Breaking News
नर सेवा ही नारायण सेवा, जरूरतमंदों की मदद सबसे बड़ा पुण्य कार्य ,एसडीएम ने दिव्यांग मरीजों को निशुल्क ऑपरेशन के लिए उदयपुर किया रवाना

हाथरस। अलीगढ़ रोड स्थित एलआईसी के निकट नारायण सेवा संस्थान के केंद्र से दिव्यांग मरीजों को निशुल्क ऑपरेशन के लिए उदयपुर रवाना किया गया। उप जिलाधिकारी सदर राज बहादुर ने हरी झंडी दिखाकर मरीजों को रवाना किया।
इस अवसर पर एसडीएम राज बहादुर ने कहा कि केंद्र पर प्रतिदिन 60 से 70 लोगों की निशुल्क फिजियोथेरेपी की जा रही है। इससे बड़ा मानव सेवा का कार्य दूसरा नहीं हो सकता। आज के समय में मानव सेवा करना कठिन कार्य है और जो लोग इससे जुड़े हुए हैं, वे निश्चित रूप से ईश्वर की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि असली नारायण की सेवा करनी है तो नर सेवा सबसे महत्वपूर्ण है। मनुष्य को नर-नारायण के रूप में माना गया है। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों की मदद करना सबसे बड़ा सेवा कार्य है।
उन्होंने पिछले नौ वर्षों से नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर को शहर के मुख्य मार्ग पर निशुल्क स्थान उपलब्ध कराने के लिए पिंकी रबर उद्योग एवं पिंकी फूड के संचालक अरुण गर्ग, अभय गर्ग एवं अनुज गर्ग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्यों से समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है और ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने स्वयं भी सेवा कार्यों में सहयोग के लिए तत्पर रहने की बात कही।


भारतीय जीवन बीमा निगम के सेवानिवृत्त डिप्टी मैनेजर जेपी अग्रवाल ने बताया कि नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर पिछले करीब 40 वर्षों से दिव्यांगजनों की सेवा में जुटा है। संस्थान में दिव्यांग मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन किए जाते हैं। सामान्य तौर पर उदयपुर में ऑपरेशन के लिए मरीजों को पांच से छह माह तक इंतजार करना पड़ता है, लेकिन हाथरस से संस्थान के माध्यम से ले जाए जा रहे मरीजों के ऑपरेशन प्राथमिकता के आधार पर निशुल्क कराए जाएंगे। मरीजों और उनके साथ जाने वाले तीमारदारों के लिए रहने व भोजन की व्यवस्था भी निशुल्क रहेगी। स्थानीय स्तर से मरीजों एवं उनके साथ जाने वाले 18 तीमारदारों के आवागमन की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई गई है, ताकि गरीब परिवारों पर कोई आर्थिक बोझ न पड़े।
फेम के जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि पिंकी ग्रुप के संचालक परिवार द्वारा लंबे समय से समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभाई जा रही है। पूरा परिवार जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित है।
प्रेस क्लब ऑफ हाथरस के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने नारायण सेवा संस्थान द्वारा हाथरस में निशुल्क फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख उद्यमी अरुण गर्ग एवं अभय गर्ग के प्रयासों की सराहना की।
इससे पूर्व एसडीएम राज बहादुर का मरीजों को उदयपुर ले जाने वाले जेपी अग्रवाल, डॉ. धनेन्द्र कुमार, अरुण गर्ग, अभय गर्ग, पिंकी गर्ग, सुरेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल एवं विजय जैन लोहिया ने फूलमाला पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।
इस मौके पर निशांत अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, राजेश मिश्रा, ओपी वर्मा, पराग गर्ग, पुनीत गर्ग, शुभम गर्ग, सहायक सतीश कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन उमाशंकर जैन ने किया।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page