Breaking News
गणेश चतुर्थी पर जिलाधिकारी ने की श्री दाऊजी महाराज मंदिर में पूजा, ध्वज फहराकर मेले की परंपरा का किया शुभारंभ

हाथरस। गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने ब्रज क्षेत्र के सुप्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेले की परंपरा का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रार्थना की कि यह ऐतिहासिक मेला सकुशल और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो। पूजा के दौरान पूरा मंदिर परिसर शंखनाद और घंटों की गूंज से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
पूजन के उपरांत मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया गया, जो मेले की शुरुआत का एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतीक माना जाता है। ध्वजारोहण के साथ ही श्री दाऊजी महाराज के ऐतिहासिक मेले का अनौपचारिक प्रारंभ हुआ। मेले का विधिवत शुभारंभ 17 सितम्बर, 2026 को देवछठ के दिन किया जाएगा। उन्होंने मेला प्रांगण स्थित श्री वेद भगवान मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर सभी उपस्थितजन एवं जनपदवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं (स्काउट-गाइड) ने बैंड की मधुर धुनों पर जिलाधिकारी का स्वागत किया। तत्पश्चात् जिलाधिकारी ने रिसीवर कैंप में स्कूली छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया।इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, श्रद्धालु सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार, छायाकार बंधु एवं गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page