Breaking News
पुष्टाहार से पौष्टिक व्यंजन बनाने की कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित , मुख्य विकास अधिकारी ने विजेता आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया पुरस्कृत

हाथरस। निदेशक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में विकास भवन सभागार, हाथरस में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मध्य पुष्टाहार से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने संबंधी कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने की।

प्रतियोगिता में जनपद की आठ बाल विकास परियोजनाओं से कुल 25 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया। कार्यकत्रियों ने पुष्टाहार से तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक, स्वादिष्ट एवं सरल व्यंजनों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे पुष्टाहार के उपयोग को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने के साथ-साथ नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देना रहा।

उत्कृष्ट व्यंजन तैयार करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से कहा कि प्रतियोगिता में प्रदर्शित पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि वे इन्हें अपने घरों में आसानी से तैयार कर सकें।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पुष्टाहार का उचित एवं नियमित सेवन बच्चों और माताओं के समुचित पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कार्यकत्रियों से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री के साथ पुष्टाहार का बेहतर समायोजन करते हुए अधिक से अधिक रुचिकर एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार करने के लिए लाभार्थियों को प्रेरित करने को कहा।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page