Breaking News
लक्खी मेला में ब्रह्माकुमारी शिविर का 17 सितंबर को होगा शुभारंभ

हाथरस। लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के मेला पंडाल में ब्रह्माकुमारी शिविर का शुभारंभ 17 सितंबर को सायं 7:30 बजे किया जाएगा। शिविर में चरित्र निर्माण एवं मूल्य आधारित आध्यात्मिक प्रदर्शनी के साथ स्वर्ग का मनोरम दृश्य भी देखने को मिलेगा। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को श्रेष्ठ संस्कार, सकारात्मक जीवनशैली एवं चरित्र निर्माण का संदेश दिया जाएगा।

जिले की प्रभारी राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में 22 सितंबर से विभिन्न वर्गों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन सायं 3 बजे से होने वाले इन कार्यक्रमों में समाज के विभिन्न वर्गों को आध्यात्मिक मूल्यों एवं सकारात्मक जीवन के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 22 सितंबर को महिला सशक्तिकरण सम्मेलन, 23 सितंबर को युवा सम्मेलन, 24 सितंबर को समाजसेवी सम्मेलन, 25 सितंबर को सर्वधर्म सम्मेलन, 26 सितंबर को शिक्षक सम्मेलन, 27 सितंबर को स्वास्थ्य सम्मेलन, 28 सितंबर को कवि सम्मेलन, 29 सितंबर को सांस्कृतिक संध्या तथा 30 सितंबर को अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित होगा। इसके बाद 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम तथा 4 अक्टूबर को ब्रह्माकुमारी शिविर का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

बीके सीता दीदी ने हाथरस सहित आसपास के सभी जनमानस से शिविर में पहुंचकर आध्यात्मिक एवं चरित्र निर्माण प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने सभी लोगों को शिविर में सादर आमंत्रित करते हुए कहा कि यह आयोजन श्रेष्ठ संस्कारों, सकारात्मक सोच और मूल्यनिष्ठ जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश देगा।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page