Breaking News
5-दिवसीय बैंकिंग और समान PLI की मांग के लिए बैंककर्मी सड़क पर, हाथरस में गूंजा संघर्ष का स्वर

हाथरस। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर बैंकिंग उद्योग के सात प्रमुख घटक संगठनों द्वारा विभिन्न लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर आज 11 सितंबर 2026 को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आयोजन किया गया। हड़ताल के समर्थन में हाथरस में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय, अलीगढ़ रोड के समक्ष जोरदार प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की ।
प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख रूप से “5-दिवसीय बैंकिंग लागू करो” तथा “PLI में भेदभाव बंद करो” के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिनके समाधान के लिए लगातार संगठनात्मक एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं ।
वक्ताओं ने कहा कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) एवं चार अधिकारी संगठनों के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MOU) में लंबित मुद्दों के समाधान के लिए छह माह की समय-सीमा निर्धारित किए जाने का आश्वासन दिया गया था। इनमें 5-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, विनियमित कार्य घंटे, सभी बैंककर्मियों के लिए समान PLI, पेंशन अपडेशन तथा निजी क्षेत्र के बैंकों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अनुग्रह राशि का भुगतान सहित अन्य मांगें शामिल थीं । बैंककर्मिओं का आरोप है कि इन मुद्दों पर अपेक्षित गति से कार्रवाई नहीं हुई है ।
वक्ताओं ने बताया कि यूएफबीयू द्वारा 24 एवं 25 मार्च 2025 को प्रस्तावित हड़ताल सरकार एवं IBA के आश्वासन के बाद स्थगित की गई थी। मांगों पर अपेक्षित प्रगति न होने के कारण 27 जनवरी 2026 को पुनः हड़ताल का सहारा लेना पड़ा। संगठनों द्वारा “राइट टू डिस्कनेक्ट” सहित कर्मचारियों के कार्य-जीवन संतुलन से जुड़े मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं ।


5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के संबंध में वक्ताओं ने कहा कि यह मांग नई नहीं है। वर्ष 2015 में दूसरे एवं चौथे शनिवार को अवकाश की व्यवस्था लागू होने के बाद से ही पांच-दिवसीय बैंकिंग की मांग लगातार उठाई जाती रही है। यूनियनों का कहना है कि पांच-दिवसीय बैंकिंग लागू होने की स्थिति में प्रतिदिन कार्य अवधि में लगभग 40 मिनट की वृद्धि के माध्यम से साप्ताहिक कार्य समय को यथासंभव संतुलित रखा जा सकता है ।
UFBU पदाधिकारियों ने कहा कि 5-दिवसीय बैंकिंग संबंधी प्रस्ताव IBA द्वारा सरकार को भेजा जा चुका है और यह प्रस्ताव 7 दिसंबर 2023 को IBA एवं UFBU के बीच हुए समझौते तथा उसके आधार पर 8 मार्च 2024 को जारी संयुक्त नोट से संबंधित है। प्रस्ताव पर सरकार की अंतिम स्वीकृति अभी अपेक्षित है ।
सभा को संबोधित करते हुए UFBU के जिला सह-संयोजक पुष्पांकर जैन, जिला अध्यक्ष अजय कुमार (UPBEU), उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी एसोसिएशन हाथरस इकाई के अध्यक्ष संजीव विश्नावत, अधिकारी यूनियन के सौरभ राजपूत, SBI अधिकारी यूनियन के मंत्री प्रवीण सिंह, जिला मंत्री विष्णु चौधरी, यूपी बैंक एम्प्लाई यूनियन के जिला मंत्री राजेंद्र सिंह तथा संयुक्त मंत्री निशांत वार्ष्णेय ने बैंककर्मियों से एकजुट होकर संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया ।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि 5-दिवसीय बैंकिंग लागू करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली तथा PLI में भेदभाव समाप्त करने सहित अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके तहत 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय हड़ताल तथा 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया गया है ।
प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए मांगों के समर्थन में नारे लगाए और लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की ।
इस अवसर पर डी.सी. गुप्ता, जी.के. शर्मा, अमन शर्मा, श्रीकांत गर्ग, उमा शंकर जैन , चंद्रशेखर , रजत चौधरी , भीकम सिंह, सुशील शर्मा , आकाश परमार,विजय दुबे , रिंकू , संजू चौधरी , रामहरी , अमर सिंह, नरेंद्र कुमार, धनवीर सिंह , हरि कृष्ण , दीपू , अभिषक चौधरी , बी.पी. अग्रवाल , मांडवी , प्राची , महेश बाबू , रमाकांत , राम , सुभाष , शंकरलाल , जगमोहन , राकेश अग्रवाल , राजेश , करतार सिंह , पवन कुमार सहित सैकड़ों संख्या में बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page