैन एवं नगर अध्यक्ष रेनू पचौरी एवं धार्मिक प्रकोष्ठ संयोजक अर्चना शर्मा का भव्य स्वागत किया गया एवं सभी पदाधिकारियों को पटका पहना कर एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया साथ ही भविष्य की कार्य योजनाओं पर गहन चर्चा की गई l

बैंकिंग क्षेत्र में 5-दिवसीय बैंकिंग लागू करने, भेदभावपूर्ण PLI योजना वापस लेने एवं लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर UFBU का आंदोलन का ऐलान

हाथरस । यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने बैंकिंग क्षेत्र की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। UFBU ने केंद्र सरकार से 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की प्रतिबद्धता पूरी करने, सरकार द्वारा प्रस्तावित एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण Performance Linked Incentive (PLI) योजना को वापस लेने तथा शेष लंबित मांगों का द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से समाधान करने की मांग की है।

UFBU के अनुसार 12वें द्विपक्षीय वेतन समझौते/9वें संयुक्त नोट में 8 मार्च 2024 को 5-दिवसीय बैंकिंग लागू करने पर सहमति बनी थी। इसके अंतर्गत सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य समय के माध्यम से शनिवार एवं रविवार को अवकाश देने की व्यवस्था प्रस्तावित थी। इस संबंध में अनुशंसा सरकार को भेजे जाने के बावजूद दो वर्ष से अधिक समय बीतने पर भी निर्णय लंबित है।

UFBU ने सरकार की PLI योजना पर भी गंभीर आपत्ति जताई है। यूनियनों के अनुसार पूर्व में यह समझ बनी थी कि PLI बैंक के समग्र प्रदर्शन पर आधारित तथा सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए समान आधार पर होगा। इसके विपरीत प्रस्तावित सरकारी व्यवस्था में स्केल-IV एवं उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 365 दिनों के मूल वेतन तक PLI का प्रावधान है, जबकि कर्मचारियों एवं स्केल-I से III तक के अधिकारियों के लिए अधिकतम 15 दिनों के मूल वेतन+DA की सीमा बताई गई है। UFBU का कहना है कि इससे बैंकिंग क्षेत्र में असमानता एवं विभाजन को बढ़ावा मिलेगा।

UFBU ने यह भी कहा है कि PLI का मुद्दा मुख्य श्रम आयुक्त (CLC) के समक्ष सुलह प्रक्रिया में है तथा दिल्ली उच्च न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है। इसके बावजूद सरकार द्वारा संबंधित योजना के अंतर्गत PLI का भुगतान प्रारंभ किए जाने पर UFBU ने आपत्ति दर्ज कराई है और योजना में आवश्यक संशोधन के लिए यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की मांग दोहराई है।

इसके अतिरिक्त पेंशन अपडेटेशन एवं सुधार, सभी पेंशनरों के लिए समान DA फार्मूला, NPS के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को OPS में जाने का विकल्प तथा अन्य अवशिष्ट मांगों के समाधान की भी मांग की गई है।

आंदोलन का कार्यक्रम

UFBU द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार—

  • 24 से 25 अगस्त 2026: कर्मचारियों को आंदोलन के कार्यक्रम की जानकारी एवं लामबंदी।
  • 24 अगस्त से 10 सितंबर: नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार कार्य तथा अतिरिक्त सहयोग वापस लेना; निर्धारित कार्य समय का कड़ाई से पालन।
  • 26 अगस्त: हड़ताल का नोटिस देना।
  • 27 अगस्त: देशभर के केंद्रों एवं शहरों में सामूहिक प्रदर्शन।
  • 28 अगस्त: काला बैज लगाकर विरोध।
  • 1 सितंबर: नई दिल्ली में प्रेस मीट।
  • 3 सितंबर: पोस्टर अभियान।
  • 8 सितंबर: बैज पहनकर विरोध।
  • 11 सितंबर: अखिल भारतीय हड़ताल।
  • 14 से 24 सितंबर: सभी राज्यों की राजधानियों में धरना।
  • 24 सितंबर: अन्य केंद्रों पर प्रदर्शन।
  • 28, 29 एवं 30 सितंबर: तीन दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल।
  • 7 एवं 22 अक्टूबर: विभिन्न केंद्रों पर प्रदर्शन।
  • 26 अक्टूबर 2026 से: अनिश्चितकालीन हड़ताल।

UFBU ने अपने सभी घटक संगठनों एवं बैंक कर्मचारियों से आंदोलन के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करने का आह्वान किया है। UFBU का कहना है कि कर्मचारियों के वेतन, अवकाश, स्थानांतरण संरक्षण, पदोन्नति एवं पेंशन जैसी सुविधाएं लंबे समय के सामूहिक संघर्ष एवं द्विपक्षीय वार्ता से हासिल हुई हैं और बैंकिंग क्षेत्र में एकता एवं सामूहिक सौदेबाजी की भावना को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

कृषि विभाग मे प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण , अभ्यर्थियों के खिले चेहरे

हाथरस। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग मे प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, मा0 जिलाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, जिलाधिकारी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित की उपस्थिति में किया गया।
प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा के अन्तर्गत कृषि निदेशक, कृषि विभाग, उ0प्र0 के नियंत्रणाधीन प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद हेतु उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा दिनांक 23.06.2026 को घोषित परिणाम के अन्तर्गत कुल 3446 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1600 चयनित अभ्यर्थियों को इन्दिरा गाँधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में मा० मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश के कर-कमलों द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित कर शुभारंभ किया। जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदर्शित किया गया। जिसे उपस्थित मा0 जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, उपस्थित चयनित अभ्यर्थियों आदि ने देखा और सुना।


इस मौके पर मा0 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के योग्य अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर नियुक्तियां प्रदान की जा रही हैं। वर्तमान समय में युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी सेवा में आने के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण का जो संकल्प लिया गया है, उसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्राविधिक सहायक के रूप में आप सभी को ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के बीच जाकर कार्य करने का अवसर मिलेगा। किसानों को कृषि की नवीन तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी का सपना उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का है और नवनियुक्त प्राविधिक सहायक इस संकल्प को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण सहयोगी बनेंगे। उन्होंने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्य परायणता के साथ कार्य करते हुए किसानों एवं आमजन की सेवा करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित मा0 जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जनपद में 23 नवनियुक्त तकनीकी सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि आज उनके जीवन में एक नये पड़ाव की शुरुआत हो रही है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल सरकारी नौकरी हासिल करना नहीं, बल्कि वर्षों की तपस्या, परिश्रम और माता-पिता के अच्छे कर्मों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग सीधे देश की अर्थव्यवस्था और किसान से जुड़ा है, इसलिए तकनीकी सहायक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि में ड्रोन तकनीक, मिट्टी की जांच, फसल के अनुरूप उर्वरक की सलाह तथा किसान और मंडी के बीच बेहतर समन्वय जैसी व्यवस्थाओं का उपयोग बढ़ रहा है। युवा तकनीकी सहायक नई तकनीकों को सीखकर किसानों के हित में उनका प्रभावी उपयोग करें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नवनियुक्त तकनीकी सहायकों की न्याय पंचायतवार तैनाती तथा आवश्यक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी सहित किसानों से जुड़े कार्यों को केवल सतही तौर पर न देखें, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर उनकी वास्तविक स्थिति समझें। उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में सम्मान पद के कारण मिलेगा, लेकिन भविष्य में सम्मान आपके कार्य, व्यवहार और कार्यशैली से मिलेगा। इसलिए सभी अपने आचरण में सरकार की सेवा भावना और मूल्यों को अपनाते हुए कार्य करें। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक कृषि ने बताया कि प्रदेश में 3446 तकनीकी सहायकों की नियुक्ति की गई है, जिनमें जनपद हाथरस में 23 तकनीकी सहायक नियुक्त हुए हैं। इनके माध्यम से कृषि विभाग की योजनाओं, प्रशिक्षण, गोष्ठियों, प्रदर्शन, फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे जैसे कार्यों को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। नियुक्त तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण के बाद क्षेत्र में कार्य सौंपा जाएगा।
इस मौके पर चयनित अभ्यर्थियों ने अपना परिचय के साथ ही, शैक्षिक योग्यता एवं किस जनपद के निवासी है आदि के बारे में जानकारी दी तथा भर्ती प्रक्रिया प्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।

इस मौके पर उप निदेशक कृषि, जिला सूचना अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, चयनित अभ्यर्थी आदि उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page