राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने का आह्वान, पदाधिकारियों ने पार्टी की नीतियों और विजन से कराया अवगत
हाथरस। सासनी में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (आर.ए.एम.) पार्टी का कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन एवं बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य कविता तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति तिवारी, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष अरुण प्रताप शर्मा तथा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष विजय पाठक व पूनम शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि कविता तिवारी ने कार्यकर्ताओं के समक्ष पार्टी का विजन रखते हुए नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी की लड़ाई किसी जाति या धर्म के नाम पर नहीं है। यूजीसी रोलबैक के मुद्दे को लेकर उन्होंने सरकार से संबंधित कानून को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी होने तक पार्टी का जनसंपर्क एवं संगठनात्मक अभियान जारी रहेगा।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति तिवारी ने मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा उत्तर प्रदेश में राजनीतिक विकल्प के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष अरुण प्रताप शर्मा ने हाथरस जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा के संगठनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले संजीव गोयल ने जिलाध्यक्ष के निर्देशन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के नामों की घोषणा की तथा उन्हें परिचय पत्र एवं घोषणापत्र वितरित किए।
अंत में जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने कहा कि हाथरस जिले में पार्टी का संगठन लगातार विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए आयोजक मंडल एवं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कालू पंडित, सोनू गौतम, प्रदीप शर्मा, मनोज उपाध्याय, दीनू पंडित, ऋषभ गौतम, अरुण शर्मा, मुकेश कुमार, ऋतु कुमार गौतम, जय नारायण शर्मा, निकिता शर्मा, भारती पाठक, कुमकुम ठाकुर, प्रेमलता, गुड़िया चौधरी, आर्यन उपाध्याय, योगेश वार्ष्णेय, राहुल कुमार, ललतेश सक्सेना, विवेक कुमार, सपना, सीमा पाण्डे, हरेन्द्र उपाध्याय, कुलदीप शर्मा, उज्ज्वल गौतम, सौरभ पाराशर, अभिषेक पाठक, संजय श्रोती, कौशल शर्मा, नरेश गुप्ता, जितेन्द्र उपाध्याय, योगेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

