प्रेम रघु के डायरेक्टर डॉ. पी.पी. सिंह को डॉ. वी.डी. गुप्ता स्मृति सम्मान
सेवा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सदैव याद किए जाएंगे डॉ. गुप्ता
हाथरस। शहर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं राज्य अध्यापक तथा एशिया पैसिफिक अवार्ड से सम्मानित पूर्व प्रधानाचार्य उषा गुप्ता के पति डॉ. वी.डी. गुप्ता का स्मृति दिवस अपना घर आश्रम में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना घर आश्रम के अध्यक्ष दिलीप पोद्दार एडवोकेट ने की तथा संचालन ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष एवं अपना घर आश्रम के सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने किया।
इस अवसर पर डॉ. वी.डी. गुप्ता स्मृति सम्मान से प्रेम रघु के डायरेक्टर डॉ. पी.पी. सिंह को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. पी.पी. सिंह ने कहा कि डॉ. वी.डी. गुप्ता जैसे सेवाभावी और ईमानदार चिकित्सक की स्मृति में दिया गया सम्मान उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. गुप्ता ने चिकित्सा को केवल पेशा नहीं बल्कि समाजसेवा का माध्यम माना और अपने व्यवहार एवं कार्यों से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। यह सम्मान उन्हें समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करेगा।

प्रमुख समाजसेवी अनिल वार्ष्णेय ‘तेल वाले’, अपना घर आश्रम के संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय एवं ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष पं. अविनाश चंद्र पचौरी ने कहा कि डॉ. वी.डी. गुप्ता अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सरल व्यवहार और चिकित्सा के प्रति समर्पण के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में रहते हुए मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
कार्यक्रम में आशु कवि अनिल बोहरे एवं कवयित्री मीरा दीक्षित ने काव्यमयी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. वी.डी. गुप्ता के व्यक्तित्व और सेवाभाव को याद किया। कवियों ने कहा कि कुछ व्यक्तित्व अपने जाने के बाद भी अपने कार्यों और संस्कारों के माध्यम से समाज में जीवित रहते हैं। डॉ. गुप्ता भी ऐसे ही व्यक्तित्व थे, जिनकी स्मृतियां लोगों को सदैव सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी।
इस अवसर पर ओम प्रकाश गुप्ता, अनिल कुमार अग्रवाल, राकेश कुमार अग्रवाल, मिथिलेश वार्ष्णेय, वंदना वार्ष्णेय, आनंद गोयल, सिंटू कुमार, सीमा दिवाकर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

