Breaking News
करवन नदी के तट पर चला साफ-सफाई अभियान

हाथरस। जिला गंगा समिति, विकास खंड मुरसान के करवन नदी पटेनी पुल के निकट गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, बच्चों एवं विभागीय कर्मचारियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम की शुरुआत करवन नदी के तट पर साफ-सफाई अभियान से की गई। सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर नदी किनारे जमा कचरे को हटाया और स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही लोगों को नदी संरक्षण एवं पर्यावरण बचाने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री अमित मोहन गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि नदियों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदी में कूड़ा न डालें और आसपास स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने बच्चों को भी पर्यावरण संरक्षण में आगे आने के लिए प्रेरित किया।ग्राम प्रधान ने अपने वक्तव्य में कहा कि गांव स्तर पर स्वच्छता अभियान को निरंतर चलाया जाएगा और सभी ग्रामीण मिलकर नदी को साफ रखने का संकल्प लें। उन्होंने ग्रामवासियों से सहयोग की अपील की।जिला परियोजना अधिकारी ने गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और सामूहिक प्रयास से ही नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने गंगा स्वच्छता की शपथ ली। अंत में ग्रामीणों को भोजन पैकेट वितरित किए गए।

इस मौके पर ग्राम प्रधान, ग्राम सभा सदस्य, क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री अमित मोहन गौड़, जिला परियोजना अधिकारी, वन दरोगा, वन रेंज स्टाफ, स्कूल के बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page