Breaking News
त्वरित आर्थिक विकास योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने तथा धीमी प्रगति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम लोक निर्माण विभाग द्वारा त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत कराए जा रहे 05 कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान 04 कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। वहीं मढ़ाका हनुमान मंदिर से पट्टी शक्ति सोरई संपर्क मार्ग के कार्य में केवल मिट्टी का कार्य पूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में प्रस्तुत की गई पीपीटी में बिना कॉर्डिनेट्स वाले फोटोग्राफ लगाए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में पीपीटी में केवल कॉर्डिनेट्स वाले फोटोग्राफ ही प्रस्तुत किए जाएं, जिनमें संबंधित सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता भी उपस्थित हों। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी बैठक के लिए कॉर्डिनेट्स वाले फोटोग्राफ सहित बुकलेट तैयार कर आज शाम तक उपलब्ध कराई जाए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। विभाग द्वारा हाथरस में 07 तथा सिकन्द्राराऊ में 08 कार्य कराए जा रहे हैं। समीक्षा के दौरान मात्र 02 कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई, जबकि शेष कार्यों की प्रगति काफी धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने संबंधित मार्गों पर कार्य करा रहे अवर अभियंताओं से कार्यों की भौतिक प्रगति के संबंध में जानकारी ली। अवर अभियंताओं द्वारा संतोषजनक उत्तर न दिए जाने पर उन्होंने अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत चल रहे सभी कार्यों को दिसंबर 2026 तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराया जाए। साथ ही कार्यों की नियमित रूप से स्थलीय समीक्षा करते हुए प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी एवं अभियंता कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं भौतिक प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित दोनों विभागों के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page