Breaking News
पटाखा गोदाम का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन के दिए निर्देश

हाथरस। आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ गुमानापुर, कोटा-मथुरा रोड स्थित मैसर्स प्रदीप जनरल स्टोर के पटाखा गोदाम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में पटाखों के भंडारण, अग्निशमन उपकरण, फायर हाइड्रेंट, पानी की टंकी, प्रेशर पंप सहित अन्य सुरक्षा संसाधनों की जांच की गई। डीएम ने पटाखों की पैकिंग पर अंकित निर्माण तिथि, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों के प्रशिक्षण तथा आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी जानकारी ली।

गोदाम संचालक ने बताया कि परिसर में 30 स्टोर रूम/मैगजीन हैं तथा लगभग 1.25 लाख किलोग्राम पटाखों के भंडारण का लाइसेंस है। गोदाम से लाइसेंसधारी रिटेलर एवं सेमी-होलसेलर को पटाखों की आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण में प्रमुख सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरण सदैव क्रियाशील रहें, कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाए तथा पटाखों का परिवहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिक्री केवल लाइसेंसधारी एवं अनुमति प्राप्त व्यक्तियों को ही की जाए तथा नो-स्मोकिंग क्षेत्र सहित सभी सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन हो।

डीएम ने कहा कि जनपद में पटाखों के भंडारण एवं कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान चलाया जा रहा है। आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण, निर्माण या कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी सुरक्षित तरीके से पटाखों की खरीद एवं उपयोग करने तथा अवैध भंडारण या बिक्री की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि./रा., अग्निशमन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page