व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक ,बड़ी संख्या में व्यापारी फिरोजाबाद की प्रांतीय बैठक में होंगे शामिल
हाथरस। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश की एक विशेष बैठक शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर सिटी प्लाजा स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में आगामी रविवार को फिरोजाबाद में होने वाली प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में जिले से अधिक से अधिक व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की गई।
बैठक में अलीगढ़ के एमएलसी ऋषिपाल सिंह ने व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, परेशानियों एवं अपेक्षाओं को सुना और समझा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं व्यापारी होने के नाते व्यापारियों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और हर समय व्यापार मंडल के साथ खड़े हैं। उन्होंने व्यापारियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री कपिल अग्रवाल ने अपनी पूरी टीम के साथ एमएलसी ऋषिपाल सिंह का भव्य स्वागत किया। प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने फिरोजाबाद में आयोजित होने वाली प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को जिले से बड़ी संख्या में व्यापारी फिरोजाबाद के लिए रवाना होंगे।
बैठक में उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ‘राया वाले’, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला चेयरमैन गोविंद प्रसाद अग्रवाल, प्रदेश मंत्री कपिल अग्रवाल, जिला महामंत्री नितिन वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष मनोज बूटियां, उद्योग मंच से अनूप अग्रवाल, युवा व्यापार मंडल से गौरांग अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, धैर्य अग्रवाल, लाला बाबू एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता रामकुमार वर्मा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

