Breaking News
नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मौहा मन , संविलियन विद्यालय कोटा में बालवाटिका एवं नवारम्भ वार्षिकोत्सव का आयोजन

हाथरस। संविलियन विद्यालय कोटा में बालवाटिका एवं नवारम्भ वार्षिकोत्सव अत्यंत उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ गिरिराज सिंह खंड शिक्षा अधिकारी एवं योगेश कुशवाह प्रधान द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को ज्ञान और संस्कृति की सुगंध से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। बालवाटिका के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, समूह नृत्य, कविताएँ एवं लघु नाटिकाएँ प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का हृदय जीत लिया। बच्चों की मासूम अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और मंच संचालन की दक्षता देखने योग्य रही।
विद्यालय परिवार द्वारा नवारम्भ कार्यक्रम के अंतर्गत नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, पुष्पवर्षा एवं मधुर स्वागत गीतों के साथ अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। अभिभावकों ने अपने बच्चों की प्रस्तुतियों पर उत्साहपूर्वक तालियाँ बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
गिरिराज सिंह खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान ने अपने संबोधन में बाल शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रारम्भिक शिक्षा ही बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग और विद्यार्थियों के अनुशासन की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावकगण एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह वार्षिकोत्सव न केवल बच्चों की प्रतिभा प्रदर्शन का मंच बना, बल्कि विद्यालय परिवार के बीच सहयोग, स्नेह और उत्साह का सुंदर संदेश भी दे गया।इस अवसर पर सूरज सिंह अध्यक्ष, डॉ अनिल शर्मा,जितेंद्र शर्मा ,नीरज कुमार, लोकेंद्र सिंह,सरिता शर्मा,प्रियंका माहेश्वरी, शिल्पी गौड़,अर्चना भारद्वाज ,मुकेश कुमार, अमर सिंह,रजनी देवी, प्रकाशी देवी आदि शिक्षक शिक्षिकाए उपस्थित रहे।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page